गाजियाबाद की रात अचानक आग की लपटों से रोशन हो उठी। ट्रोनिका सिटी के औद्योगिक क्षेत्र में एक बैग बनाने वाली फैक्ट्री में देर रात अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि फैक्ट्री से निकलती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन फैक्ट्री पूरी तरह बंद होने के कारण आग तक पहुंचना आसान नहीं था। आखिरकार दमकल कर्मियों को फैक्ट्री की पिछली दीवार तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाना पड़ा।
रात करीब 10 बजे मिली आग की सूचना
घटना ट्रोनिका सिटी के सेक्टर ए-3 स्थित आर एंड आर INC कॉरपोरेशन की बैग बनाने वाली फैक्ट्री में हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही दमकल की टीमों को मौके पर भेजा गया।
आग जिस फैक्ट्री में लगी थी, वहां बैग बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और प्लास्टिक आदि रखा हुआ था। इसी वजह से आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही समय में लपटें काफी ऊंची हो गईं और धुएं का गुबार पूरे इलाके में नजर आने लगा।
आग की स्थिति को देखते हुए मौके पर दमकल की करीब 12 गाड़ियां और पानी के टैंकर भेजे गए। इसके अलावा आसपास के फायर स्टेशनों से भी मदद मंगाई गई।
यह भी पढ़ें: FCRA बिल पर मचा घमासान, अब विपक्षी नेताओं के साथ होगी इसकी जांच; ओम बिरला ने बनाई समिति
अंदर पहुंचना बना सबसे बड़ी चुनौती
फैक्ट्री पूरी तरह कवर होने के कारण दमकल कर्मियों को अंदर जाकर आग बुझाने में काफी परेशानी हो रही थी। सामने से पर्याप्त रास्ता नहीं मिलने पर आग के अंदरूनी हिस्से तक पानी पहुंचाना मुश्किल हो रहा था।
ऐसे में दमकल विभाग ने फैक्ट्री के पीछे की दीवार तोड़कर रास्ता बनाया। दीवार टूटने के बाद कर्मचारियों ने अंदर से आग पर पानी डालना शुरू किया। पीछे की तरफ जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया, ताकि दमकल की धार अंदर तक पहुंच सके।
यह भी पढ़ें: श्रीनगर एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान पोल से टकराया, यात्रियों में मची अफरा-तफरी; बाल-बाल बचे सभी
घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू
आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए दमकल कर्मियों ने लगातार पानी डाला। हालांकि शेड के नीचे आग के कुछ हिस्से सुलगते रहे, जिन्हें बुझाने के लिए लंबे समय तक कूलिंग की गई। आग की भयावहता को देखते हुए साहिबाबाद, वैशाली, घंटाघर और नोएडा से भी फायर टेंडर बुलाए गए। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को काबू में किया जा सका।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री में रखा सामान और निर्माण सामग्री आग की चपेट में आने से काफी नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें: सोना फिर चमका या चांदी ने मारी बाजी? आज के रेट देखकर तय करें क्या खरीदना फायदे का सौदा
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। हालांकि दमकल विभाग ने साफ किया है कि आग का वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा। ट्रोनिका सिटी के औद्योगिक क्षेत्र में कुछ ही दिनों के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 30 अगस्त को साहिबाबाद के साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में एक खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग लगी थी, जिसे बुझाने के लिए करीब 10 दमकल गाड़ियों को लगाया गया था।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक, घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। जिस समय आग लगी, उस वक्त फैक्ट्री में कर्मचारियों की संख्या काफी कम थी और ज्यादातर कर्मचारी काम खत्म करके जा चुके थे। इससे बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने की वजह को लेकर शुरुआती तौर पर अलग-अलग जानकारी सामने आई है, लेकिन दमकल अधिकारियों की जांच के बाद ही वास्तविक कारण साफ हो सकेगा। आग से फैक्ट्री और उसमें रखे सामान को काफी नुकसान होने की बात सामने आई है।




