आज की टॉप खबरें: 1 सितंबर के देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन के सभी बड़े अपडेट

1 सितंबर को देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में कई अहम घटनाक्रम सुर्खियों में रहे। भारतीय नौसेना में आईएनएस निपुण की कमीशनिंग, देश में बारिश और मौसम से जुड़े अपडेट, अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और कारोबार की खबरों के साथ खेल जगत में लियोनेल मेसी के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास और अन्य बड़े मुकाबले चर्चा में रहे। जानिए 1 सितंबर की उन सभी बड़ी खबरों का पूरा अपडेट, जो दिनभर सुर्खियों में रहीं।

Palak Gupta

1 सितम्बर 2026

1 min read
आज की टॉप खबरें: 1 सितंबर के देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन के सभी बड़े अपडेट

1. SCO मंच से PM मोदी का आतंकवाद पर कड़ा संदेश, शहबाज शरीफ की मौजूदगी में पाकिस्तान को सुनाई खरी-खरी

बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ा संदेश दिया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंड की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। पीएम मोदी ने SCO देशों से आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने की अपील की। इसमें आतंकियों की फंडिंग, भर्ती, कट्टरपंथ फैलाने और सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई की बात कही गई है। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद और सीमा पार अपराधों से निपटना क्षेत्र की सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए जरूरी है।

2. सुकन्या समृद्धि खाते से कब निकाल सकते हैं पैसा? 18 साल के बाद मिल सकती है 50% तक रकम

सुकन्या समृद्धि योजना में जमा पैसा बेटी की पढ़ाई और भविष्य के लिए रखा जाता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर 18 साल की उम्र के बाद खाते से आंशिक रकम निकाली जा सकती है। नियमों के मुताबिक, बेटी के 18 साल की होने या 10वीं कक्षा पास करने के बाद, इनमें से जो पहले हो, उच्च शिक्षा के लिए खाते में जमा रकम का अधिकतम 50 प्रतिशत निकाला जा सकता है।

स्थितिपैसा निकालने का नियम
18 साल की उम्र या 10वीं पासउच्च शिक्षा के लिए अधिकतम 50% रकम निकाली जा सकती है
18 साल से पहलेसामान्य स्थिति में निकासी की अनुमति नहीं
उच्च शिक्षाफीस या दूसरे जरूरी शिक्षा खर्च के लिए निकासी
खाता परिपक्व होने परखाते की पूरी जमा रकम और ब्याज मिल सकता है
समय से पहले खाता बंदनियमों में बताई गई विशेष परिस्थितियों में ही संभव

3. भारत में कैसे होंगे प्लास्टिक के नोट? जानें जानवरों की चर्बी को लेकर RBI ने क्या रखी है शर्त

भारत में अब कागज के बजाय प्लास्टिक यानी पॉलिमर नोट लाने की तैयारी आगे बढ़ गई है। भारतीय रिजर्व बैंक की सहायक कंपनी BRBNMPL ने पॉलिमर शीट की खरीद के लिए वैश्विक निविदा प्रक्रिया शुरू की है। RBI के मुताबिक, कम मूल्य वाले नोट सबसे ज्यादा हाथ बदलते हैं, इसलिए इनकी उम्र बढ़ाने से नोटों की छपाई और बदलने का खर्च भी कम हो सकता है। पॉलिमर नोटों को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि इन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री में जानवरों की चर्बी यानी टैलो का इस्तेमाल न हो। BRBNMPL की निविदा में पॉलिमर शीट के लिए जानवरों की चर्बी से मुक्त सामग्री की शर्त रखी गई है। इसका मतलब है कि भारत में इस्तेमाल होने वाली इन नोटों की पॉलिमर शीट तैयार करते समय टैलो का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

4. स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल, घर पर ऐसे बनाएं अंकुरित गेहूं का पौष्टिक हलवा

अंकुरित गेहूं से बना हलवा सामान्य हलवे से थोड़ा अलग होता है और इसे पौष्टिक नाश्ते या मिठाई के तौर पर खाया जा सकता है। गेहूं को अंकुरित करने के बाद इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर के लिए आसानी से उपलब्ध हो सकते हैं।

अंकुरित गेहूं का पौष्टिक हलवा बनाने की रेसिपी

  1. गेहूं को तैयार करें: सबसे पहले गेहूं को अच्छी तरह धोकर 8-10 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद पानी निकालकर गेहूं को साफ कपड़े में बांधकर करीब 24 घंटे रखें, ताकि इसमें छोटे अंकुर निकल आएं।
  2. गेहूं पीसें: अंकुर निकलने के बाद गेहूं को मिक्सर में डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और मोटा पेस्ट तैयार कर लें।
  3. अच्छी तरह भूनें: कड़ाही में 1-2 चम्मच घी गर्म करें और इसमें गेहूं का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। कच्ची महक खत्म होने तक इसे पकाएं।
  4. दूध डालकर पकाएं: अब इसमें जरूरत के अनुसार दूध डालें और लगातार चलाते रहें। हलवा गाढ़ा होने तक इसे धीमी आंच पर पकने दें।
  5. मिठास मिलाएं: हलवा गाढ़ा होने पर इसमें स्वाद के अनुसार गुड़ या चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। 2-3 मिनट और पकाएं।
  6. मेवे डालकर परोसें: आखिर में इलायची, कटे हुए बादाम, काजू और किशमिश डालें। अच्छी तरह मिलाकर गर्मागर्म हलवा परोसें।

यह भी पढ़ें: पिछली चेतावनी नहीं माने थे पुतिन, अब CIA चीफ की अचानक मॉस्को यात्रा ने बढ़ाया सस्पेंस

5. कौन हैं Apple के नए CEO जॉन टर्नस? मैकेनिकल इंजीनियर से कंपनी की कमान तक का सफर

Apple की कमान अब जॉन टर्नस के हाथों में आ गई है। 1 सितंबर 2026 से उन्होंने टिम कुक की जगह कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का पद संभाला है। टिम कुक अब एपल के कार्यकारी चेयरमैन की भूमिका में रहेंगे। एपल ने अप्रैल में ही CEO को बदलने की घोषणा कर दी थी। बता दें कि जॉन टर्नस 1997 में यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया। एपल में आने से पहले वह वर्चुअल रियलिटी उपकरणों से जुड़े काम कर चुके थे। 2001 में उन्होंने एपल जॉइन किया और हार्डवेयर इंजीनियरिंग टीम का हिस्सा बने। करीब 25 साल के सफर में उन्होंने आईपैड, मैक, एयरपॉड्स और एपल वॉच जैसे कई प्रमुख उत्पादों के हार्डवेयर विकास में अहम भूमिका निभाई। 2021 में उन्हें हार्डवेयर इंजीनियरिंग का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया था।

यह भी पढ़ें: रूस-यूक्रेन युद्ध में भारतीयों को लेकर बड़ा खुलासा, 51 की जान गई, 139 लौटे; विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

6. ट्रंप प्रशासन को बड़ा झटका, अमेरिकी आर्मी सेक्रेटरी डैन ड्रिस्कॉल ने दिया इस्तीफा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को बड़ा झटका लगा है। अमेरिका के सेना सचिव डैन ड्रिस्कॉल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। व्हाइट हाउस ने उनके जाने की पुष्टि करते हुए उनके कार्यकाल की तारीफ की है। ड्रिस्कॉल फरवरी 2025 से सेना सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे और करीब 18 महीने बाद उनका कार्यकाल खत्म हो रहा है। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी सेना के शीर्ष नेतृत्व में लगातार बदलाव हो रहे हैं।

7. गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट में इंजन की खराबी, उड़ान भरने के बाद करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई 2102 में मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी सामने आई। विमान के एक इंजन में समस्या की सूचना मिलने के बाद पायलटों ने सुरक्षा को देखते हुए विमान को वापस गोवा मोड़ दिया। इसके बाद मैनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में 229 यात्री सवार थे और सभी यात्री सुरक्षित हैं। इंडिगो के मुताबिक, विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही इसे दोबारा उड़ान के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है।

8. पलामू में खतरे के निशान के पार पहुंची सोन नदी, दो लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद हाई अलर्ट

पलामू के हुसैनाबाद इलाके में सोन नदी का जलस्तर मंगलवार सुबह खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। सुबह करीब 9 बजे नदी का जलस्तर 22 फीट दर्ज किया गया। पानी तेजी से बढ़ने के कारण सोन नदी के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। सोनपुरवा, पूर्णाडीह, देवरी कला, बुधआ, बड़ेपुर और दंगवार जैसे इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है।

9. फसल बर्बाद कर रहे आवारा मवेशियों से परेशान किसान, सैकड़ों जानवर लेकर पहुंचे तहसील

आवारा मवेशियों से फसल बर्बाद होने की समस्या से परेशान किसानों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर उतर आया। किसान खेतों में घूम रहे सैकड़ों मवेशियों को अपने साथ लेकर तहसील पहुंच गए और प्रशासन के सामने अपनी परेशानी रखी। किसानों का कहना है कि दिन-रात मेहनत और पैसा लगाकर तैयार की गई फसल को मवेशियों के झुंड कुछ ही समय में खराब कर देते हैं। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से मवेशियों को सुरक्षित जगह पहुंचाने और खेतों की फसल बचाने के लिए जल्द ठोस व्यवस्था करने की मांग की। आवारा पशुओं से फसल नुकसान को लेकर किसानों के विरोध-प्रदर्शन के ऐसे मामले पहले भी सामने आते रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Gold Silver Price: सोने में नहीं आया बड़ा बदलाव, चांदी हुई महंगी; दिल्ली-मुंबई समेत शहरों के भाव जानें

10. Parle Biscuits की कमान जॉर्ज कूवर के हाथ, कंपनी ने बनाया नया CEO

पारले बिस्कुट ने जॉर्ज कोवूर को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 1 सितंबर 2026 से प्रभावी हो गई है। खास बात यह है कि कोवूर पारले बिस्कुट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। वह ऐसे समय कंपनी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जब पारले बदलती ग्राहक पसंद के बीच अपने कारोबार को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। पारले में आने से पहले उन्होंने पेप्सिको में लंबा समय बिताया और भारत, चीन, एशिया-प्रशांत क्षेत्र समेत कई बाजारों में अलग-अलग बड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।

11. कौशांबी पटाखा फैक्ट्री धमाके में 11 लोगों की मौत, PM मोदी से CM योगी तक ने जताया दुख

कौशांबी के मनौरी इलाके में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। राहत और बचाव टीमों ने मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए कई घंटे अभियान चलाया। शुरुआती जांच में फैक्ट्री के अवैध तरीके से संचालित होने की बात सामने आई है और मामले में फैक्ट्री संचालक समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्रशासन ने हादसे के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

12. SCO में साथ दिखे मोदी-पुतिन-जिनपिंग, हंसते हुए बातचीत और हाथ थामे नजर आए तीनों नेता

बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक साथ नजर आए। तीनों नेताओं की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद यह मुलाकात चर्चा में है। मोदी ने पहले पुतिन और फिर जिनपिंग से गर्मजोशी से हाथ मिलाया और कुछ देर बातचीत भी की। तीनों नेताओं के बीच सहज माहौल नजर आया। मोदी, पुतिन और जिनपिंग की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत-चीन संबंधों में बातचीत का दौर आगे बढ़ रहा है और भारत-रूस के रिश्ते भी लगातार अहम बने हुए हैं।

13. कजली तीज पर खास अंदाज में सजा जोधपुर का गार्डन, पूजा के साथ सेल्फी और Reels का भी क्रेज

जोधपुर में कजली तीज का त्योहार इस बार भी उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के गार्डनों में महिलाओं ने सज-धजकर कजली माता की पूजा की और परिवार के साथ त्योहार का आनंद लिया। पूजा-पाठ के साथ महिलाओं में तस्वीरें खिंचवाने और सेल्फी लेने का भी खूब क्रेज नजर आया। कई युवतियों और महिलाओं ने सजावट और पारंपरिक परिधानों के साथ वीडियो बनाए और उन्हें रील्स के रूप में सोशल मीडिया पर साझा किया। गार्डन में त्योहार के माहौल को खास बनाने के लिए रंग-बिरंगी सजावट और झूलों की भी व्यवस्था की गई थी।

14. PM मोदी ने फिर दिया स्वदेशी अपनाने का संदेश, सोना खरीदने और विदेश में शादी करने से बचने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देशवासियों से स्वदेशी और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की है। मंगलवार को जारी अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि अगर बहुत जरूरी न हो तो सोना खरीदने से बचना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विदेशों में छुट्टियां मनाने और विदेशी धरती पर शादी करने के बजाय भारत में ही पर्यटन और शादी को बढ़ावा देने की बात कही।

यह भी पढ़ें: हैदराबाद में 21 साल की नर्स की बेरहमी से हत्या, यौन हमले के आरोप में आरोपी गिरफ्तार; ऐसे खुला राज

15. पाकिस्तान में ड्राइवरलेस कार का Demo पड़ा भारी, सिस्टम बिगड़ते ही पुलिस वैन से टकराई गाड़ी

पाकिस्तान के इस्लामाबाद में ड्राइवरलेस कार का प्रदर्शन उस समय चर्चा में आ गया, जब टेस्ट के दौरान कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और पुलिस की एक वैन से टकरा गई। घटना डी-चौक इलाके की बताई जा रही है। कार में पत्रकार मुहम्मद आलिजाह मौजूद थे और वह वाहन की तकनीक के बारे में जानकारी दे रहे थे। बताया गया कि कार को इंटरनेट कनेक्शन के जरिए दूर बैठे ऑपरेटर की मदद से चलाया जा रहा था। रुआत में कार सामान्य तरीके से चल रही थी, लेकिन अचानक कनेक्शन में दिक्कत आने के बाद उसका नियंत्रण बिगड़ गया। कार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह सड़क किनारे खड़ी पुलिस वैन से टकरा गई। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचा है।

16. रूसी सेना में शामिल भारतीयों पर विदेश मंत्रालय का अपडेट, 51 की मौत और 139 को किया गया डिस्चार्ज

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूसी सेना में शामिल हुए भारतीय नागरिकों को लेकर भारत सरकार ने गंभीर जानकारी सामने रखी है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने सोमवार को बयान दिया है कि रुसी सेना में भर्ती 227 भारतीय नागरिकों में से 50 जवानों की जान चली गई है और 139 को सेवा से मुक्त कर दिया गया है। यह जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किर्गिस्तान यात्रा के दौरान बिश्केक में विदेश मंत्रालय की विशेष ब्रीफिंग में सामने आई। सरकार ने साफ किया है कि रूस में अभी भी जिन भारतीयों के मामले बाकी हैं, उनकी रिहाई और भारत वापसी के लिए मॉस्को के साथ लगातार बातचीत की जा रही है।

17. मुंबई में दूध ₹9 प्रति लीटर महंगा, कीमत ₹100 के पार पहुंचने से आम लोगों की जेब पर बढ़ा बोझ

बई में 1 सितंबर से भैंस के दूध की थोक कीमत 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई है। बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने दर 93 रुपये से बढ़ाकर 102 रुपये प्रति लीटर कर दी है। यह नई दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। खुदरा बाजार में ग्राहकों को अब करीब 110 से 112 रुपये प्रति लीटर तक भुगतान करना पड़ सकता है। दूध उत्पादकों ने बढ़ती लागत को इस फैसले की वजह बताया है।

18. छात्रा से छेड़खानी के आरोप के बाद चाईबासा में बढ़ा विवाद, युवाओं पर हमला; BJP ने दी कार्रवाई की चेतावनी

चाईबासा में एक छात्रा से कथित छेड़खानी के बाद विवाद बढ़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कुछ युवाओं के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्रा से छेड़खानी की घटना के बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा और बाद में युवाओं के साथ मारपीट की गई। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाकर मामले से जुड़े लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें: होर्मुज की जंग का असर जॉर्डन तक, ईरान ने अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना; ट्रंप की बढ़ी चिंता

19. बच्चे के लिए खोज रहे हैं खास नाम? बेटे-बेटी के लिए देखें 60+ मॉडर्न और रॉयल नाम

बेटों के लिए मॉडर्न और रॉयल नाम

नामअर्थ
आरवशांत और बुद्धिमान
विहाननई सुबह
युवानयुवा और ऊर्जावान
रेयांशप्रकाश की किरण
अथर्वज्ञान और बुद्धि
अयानईश्वर का उपहार
रुद्रभगवान शिव का नाम
ईशानभगवान शिव
वीरबहादुर
राजवीरशाही और बहादुर
आर्यवश्रेष्ठ और सम्मानित
लक्ष्यउद्देश्य
दक्षकुशल और सक्षम
राघवभगवान राम
माधवभगवान कृष्ण
अद्वैतअद्वितीय
शौर्यवीरता
प्रणवपवित्र ओम
सम्राटराजा
युवराजराजकुमार
अमेयजिसकी कोई सीमा न हो
देवांशईश्वर का अंश
नक्षचंद्रमा
नीलनीला या भगवान शिव
कबीरमहान और शक्तिशाली
विहानसुबह की पहली किरण
अर्णवसमुद्र
ईशितश्रेष्ठ और इच्छित
शिवांशभगवान शिव का अंश
राजवर्धनराजसी वैभव बढ़ाने वाला

बेटियों के लिए मॉडर्न और रॉयल नाम

नामअर्थ
आहनाप्रकाश की पहली किरण
अनायाईश्वर की कृपा
अविकासूर्य की किरण
आराध्याजिसकी पूजा की जाए
अन्वीदेवी का नाम
मायराप्रिय और सुंदर
कियाराउज्ज्वल और सुंदर
इशिताश्रेष्ठ और सम्मानित
अदितिअसीम और स्वतंत्र
वान्याईश्वर का उपहार
सान्वीदेवी लक्ष्मी
रूहानीपवित्र और दिव्य
नव्यानई और सुंदर
वेदिकाज्ञान और चेतना
चार्वीसुंदर और आकर्षक
काव्याकविता
ईशानीदेवी पार्वती
आरवीशांति
अनिकासुंदर और आकर्षक
तारासितारा
रिद्धिमासमृद्धि
राजेश्वरीराजसी देवी
देविकाछोटी देवी
श्रेयाशुभ और श्रेष्ठ
समायरामनमोहक और सुंदर
नायराचमकदार और उज्ज्वल
अद्विकाअनोखी
आरोहीसंगीत की ऊंची स्वर लहर
परीसुंदर और प्यारी
राजन्याराजसी और गरिमामय
काश्वीचमकदार
ध्वनिआवाज
प्रिशाईश्वर का उपहार
लावण्यासुंदरता
तान्यापरी या राजकुमारी

यह भी पढ़ें: हिमाचल में आसमान से आफत! मानसून ने ली 253 जानें, 98 सड़कें बंद और 107 ट्रांसफॉर्मर ठप

20. WhatsApp के जमाने में चिट्ठियों की याद, World Letter Writing Day पर जानें क्यों खास था नीला लिफाफा

आज जब कुछ सेकंड में व्हाट्सऐप पर संदेश पहुंच जाता है, ऐसे समय में चिट्ठियों का दौर किसी पुरानी याद जैसा लगता है। हर साल 1 सितंबर को विश्व पत्र लेखन दिवस मनाया जाता है। कभी लोगों के लिए चिट्ठी ही दूर बैठे परिवार और दोस्तों से जुड़ने का सबसे बड़ा जरिया हुआ करती थी। डाकिया घर के दरवाजे पर आता था तो उसके हाथ में मौजूद लिफाफे को देखकर ही लोगों की उत्सुकता बढ़ जाती थी। खासकर नीला लिफाफा लंबे समय तक आम डाक की पहचान बना रहा। लोग उसमें अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और करीबियों के लिए बातें लिखकर भेजते थे। चिट्ठी आने का इंतजार भी अपने आप में एक अलग अनुभव था, क्योंकि जवाब मिलने में कई दिन या कभी-कभी हफ्ते लग जाते थे।

Palak Gupta
लेखक परिचय
Palak Gupta
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate,…और पढ़ें
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate, credible, and reader-centric reporting, driven by a commitment to ethical journalism and continuous professional growth.

Leave a Comment