24 अगस्त की बड़ी खबरें: देश-दुनिया में क्या-क्या हुआ? हर अहम अपडेट एक नजर में

अगस्त को देश और दुनिया में राजनीति, कारोबार, मौसम, खेल और अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं। भारत-चीन बातचीत, भारत-रूस संबंध, बारिश और मौसम का अलर्ट, खेल जगत के बड़े अपडेट समेत दिनभर की हर अहम खबर पर रही नजर।

Palak Gupta

24 अगस्त 2026

1 min read
आज की टॉप खबरें: 1 सितंबर के देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन के सभी बड़े अपडेट

1. LPG कनेक्शन की e-KYC के लिए 31 अगस्त तक मौका, उपभोक्ता समय पर पूरा करें सत्यापन

LPG गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी कराने की समयसीमा अब 31 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी गई है। पहले इसकी आखिरी तारीख 23 अगस्त थी, लेकिन बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी बाकी रहने के कारण समय बढ़ाया गया है। जिन ग्राहकों ने अभी तक आधार आधारित सत्यापन पूरा नहीं किया है, उन्हें तय समय के भीतर यह प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। E-KYC गैस एजेंसी पर जाकर या संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक माध्यम से पूरी की जा सकती है।

2. बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार के घर चोरी की कोशिश, ताला काटकर घुसे चोर

बिहार के औरंगाबाद कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार के घर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक चोरों ने घर का ताला काटकर अंदर घुसने की कोशिश की, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

3. लखीसराय में राष्ट्रीय खेल सप्ताह शुरू, मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे छात्र

लखीसराय के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में सोमवार से राष्ट्रीय खेल सप्ताह 2026 की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. आर.एम. तुगनायत ने दीप जलाकर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने वंदेमातरम् और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। 23 से 26 अगस्त तक चलने वाले इस खेल सप्ताह में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज, क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें छात्र और छात्राएं दोनों हिस्सा ले रहे हैं।

4. KBC में जीते ₹50 लाख, फिर महज 22 साल की उम्र में UPSC क्रैक कर IAS बने विकास

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के छोटे से गांव जुब्बली के रहने वाले विकास सिंह पंवार ने महज 22 साल की उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विकास ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 17वें सीजन में 50 लाख रुपये जीते थे। इसके बाद उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 अपने पहले ही प्रयास में पास कर 159वीं अखिल भारतीय रैंक हासिल की। विकास के पिता सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य हैं और पढ़ाई के माहौल में पले-बढ़े विकास ने कॉलेज के दिनों से ही सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य बना लिया था। परीक्षा में उन्हें कुल 988 अंक मिले, जिसमें लिखित परीक्षा के 787 और साक्षात्कार के 201 अंक शामिल हैं।

5. केरल में ओणम की धूम के बीच बारिश का खतरा, त्योहार के रंग में पड़ सकता है खलल

केरल में ओणम के त्योहार के बीच बारिश का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई है और कुछ जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। समुद्र में भी खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

6. अमरावती के अस्पताल में भीषण आग, झुलसने से तीन नवजात बच्चों की मौत

महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में अचानक आग लग गई। उस समय वार्ड में 39 नवजात भर्ती थे। आग की चपेट में आने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह बच्चों को गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

7. जौनपुर के ‘गायब’ 5 सरकारी स्कूलों पर सियासत, AAP सांसद ने खोजने वाले को ₹1 लाख देने का किया ऐलान

उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पांच सरकारी स्कूलों को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि ये स्कूल सरकारी यू-डायस रिकॉर्ड में संचालित दिख रहे हैं, लेकिन मौके पर इनके भवन, शिक्षक और बच्चों का पता नहीं है। संजय सिंह ने नगर शिक्षा अधिकारी के एक पत्र का हवाला देते हुए पांच स्कूलों के नाम भी बताए हैं। संजय सिंह ने इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि इन पांच में से कोई एक स्कूल भी जमीन पर खोजकर दिखा दिया जाए तो वह अपनी तनख्वाह से एक लाख रुपये का इनाम देंगे।

यह भी पढ़ें: तीन महीने में 40% महंगी हुई चीनी? खरगे के दावे पर BJP का पलटवार

8. मसूद अजहर की गैरमौजूदगी में JeM की कमान में बड़ा फेरबदल, नए चेहरे को मिला ऑपरेशनल कंट्रोल

मसूद अजहर के लंबे समय से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने के बीच आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के बहावलपुर ठिकाने की कमान में बदलाव की खबर है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, अजहर की तबीयत खराब होने के कारण रोजमर्रा का कामकाज उसके भाइयों तल्हा अल-सैफ और मोहिनुद्दीन औरंगजेब उर्फ अम्मार अल्वी के हाथ में चला गया है। बता दें कि बहावलपुर का यह ठिकाना अब फिर से काम कर रहा है और यहां संगठन की गतिविधियां शुरू होने की बात सामने आई है। हालांकि, मसूद अजहर की मौजूदा हालत और संगठन के भीतर आगे की जिम्मेदारियों को लेकर कई जानकारियां अभी खुफिया इनपुट पर आधारित हैं।

9. ऋषभ पंत ने छक्कों की बरसात से तोड़ा गिलक्रिस्ट का बड़ा रिकॉर्ड, टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास

ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। पंत ने 101वां टेस्ट छक्का लगाते ही ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया। गिलक्रिस्ट के नाम टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के थे, जबकि पंत अब 101 छक्कों के साथ इस सूची में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। बता दें कि पंत इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने थे।

10. प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने की तैयारी, सरकार ने दौड़ाई ‘कांदा एक्सप्रेस’

देश में प्याज की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने सोमवार से ‘कांदा एक्सप्रेस’ शुरू कर दी है। नासिक से प्याज की खेप दिल्ली, चेन्नई, कोच्चि और गुवाहाटी जैसे उन बड़े शहरों तक पहुंचाई जाएगी, जहां दाम राष्ट्रीय औसत से ज्यादा हैं। 22 अगस्त को देश में प्याज का औसत खुदरा भाव 42 रुपये किलो पहुंच गया था, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 45 फीसदी और पिछले महीने की तुलना में 19 फीसदी ज्यादा है। सरकार सिर्फ विशेष ट्रेनों के जरिए सप्लाई बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने बफर स्टॉक से भी प्याज बाजार में उतार रही है।

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश की ‘इस्लामिक NATO’ में एंट्री की तैयारी? भारत की पूर्वी सीमा पर बदल सकते हैं रणनीतिक समीकरण

11. बैंक कर्मचारियों की बड़े आंदोलन की तैयारी, सितंबर में 4 दिन हड़ताल; अक्टूबर से अनिश्चितकालीन स्ट्राइक की चेतावनी

देशभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी अपनी मांगों को लेकर सितंबर से बड़ा आंदोलन शुरू करने की तैयारी में हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को भी तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित है। अगर ऐसा होता है तो सितंबर में बैंकिंग सेवाएं कई दिनों तक प्रभावित हो सकती हैं।

12. गोविंदा ने दी ₹100 करोड़ के मानहानि केस की चेतावनी, संपत्ति जब्त कराने तक की बात

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने अपने निजी और पारिवारिक जीवन को लेकर फैलाई जा रही कथित झूठी और भ्रामक खबरों पर कड़ा रुख अपनाया है। उनकी ओर से जारी सार्वजनिक नोटिस में सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं, कंटेंट बनाने वालों, डिजिटल मंचों और मीडिया संस्थानों को ऐसी सामग्री फैलाने से बचने की चेतावनी दी गई है। नोटिस में कहा गया है कि गलत या मानहानिकारक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ 100 करोड़ रुपये तक के मानहानि दावे के साथ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

13. एक महीने में 631 मिलियन व्यूज, सोनू निगम के YouTube चैनल पर इस गाने ने मचाई धूम

सोनू निगम के गानों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले 28 दिनों में उनके यूट्यूब चैनल के गानों को दुनियाभर में 631 मिलियन यानी 63.1 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले हैं। खास बात यह है कि इस दौरान सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला गाना ‘बोले चूड़ियां’ रहा, जिसे करीब 1.51 करोड़ व्यूज मिले। यह गाना 2001 में आई फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ का है और आज भी लोगों के बीच खूब सुना जा रहा है।

14. Snapchat के ये फीचर्स पड़ सकते हैं भारी, इस्तेमाल करते समय इन खतरों से रहें सावधान

स्नैपचैट के कुछ फीचर्स सुविधा के साथ-साथ प्राइवेसी का खतरा भी बढ़ा सकते हैं। खासकर स्नेप मैप में लोकेशन शेयरिंग को लेकर सावधानी जरूरी है। अगर लोकेशन शेयरिंग चालू है तो चुने हुए दोस्त या परिवार के लोग आपकी रियल-टाइम लोकेशन देख सकते हैं। वहीं My AI के साथ लोकेशन साझा करने पर आपकी सामान्य लोकेशन का इस्तेमाल पेर्सनलिज़्ड सुगेशंस देने के लिए किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: रूस की मदद में और आगे बढ़ा उत्तर कोरिया, 50 हजार सैनिकों के साथ बैलिस्टिक मिसाइलें भेजने की तैयारी

15. NEET PG 2026 एडमिट कार्ड जल्द हो सकते हैं जारी, ऐसे कर सकेंगे डाउनलोड

National Board of Examinations in Medical Sciences (NBEMS) के schedule के मुताबिक NEET PG 2026 काएडमिट कार्ड 27 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा, जबकि परीक्षा 30 अगस्त 2026 को होगी। Health Ministry ने भी NEET PG 2026 परीक्षा की तारीख 30 अगस्त की पुष्टि की है। परीक्षा से पहले 11 अगस्त को उम्मीदवारों को उनकी टेस्ट सिटी की जानकारी दी जा चुकी है। ऐसे में अब उम्मीदवार एडमिट कार्ड जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: कोलकाता एयरपोर्ट के पास कार शोरूम में भीषण आग, लपटों के बीच विमान की लैंडिंग ने बढ़ाई दहशत

16. बिहार को मिलेगा 336 KM लंबा 6 लेन एक्सप्रेसवे, बक्सर से भागलपुर तक बदलेगी कनेक्टिविटी

बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए बक्सर से भागलपुर तक 336 KM लंबे 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। यह पूरी तरह एक्सेस कंट्रोल वाला एक्सप्रेसवे होगा, जो बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर को जोड़ेगा। सरकार का मानना है कि इससे इन जिलों के बीच आने-जाने में आसानी होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

17. स्वास्थ्य मंत्री के अचानक निरीक्षण में खुली अस्पताल की पोल, ड्यूटी से गायब मिलीं डॉक्टर

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने रविवार रात सीतामढ़ी सदर अस्पताल का अचानक निरीक्षण किया। रात करीब 10:15 बजे शुरू हुआ निरीक्षण करीब दो घंटे चला। इस दौरान मंत्री ने आईसीयू, इमरजेंसी, लेबर रूम और दूसरे वार्डों में जाकर मरीजों से इलाज और सुविधाओं के बारे में बात की। निरीक्षण के दौरान मरीजों ने कई दूसरी परेशानियां भी बताईं। कुछ बेड पर दो-तीन दिन से चादर नहीं बदली गई थी, जबकि सोनोग्राफी, एंबुलेंस और सीटी स्कैन की सुविधा को लेकर भी शिकायतें मिलीं। स्वास्थ्य मंत्री ने ड्यूटी से गायब डॉक्टर और संबंधित कर्मचारियों की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही अस्पताल की सफाई और दूसरी व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें: ट्रंप की नोबेल शांति पुरस्कार की उम्मीदों पर संकट? गाजा और ईरान की जंग बनी बड़ी चुनौती

18. कब्रिस्तान के पास नाले में मिला लापता व्यक्ति का शव, कसमार में मचा हड़कंप

झारखंड के बोकारो जिले के कसमार में कब्रिस्तान के पास नाले में एक लापता व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की पहचान तेलमुंगा निवासी मगदीश घासी के रूप में हुई है। वह 16 अगस्त की सुबह घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने कब्रिस्तान के पास नाले में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। शव काफी खराब हालत में था। सूचना मिलते ही कसमार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि शौच के दौरान नाले में गिरने से उनकी मौत हुई होगी, लेकिन पुलिस ने अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है।

19. छत्तीसगढ़ में बिजली कनेक्शन की e-KYC होगी अनिवार्य, 1 सितंबर से लागू होगा नया नियम

छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के लिए 1 सितंबर 2026 से ई-केवाईसी जरूरी होने जा रही है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के सभी उपभोक्ताओं को अपने बिजली कनेक्शन का आधार से सत्यापन कराना होगा। इसका मकसद बिजली कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज उपभोक्ता और कनेक्शन इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की जानकारी को सही करना है।

यह भी पढ़ें: 22 अगस्त Top News: राजनीति से कारोबार तक, देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरें एक साथ

20. UP Board 2027 परीक्षा फॉर्म पर बड़ा अपडेट, फीस और विवरण अपलोड करने की तारीख बढ़ाने की तैयारी

यूपी बोर्ड 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के फॉर्म को लेकर छात्रों के लिए राहत की खबर है। परीक्षा शुल्क और छात्रों का विवरण जमा करने की तारीख बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया था। अब बोर्ड की वेबसाइट पर दिख रही नई समय-सारणी के अनुसार, परीक्षा शुल्क जमा करने की तारीख 1 सितंबर 2026 और छात्रों का विवरण ऑनलाइन अपलोड करने की तारीख 5 सितंबर 2026 तक कर दी गई है।

Palak Gupta
लेखक परिचय
Palak Gupta
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate,…और पढ़ें
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate, credible, and reader-centric reporting, driven by a commitment to ethical journalism and continuous professional growth.

Leave a Comment