1. झुंझुनूं निकाय चुनाव के बीच इनोवा से ₹7.70 लाख कैश बरामद, नासिक से आई गाड़ी के चालक से पूछताछ
झुंझुनूं में निकाय चुनाव के बीच एक इनोवा कार से 7.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी नासिक से आई थी। नकदी मिलने के बाद चुनावी निगरानी टीम ने वाहन को रोककर जांच की और चालक से पूछताछ शुरू कर दी। फिलहाल बरामद रकम के स्रोत और इसे झुंझुनूं लाने के कारणों की जांच की जा रही है। चुनाव के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी की बरामदगी को लेकर प्रशासन और निगरानी टीमें लगातार वाहनों की जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: आज की टॉप खबरें: 5 सितंबर के देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन के सभी बड़े अपडेट
2. थाने के गेट पर महिला सिपाही की गोली लगने से मौत, सिर के आर-पार हुई बुलेट; घटना पर उठे कई सवाल
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में मंगलवार सुबह थाने के गेट पर तैनात महिला सिपाही प्रियंका यादव की गोली लगने से मौत हो गई। सुबह अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर थाने में हड़कंप मच गया। साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो प्रियंका खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक गोली उनके गले में लगी और सिर को चीरते हुए बाहर निकल गई। प्रियंका ने पिछले साल ही पुलिस बल में नौकरी शुरू की थी।
3. TPE331 इंजन से लैस होगा स्वदेशी HTT-40, जानें कैसे मजबूत होगी भारतीय वायुसेना की ट्रेनिंग क्षमता
भारत का स्वदेशी एचटीटी-40 बेसिक ट्रेनर विमान अब हनीवेल के टीपीई331-12बी टर्बोप्रॉप इंजन से लैस होकर भारतीय वायुसेना की पायलट ट्रेनिंग क्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने की तैयारी में है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के मुताबिक एचटीटी-40 में यही इंजन लगाया गया है और विमान की अधिकतम रफ्तार करीब 450 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें ग्लास कॉकपिट और स्वदेशी एवियोनिक्स भी दिए गए हैं। भारतीय वायुसेना के लिए एचटीटी-40 इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह नए पायलटों की शुरुआती उड़ान ट्रेनिंग के लिए बनाया गया है। वायुसेना ने 70 एचटीटी-40 विमानों के लिए करीब 6,838 करोड़ रुपये का समझौता किया है।
4. हत्या के आरोपी को बचाने के बदले जमीन लेने का आरोप, जमानत खारिज होने के बाद निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया फरार
मध्य प्रदेश के कटनी में निलंबित नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन पर आरोप है कि हत्या के एक आरोपी को राहत दिलाने के बदले उसके परिवार पर जमीन का सौदा करने का दबाव बनाया गया। शिकायत के मुताबिक करीब 82 लाख रुपये कीमत की जमीन को कथित तौर पर करीब 18 लाख रुपये में बेचने के लिए दबाव बनाया गया। मामले में नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ कुठला थाने में एफआईआर दर्ज है। आरोप सामने आने के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने उन्हें ससपेंड कर दिया था।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में बैग फैक्ट्री धधकी, आग की ऊंची लपटों से दहशत; दीवार तोड़कर अंदर पहुंची दमकल
5. रेवाड़ी में BJP नेता के भतीजे की हत्या, दोस्त पर लगा आरोप; CCTV में कैद हुई वारदात
हरियाणा के रेवाड़ी में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष के भतीजे 40 वर्षीय जितेंद्र की हत्या का मामला सामने आया है। कमालपुर निवासी जितेंद्र सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी डेयरी जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बाद में बावल रोड स्थित एचपी तेल डिपो के पास उनका शव मिला। पुलिस को उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। मृतक के चाचा और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष उत्तम सिंह ने जितेंद्र के बचपन के दोस्त प्रवीण और उसके दो अन्य साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रवीण समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
6. जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन में शामिल नोएडा के छात्र को ₹5 लाख का नोटिस, शांति भंग से जुड़ा मामला
ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के छात्र अक्षत त्रिपाठी को दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन में शामिल होना भारी पड़ गया है। ग्रेटर नोएडा के कार्यपालक मजिस्ट्रेट ने उन्हें शांति भंग से जुड़े मामले में 5 लाख रुपये का नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 4 सितंबर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 130 के तहत ईकोटेक-1 थाने के एक सब-इंस्पेक्टर की रिपोर्ट के आधार पर जारी किया गया। अक्षत स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की उत्तर प्रदेश राज्य समिति के सदस्य भी बताए जा रहे हैं। उनका कहना है कि 20 जुलाई को CJP के संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हुए थे। नोटिस के बाद SFI ने भी कार्रवाई का विरोध किया है और इसे छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश बताया है।
7. क्या Delhi Capitals से अलग होंगे KL Rahul? टीम मालिक के पोस्ट पर जवाब से बढ़ी चर्चा
केएल राहुल के दिल्ली कैपिटल्स से अलग होने की अटकलों पर अब विराम लगता दिख रहा है। पिछले कुछ दिनों से ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि ऋषभ पंत की टीम में वापसी के बाद राहुल किसी दूसरी फ्रेंचाइजी, खासकर कोलकाता नाइट राइडर्स का रुख कर सकते हैं। इन चर्चाओं के बीच दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने राहुल को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने राहुल को टीम का अहम खिलाड़ी बताते हुए कहा कि उनके साथ अभी काफी काम बाकी है और टीम मिलकर दिल्ली को गौरवान्वित करने के लिए मेहनत करेगी।
8. बिहार में बढ़ा CBI की जांच का दायरा, सम्राट सरकार के फैसले के बाद जानें क्या बदलेगा
बिहार में सीबीआई की जांच को लेकर सम्राट चौधरी सरकार ने नई व्यवस्था लागू की है। 3 सितंबर को जारी गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, केंद्र सरकार के कर्मचारियों, केंद्र के नियंत्रण वाले सार्वजनिक उपक्रमों और निजी लोगों से जुड़े मामलों में सीबीआई को बिहार में जांच के लिए सामान्य सहमति दी गई है। ई व्यवस्था में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी कानून और भ्रष्टाचार निवारण कानून जैसे प्रावधानों के तहत आने वाले मामले भी शामिल हैं।
9. राहुल गांधी को बॉम्बे हाई कोर्ट से राहत नहीं, 2019 के मामले में समन रद्द करने से इनकार
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को 2019 के मानहानि मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित टिप्पणी से जुड़े मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट की ओर से जारी समन को रद्द करने से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति एन.आर. बोरकर की एकल पीठ ने राहुल गांधी की याचिका खारिज करते हुए कहा कि मजिस्ट्रेट के आदेश में ऐसी कोई कानूनी गलती या गंभीर खामी नहीं है, जिसके आधार पर उसमें दखल दिया जाए। हाई कोर्ट के इस फैसले के बाद राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की कार्यवाही जारी रहेगी। हालांकि, कोर्ट ने 2021 में दिए अपने पुराने निर्देश को बरकरार रखा है, जिसके तहत मजिस्ट्रेट कोर्ट में चल रही कार्यवाही को छह सप्ताह के लिए आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। इस दौरान राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट में फैसले को चुनौती दे सकते हैं।
10. केरल में सर्जरी के दौरान मरीज के पैर में छूटा लोहे का तार, 10 महीने बाद निकाला गया
केरल में सर्जरी के दौरान मरीज के पैर में लोहे का तार छूट जाने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद यह तार करीब 10 महीने तक मरीज के पैर में ही रहा। इस दौरान मरीज को लगातार दर्द और परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में जांच के दौरान शरीर के अंदर धातु का टुकड़ा होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद डॉक्टरों ने दोबारा प्रक्रिया कर उसे बाहर निकाला। मामले को लेकर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं, हालांकि अस्पताल की ओर से किसी तरह की लापरवाही की पुष्टि होना अभी बाकी है।
11. राहुल-प्रियंका से मिले पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन
पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने के बाद सचिन पायलट ने दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। बैठक में पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस ने हाल ही में भूपेश बघेल की जगह पायलट को पंजाब का प्रभारी बनाया है। पार्टी के सामने इस समय सबसे बड़ी चुनौती राज्य संगठन में चल रही अंदरूनी खींचतान को कम करना और नेताओं को एकजुट करना है। सचिन पायलट के सामने अब पंजाब कांग्रेस के अलग-अलग गुटों के बीच तालमेल बैठाने की बड़ी जिम्मेदारी है। प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खेमों के बीच मतभेद पार्टी के लिए लगातार चुनौती बने हुए हैं।
12. भारत-ईरान की नजदीकियों पर अमेरिका की नजर क्यों? SCO से चाबहार पोर्ट तक समझें पूरा समीकरण
भारत और ईरान के रिश्ते एक बार फिर चर्चा में हैं और इसकी बड़ी वजह है शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के मंच पर दोनों देशों के बीच बढ़ता संपर्क। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने SCO शिखर सम्मेलन के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिति और संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई। भारत के लिए ईरान इसलिए भी अहम है क्योंकि वह मध्य एशिया तक पहुंच का एक महत्वपूर्ण रास्ता देता है। चाबहार बंदरगाह इसी रणनीति का सबसे बड़ा हिस्सा है। भारत चाबहार के शाहिद बेहेश्ती टर्मिनल के संचालन और विकास में शामिल है और यह बंदरगाह पाकिस्तान को बायपास करते हुए अफगानिस्तान और आगे मध्य एशिया तक पहुंच बनाने में मदद करता है। चाबहार को अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे से भी जोड़कर देखा जाता है, जिसके जरिए भारत की रूस, मध्य एशिया और यूरोप तक पहुंच आसान हो सकती है।
13. स्वामीनारायण संप्रदाय के संतों की एफिल टॉवर यात्रा के अगले दिन कर्मचारियों की हड़ताल, मामले की जांच शुरू
पेरिस के मशहूर एफिल टॉवर पर स्वामीनारायण संप्रदाय से जुड़े BAPS के करीब 100 लोगों के निजी दौरे के बाद विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि 5 सितंबर को हुए इस दौरे के दौरान कुछ महिला कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी वाली जगह से हटने के लिए कहा गया और कुछ जगहों पर उनकी जगह पुरुष कर्मचारियों को तैनात किया गया। कर्मचारियों ने इस पर नाराजगी जताई और इसे महिलाओं के साथ भेदभाव बताया। विवाद बढ़ने के बाद 7 सितंबर को एफिल टॉवर के कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध जताया, जिसके चलते टॉवर को पर्यटकों के लिए बंद करना पड़ा। पेरिस के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, BAPS ने कहा कि बड़े दल की वजह से दौरा सुबह जल्दी रखा गया था, ताकि दूसरे पर्यटकों को परेशानी न हो। संगठन ने यह भी कहा कि उसकी जानकारी में किसी को टॉवर में प्रवेश से नहीं रोका गया और घटना से किसी को दुख या असुविधा हुई है तो वह इसके लिए माफी मांगता है।
14. विदेशी बाजार से करीब ₹9,449 करोड़ जुटाने की तैयारी में RBL Bank, जानें क्या है पूरा प्लान
निजी क्षेत्र का आरबीएल बैंक विदेशी बाजार से 1 अरब डॉलर यानी करीब 9,449 करोड़ रुपये तक जुटाने की तैयारी में है। बैंक के बोर्ड ने 7 सितंबर को यूरो मीडियम टर्म नोट यानी ईएमटीएन कार्यक्रम शुरू करने को मंजूरी दी है। इसके तहत बैंक विदेशी मुद्रा वाले बॉन्ड, नोट या अन्य कर्ज प्रतिभूतियां एक या कई चरणों में जारी कर सकता है। हालांकि, इसके लिए जरूरी नियामकीय और अन्य मंजूरियां लेनी होंगी। बैंक ने साफ किया है कि इन प्रतिभूतियों की बिक्री भारत के निवेशकों को नहीं की जाएगी।
| बिंदु | जानकारी |
|---|---|
| बैंक | आरबीएल बैंक |
| जुटाई जाने वाली रकम | 1 अरब डॉलर तक |
| भारतीय रुपये में | करीब ₹9,449 करोड़ |
| तरीका | ईएमटीएन कार्यक्रम |
| निवेशक | विदेशी बाजार के निवेशक |
| साधन | विदेशी मुद्रा बॉन्ड, नोट और अन्य कर्ज प्रतिभूतियां |
| चरण | एक या कई चरणों में |
| मंजूरी | नियामकीय और अन्य जरूरी मंजूरियां जरूरी |
| भारत में बिक्री | नहीं की जाएगी |
15. बाजार में गिरावट के बीच HFCL के शेयर में जोरदार तेजी, लगातार अपर सर्किट से निवेशकों की नजर
शेयर बाजार में मंगलवार को दबाव के बावजूद HFCL के शेयर में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर 5 फीसदी तक चढ़कर 255 रुपये के आसपास पहुंच गया और लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में अपर सर्किट के करीब रहा। पिछले छह महीनों में शेयर की कीमत 260 फीसदी से ज्यादा बढ़ चुकी है। कंपनी के शेयर में यह तेजी ऐसे समय आई है, जब व्यापक बाजार में गिरावट का माहौल है। मंगलवार को सेंसेक्स और निफ्टी दबाव में थे, लेकिन एचएफसीएल में खरीदारी जारी रही। HFCL के शेयर में तेजी के पीछे कंपनी के मजबूत कारोबारी अपडेट को बड़ी वजह माना जा रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का ऑर्डर बुक 113 फीसदी बढ़कर 21,206 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इसके अलावा कंपनी को हाल में करीब 2,329 करोड़ रुपये का अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर भी मिला है, जिसकी आपूर्ति 2027 से 2029 के बीच की जानी है।
यह भी पढ़ें: Gold Silver Rate Today: सोना ₹1.54 लाख के पार, चांदी ₹2.49 लाख प्रति किलो; जानें 8 सितंबर के ताजा भाव
16. माही विज ने Bigg Boss 20 को कहा ‘डिवोर्सी स्पेशल’, बादशाह की एक्स-वाइफ ईशा रिखी पर भी किया कमेंट
बिग बॉस 20 के घर में पहले ही दिन कंटेस्टेंट्स की निजी जिंदगी को लेकर बातचीत शुरू हो गई। इसी दौरान माही विज ने शो को ‘डिवोर्सी स्पेशल’ बता दिया। माही ने ईशा रिखी और बॉक्सर मैरी कॉम के साथ अपनी तुलना करते हुए कहा कि शो में तीन तलाकशुदा महिलाएं हैं और तीनों की जिंदगी की ‘सेकंड इनिंग’ चल रही है। माही ने ईशा से यह भी पूछा कि उन्होंने बिग बॉस में आने का फैसला क्यों किया। माही ने बातचीत के दौरान ईशा की निजी जिंदगी और उनके पिछले रिश्ते को लेकर भी सवाल किए। बाद में उन्होंने मैरी कॉम से भी उनके तलाक के बारे में बात करने की कोशिश की, लेकिन मैरी ने इस मुद्दे पर चर्चा करने से इनकार कर दिया। ईशा ने भी माही से कहा कि जब कोई अपने निजी मामले पर बात नहीं करना चाहता तो बार-बार उसी मुद्दे को उठाना ठीक नहीं है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका का बड़ा एक्शन, ईरान के बाद अब क्यूबा पर नए प्रतिबंध, निशाने पर कई कंपनियां और बड़े नाम
17. नोरा फतेही के खिलाफ एविएशन कंपनी ने दायर किया ₹3 करोड़ का मानहानि केस, जानें किस टिप्पणी पर हुआ विवाद
बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही एक नए कानूनी विवाद में फंस गई हैं। अहमदाबाद की ड्यून्स एविएशन ने उनके खिलाफ गांधीनगर की अदालत में 3 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया है। मामला दिसंबर 2025 का है, जब नोरा मुंबई से जयपुर की यात्रा के दौरान कंपनी के चार्टर्ड विमान में सवार थीं। इस दौरान उन्होंने विमान का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था। कंपनी का आरोप है कि नोरा ने विमान को ‘टॉय’, ‘मिनीएचर’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ जैसे शब्दों से बताया। ड्यून्स एविएशन का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से उसकी छवि और कारोबार को नुकसान पहुंचा। कंपनी ने दावा किया है कि वीडियो के बाद उसकी बुकिंग में 15 से 20 फीसदी तक गिरावट आई और कुछ ग्राहकों ने बुकिंग भी रद्द की।
18. NEET लीक के आरोपी धनंजय लोखंडे को दिल्ली हाई कोर्ट से झटका, गिरफ्तारी के खिलाफ याचिका खारिज; ₹25 हजार जुर्माना
NEET-UG पेपर लीक मामले के आरोपी धनंजय निवृत्ति लोखंडे को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली है। जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रविंदर डुडेजा की पीठ ने गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी याचिका खारिज कर दी। लोखंडे ने दावा किया था कि उन्हें गिरफ्तारी मेमो की कॉपी नहीं दी गई और इसी आधार पर अपनी गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए तत्काल रिहाई की मांग की थी। अदालत ने याचिका खारिज करने के साथ धनंजय लोखंडे पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। 25 वर्षीय लोखंडे को 13 मई को NEET-UG में कथित गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।
19. हरियाणा में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ा, स्वाइन फ्लू से मौत के बाद अलर्ट; डेंगू-मलेरिया के मामले भी बढ़े
रियाणा में बदलते मौसम और बारिश के बीच स्वाइन फ्लू और डेंगू के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। हिसार में 66 वर्षीय महिला की स्वाइन फ्लू से मौत की पुष्टि हुई है और जिले में अब तक 22 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं सिरसा में भी स्वाइन फ्लू के तीन मरीज मिले हैं, जिनमें एक की मौत हुई है। पानीपत में चार स्वाइन फ्लू और सात डेंगू के मामले सामने आने के बाद अस्पताल में अलग वार्ड और जांच की व्यवस्था की गई है। गुरुग्राम में भी डेंगू के मामले बढ़कर 55 हो गए हैं। मामले बढ़ने के बीच हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों में निगरानी बढ़ाने और अस्पतालों को जांच व इलाज के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: क्रूड ऑयल की कीमत घटाने का ट्रंप ने किया वादा, क्या भारत में भी सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल?
20. Samsung के Galaxy A57 और A37 हुए महंगे, भारत में कीमत ₹6,000 तक बढ़ी
Samsung ने भारत में अपने गैलेक्सी ए57 और गैलेक्सी ए37 स्मार्टफोन की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की है। नई कीमतें 6 सितंबर 2026 से लागू बताई जा रही हैं। गैलेक्सी ए57 के 8 जीबी रैम और 256 GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 59,999 रुपये से बढ़कर 62,999 रुपये हो गई है, जबकि 12 GB रैम और 256 GB वाले मॉडल के लिए अब 72,499 रुपये देने होंगे। यानी इस मॉडल की कीमत 5,000 रुपये बढ़ी है। गैलेक्सी ए37 की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है। इसका 8 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज मॉडल अब 46,999 रुपये, 8 GB और 256 GB मॉडल 54,499 रुपये और 12 GB रैम व 256 GB वाला मॉडल 63,999 रुपये में मिलेगा। सबसे महंगा वाला मॉडल 6,000 रुपये बढ़ा है।




