आज की बड़ी खबरें: देश से दुनिया तक, खेल-मनोरंजन की तमाम हलचल

18 अगस्त 2026 की दिनभर की बड़ी खबरों और ताजा घटनाक्रम का पूरा राउंडअप। देश और दुनिया की अहम हलचल से लेकर राजनीति, कारोबार, खेल और मनोरंजन जगत की चर्चित खबरों तक, जानें आज क्या रहा खास और किन खबरों ने सुर्खियां बटोरीं।

Palak Gupta

18 अगस्त 2026

1 min read
आज की टॉप खबरें: 1 सितंबर के देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन के सभी बड़े अपडेट

1. ₹25 लाख का इनामी था कभी नक्सली, अब असीम मंडल के सरेंडर की मिली जिम्मेदारी

झारखंड में कभी 25 लाख रुपये का इनामी नक्सली रहा रंजीत पाल उर्फ राहुल अब उसी नेटवर्क के एक बड़े नाम असीम मंडल उर्फ आकाश को सरेंडर कराने की कोशिश में जुटा है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने राहुल को असीम मंडल और उसके दस्ते को आत्मसमर्पण के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी दी है। राहुल पहले असीम मंडल के दस्ते का सक्रिय सदस्य रह चुका है, इसलिए उसे उसकी कार्यशैली और जंगल के इलाकों की अच्छी जानकारी है।

2. राजस्थान में किसानों-मजदूरों का ‘दस्तक’ अभियान शुरू, मांगों को लेकर खोला मोर्चा

राजस्थान में किसानों और मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर ‘दस्तक’ अभियान शुरू कर दिया है। संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय श्रमिक संगठनों के संयुक्त मंच की ओर से चलाया जा रहा यह अभियान 17 से 25 अगस्त तक चलेगा। इसकी शुरुआत सीकर जिले से हुई, जहां प्रतिनिधिमंडल ने धोद विधायक गोरधन वर्मा के घर पहुंचकर मांगों का चार्टर सौंपा। संगठन की प्रमुख मांगों में किसानों और खेत मजदूरों की कर्जमाफी, फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य लागत से 50 फीसदी ज्यादा तय करना, मनरेगा में 200 दिन का रोजगार और 700 रुपये दैनिक मजदूरी शामिल है।

3. भारत-नेपाल सीमा की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, SSB ने शुरू की ट्रेनिंग

भारत-नेपाल सीमा से लगे गांवों की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने नई पहल शुरू की है। सीतामढ़ी में 51वीं वाहिनी SSB की ओर से 40 महिलाओं और युवतियों के लिए 21 दिवसीय ब्यूटीशियन प्रशिक्षण शुरू किया गया है। कन्हौली, ओरलहिया, गोरहारी और इंदरवा गांवों से 10-10 महिलाओं का चयन किया गया है। प्रशिक्षण में मेकअप, हेयर स्टाइलिंग और त्वचा की देखभाल जैसे काम सिखाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: मिनरल बिल पर हेमंत सरकार की बड़ी तैयारी, बुलाया जा सकता है झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र

4. गंगा एक्सप्रेसवे टोल पर हंगामा, लखनऊ में गड्ढे में डूबने से छात्र की मौत

उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर दो घटनाएं चर्चा में हैं। शाहजहांपुर के गंगा एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के व्यवहार और अव्यवस्थाओं को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। किसानों ने कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया था और कुछ समय के लिए टोल फ्री भी कराया था। वहीं, लखनऊ में एक छात्र की गड्ढे में डूबने से मौत की घटना सामने आई है। बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव और खुले गड्ढों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

5. हाफिज सईद और लखवी पर भारत में चलेगा मुकदमा, 26/11 केस में बड़ी कार्रवाई

26/11 मुंबई आतंकी हमले के करीब 18 साल बाद भारत ने इस मामले के आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुंबई की विशेष अदालत में हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी समेत छह पाकिस्तानी आरोपियों के खिलाफ उनकी गैरमौजूदगी में मुकदमा चलाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 356 के तहत की जा रही है।

6. जमीन विवादों पर CM योगी सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर गिरेगी गाज

गोरखपुर में जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमीन से जुड़े मामलों में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया। एक महिला ने शिकायत की कि दबंग उसे रास्ते का इस्तेमाल नहीं करने दे रहे हैं। शिकायत सुनने के बाद सीएम योगी ने अधिकारियों को तुरंत रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए गए है। जनसुनवाई में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को मामलों का समय पर निपटारा करने को कहा।

7. बाजार में आया AI टूथब्रश, दांत साफ करने के साथ देगा हेल्थ रिपोर्ट

Philips Sonicare ने ऐसा नया इलेक्ट्रिक टूथब्रश पेश किया है, जिसमें ऑन-डिवाइस AI और सेंसर दिए गए हैं। यह ब्रश करते समय आपके मुंह के अलग-अलग हिस्सों की कवरेज को ट्रैक करता है और बताता है कि कौन-सी जगह ठीक से साफ नहीं हुई। इसकी खास बात इसका ‘माउथ मैप’ फीचर है, जो ब्रश के दौरान 12 हिस्सों में दांतों की सफाई की जानकारी देता है। यानी ब्रश करने के बाद यूजर देख सकता है कि किन जगहों पर दोबारा सफाई की जरूरत है।

8. सीतापुर की शिवानी ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा

सीतापुर की पर्वतारोही शिवानी ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराकर जिले का नाम रोशन किया है। माउंट एल्ब्रुस की ऊंचाई करीब 5,642 मीटर है। इतनी ऊंचाई पर चढ़ाई आसान नहीं होती और मौसम भी चुनौतीपूर्ण रहता है। शिवानी की इस उपलब्धि के बाद उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

यह भी पढ़ें: थाईलैंड के क्लब में गोविंदा ने लगाए ठुमके, पत्नी सुनीता आहुजा संग विवाद के बीच डांस वीडियो वायरल

9. CMRL केस में ED का बड़ा एक्शन, कोझिकोड के 8 ठिकानों पर छापेमारी

केरल में CMRL से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। ED की कोच्चि जोन की टीम ने कोझिकोड में आठ ठिकानों पर छापेमारी की गई। बता दें कि जांच का एक हिस्सा CMRL और वीणा विजयन की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बीच हुए कथित भुगतान से भी जुड़ा है। ED के मुताबिक, CMRL ने एक्सालॉजिक को आईटी कंसल्टेंसी के नाम पर करीब 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया था, जिसकी जांच की जा रही है।

10. आधी रात हॉस्टल छोड़ थाने पहुंचीं छात्राएं, पुलिस को बताईं अपनी समस्याएं

मध्य प्रदेश के धार जिले के निसरपुर स्थित माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर के छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के आधी रात को अचानक छात्रावास से निकलकर कुक्षी पुलिस थाने पहुंचने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह रही कि छात्राओं के छात्रावास से निकलने की जानकारी अधीक्षक को तत्काल नहीं लग पाई। थाने पहुंचकर छात्राओं ने अपनी समस्याओं को लेकर नारेबाजी की और प्रशासन के सामने छात्रावास की व्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया है इसी के साथ अधिकारियों के सामने छात्राओं की समस्याएं रखीं है।

11. दरभंगा के महात्मा गांधी कॉलेज को ₹1 करोड़ का अनुदान, भुगतान सूची मंजूर

दरभंगा के सुंदरपुर स्थित महात्मा गांधी कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। कॉलेज के शासी निकाय ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से स्वीकृत ₹1 करोड़ के इंटर अनुदान की भुगतान सूची को मंजूरी दे दी है। यह राशि दो सत्रों के लिए स्वीकृत हुई है, जिसमें 2018-19 और 2019-20 के लिए ₹50-50 लाख शामिल हैं। भुगतान सूची में शिक्षकों और कर्मचारियों की देय राशि के साथ उनके बैंक खाते की जानकारी भी दर्ज की गई है।

12. क्या नयनतारा ने तिरुमला में दान किए बाल? वायरल तस्वीर का सच आया सामने

सोशल मीडिया पर नयनतारा की कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। इनमें वह तिरुमला मंदिर के बाहर गंजे सिर में नजर आ रही हैं। तस्वीरों के साथ दावा किया गया कि अभिनेत्री ने तिरुमला जाकर अपने बाल भगवान वेंकटेश्वर को चढ़ाए हैं। असल में नयनतारा अप्रैल में अपने पति विग्नेश शिवन के साथ तिरुमला गई थीं, लेकिन उस यात्रा की असली तस्वीरों में वह गंजे सिर में नहीं थीं। यानी तिरुमला जाना सच है, लेकिन बाल दान करने की वायरल तस्वीर फर्जी है।

यह भी पढ़ें: समंदर में भारत की ताकत होगी और मजबूत, जर्मनी से 90 हजार करोड़ की 6 पनडुब्बियों की डील करीब

13. JSSC परीक्षा रद्द होने पर टूटे अभ्यर्थी, बोले- सालों की मेहनत हो गई बर्बाद

झारखंड में JSSC-CGL परीक्षा रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों के बीच नाराजगी बढ़ गई है। सरकार के फैसले के बाद उन युवाओं ने विरोध शुरू कर दिया है, जो परीक्षा पास करके नौकरी ज्वाइन कर चुके थे। कई अभ्यर्थी रांची के प्रोजेक्ट भवन के बाहर पहुंचे और अपना दर्द बताया। उनका कहना है कि उन्होंने कई साल मेहनत करके परीक्षा पास की थी, लेकिन अब एक फैसले से उनकी नौकरी और भविष्य दोनों पर संकट आ गया है।

14. Gen Z के बाद सड़कों पर Alpha Kids, गया में स्कूली बच्चों का प्रदर्शन

झारखंड के गया के टिकारी प्रखंड के सिमुआरा मध्य विद्यालय के छात्र अपनी बुनियादी सुविधाओं को लेकर सड़क पर उतर आए। छठी से आठवीं कक्षा के दर्जनों बच्चे करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर अनुमंडल कार्यालय पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। टिकारी एसडीएम ने स्कूल की स्थिति की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई। इसके बाद अधिकारियों ने स्कूल का निरीक्षण कर बच्चों से उनकी समस्याएं भी सुनीं। स्कूल में सफाई, बिजली, पंखे और मिड-डे मील की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हेडमास्टर और शिक्षकों से भी जवाब मांगा गया है।

15. दिल्ली SIR में कट सकते हैं 47 लाख नाम, 24 अगस्त को आएगी ड्राफ्ट लिस्ट

दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान करीब 47.7 लाख मतदाताओं के नाम 24 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं होंगे। दिल्ली में कुल करीब 1.45 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें से 97.47 लाख लोगों के गणना फॉर्म जमा होकर डिजिटल किए जा चुके हैं।

जानकारीस्थिति
दिल्ली में कुल मतदाताकरीब 1.45 करोड़
फॉर्म डिजिटल हुए97.47 लाख
ड्राफ्ट से बाहर रहने वालेकरीब 47.7 लाख
ड्राफ्ट मतदाता सूची24 अगस्त 2026
दावे-आपत्तियों की अंतिम तारीख23 सितंबर 2026
अंतिम मतदाता सूची27 अक्टूबर 2026

यह भी पढ़ें: आज की बड़ी खबरें 17 अगस्त 2026: राजनीति, दुनिया, कारोबार और खेल की अहम खबरें

16. सुधीर शर्मा की पेशी से पहले धर्मशाला में हलचल, विजिलेंस थाने पर भारी पुलिस बल

धर्मशाला से बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा के विजिलेंस के सामने पेश होने से पहले शहर में हलचल बढ़ गई। मंगलवार को विजिलेंस थाना परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुधीर शर्मा सुबह करीब 11:50 बजे धर्मशाला पहुंचे और विजिलेंस कार्यालय जाने से पहले हनुमान मंदिर में पूजा की। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी ने जिन दस्तावेजों और तथ्यों की मांग की है, उससे ज्यादा जानकारी लेकर वह पहुंचे हैं और जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

17. थलापति विजय की ‘जन नायकन’ की OTT रिलीज कन्फर्म, जानें कब और कहां देख सकेंगे

थलापति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ अब ओटीटी पर दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म 21 अगस्त 2026 से ZEE5 पर स्ट्रीम होगी। जुलाई में सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को विजय की फिल्मों में खास माना जा रहा है, क्योंकि यह उनकी आखिरी फिल्म है और इसके बाद वह राजनीति पर पूरा ध्यान देने वाले हैं।

यह भी पढ़ें: 13 अगस्त न्यूज़ राउंडअप: राजनीति, दुनिया, कारोबार, टेक, खेल और मनोरंजन की बड़ी खबरें

18. पंजाब BJP को मिला नया प्रभारी, पार्टी ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब का नया प्रभारी बनाया है। बीजेपी ने 18 अगस्त को पंजाब के साथ उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए भी नए प्रभारियों का ऐलान किया। बता दें कि पार्टी पहले ही साफ कर चुकी है कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव सभी 117 सीटों पर अपने दम पर लड़ने की तैयारी कर रही है। ऐसे में पूनिया की नई जिम्मेदारी को चुनावी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

19. लोहरदगा में बड़ी चोरी, नकदी-जेवर समेत ₹7.82 लाख का माल गायब

लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र के कूटमु चिगला टोली में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। रविवार रात चोर सुखदेव लोहरा के घर का मुख्य गेट और अंदर का दरवाजा तोड़कर करीब 1.32 लाख रुपये नकद और लगभग 6.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूटमु इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।

यह भी पढ़ें: होर्मुज विवाद से भारत की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, पेट्रोल-डीजल से रुपये तक पड़ेगा असर

20. उत्तराखंड में तीसरी बार सत्ता के लिए BJP का बड़ा दांव, राष्ट्रीय टीम में मिली चार अहम जिम्मेदारियां

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पौड़ी सांसद अनिल बलूनी को फिर से राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा आलोक भट्ट को भी राष्ट्रीय संगठन में जगह दी गई है।

Palak Gupta
लेखक परिचय
Palak Gupta
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate,…और पढ़ें
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate, credible, and reader-centric reporting, driven by a commitment to ethical journalism and continuous professional growth.