एक नजर में आज की बड़ी खबरें: देश-दुनिया से खेल और कारोबार तक

27 जुलाई 2026 की बड़ी खबरें एक क्लिक में। देश-दुनिया, राजनीति, कारोबार, टेक्नोलॉजी, खेल और मनोरंजन जगत की सभी अहम अपडेट्स का संपूर्ण राउंडअप पढ़ें और दिनभर की हर बड़ी हलचल से जुड़े रहें।

Palak Gupta

27 जुलाई 2026

1 min read
आज की बड़ी खबरें: एक जगह पढ़ें देश, दुनिया, राजनीति, खेल और कारोबार की टॉप अपडेट्स

1. इंदौर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल, आरोपियों के जुलूस के बाद जेल गेट पर खोले पट्टे

इंदौर के हीरानगर इलाके में आरोपियों के जुलूस को लेकर पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है। मामला उस वक्त और विवादों में घिर गया, जब आरोपियों को जेल पहुंचाने के बाद उनके हाथों में लगे पट्टे जेल गेट पर ही खोल दिए गए। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले ने तूल पकड़ने पर एसीपी ने पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी

2. गोरखपुर के रामगढ़ ताल में बड़ा हादसा, दो नावों की टक्कर में एक की मौत, कई घायल

गोरखपुर के रामगढ़ ताल में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। ताल में सैर कर रही दो नावों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि एक नाव का संतुलन बिगड़ गया और उसमें सवार लोग पानी में गिर पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। शुरुआती जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

3. NEET छात्रा अंकिता का आखिरी लेटर पढ़कर भावुक हुए लोग, त्याग की कहानी ने तोड़ा दिल

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर की रहने वाली 19 वर्षीय अंकिता की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। नीट की तैयारी कर रही अंकिता ने अपनी जान देने से पहले परिवार के नाम एक भावुक पत्र छोड़ा। उसमें उसने लिखा, “मां-पापा, मुझे माफ कर देना, मैं आपकी एक भी इच्छा पूरी नहीं कर सकी।” उसने अपने आखिरी संदेश में साफ लिखा कि उसकी मौत के लिए परिवार का कोई भी सदस्य जिम्मेदार नहीं है। बल्कि उसने माता-पिता, भाई और दादा का प्यार और साथ देने के लिए धन्यवाद कहा और उनसे माफी मांगी। अपने पत्र में अंकिता ने यह भी लिखा कि उसने नीट की तैयारी के लिए बहुत कुछ त्याग किया, लेकिन अच्छे अंक न ला पाने का दुख उसे अंदर ही अंदर तोड़ता रहा। उसने अपने दादा से माता-पिता का ख्याल रखने की अपील की और परिवार से कहा कि उसके जाने के बाद खुद को तकलीफ न दें।

4. Vivo ने लॉन्च किया 7200mAh बैटरी वाला नया 5G फोन, 50MP कैमरा से लैस

Vivo ने अपना नया 5G स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है, जो बड़ी 7,200mAh बैटरी, 50MP ट्रिपल रियर कैमरा और दमदार Snapdragon प्रोसेसर के साथ आता है। कंपनी का दावा है कि यह फोन लंबे बैटरी बैकअप, बेहतर गेमिंग और मल्टीटास्किंग के लिए डिजाइन किया गया है।

फीचरविवरण
मॉडलVivo (नया 5G स्मार्टफोन)
नेटवर्क5G
डिस्प्ले6.78-इंच AMOLED डिस्प्ले
रिफ्रेश रेट120Hz
प्रोसेसरQualcomm Snapdragon प्रोसेसर
रैम8GB / 12GB
स्टोरेज256GB / 512GB
रियर कैमरा50MP + 50MP + 50MP ट्रिपल कैमरा
फ्रंट कैमरा32MP
बैटरी7,200mAh
चार्जिंग90W फास्ट चार्जिंग
ऑपरेटिंग सिस्टमAndroid 16 (Funtouch OS)
सिक्योरिटीइन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर
अन्य फीचर्सAI कैमरा फीचर्स, डुअल स्टीरियो स्पीकर्स, USB Type-C

यह भी पढ़ें: ट्रंप के फैसले से लुढ़का कच्चा तेल, कीमतों में आई बड़ी गिरावट

5. बाड़मेर में झमाझम बारिश से बदला मौसम, कई इलाकों में जलभराव

राजस्थान के बाड़मेर में आखिरकार इंद्रदेव मेहरबान हो गए। शहर और आसपास के इलाकों में हुई अच्छी बारिश से लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहाना हो गया। लंबे समय बाद हुई इस बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं।

6. वसंत कुंज-JNU रूट पर बनेगा 6KM फ्लाईओवर, दिल्लीवासियों को जाम से मिलेगी राहत

दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज, जेएनयू और आसपास के इलाकों में लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने के लिए अरुणा आसफ अली रोड पर करीब 6 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद महिपालपुर, वसंत कुंज, जेएनयू और आउटर रिंग रोड की ओर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही काफी आसान होने की उम्मीद है। फ्लाईओवर बनने से इस मार्ग पर यात्रा का समय कम होगा और रोजाना हजारों वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें: संसद में गूंजेगा NEET विवाद, छात्र आंदोलन को लेकर सरकार पर विपक्ष का बड़ा हमला

7. दिल्ली की टीचर सुमी सियाग का अनोखा तरीका वायरल, सोशल मीडिया पर बटोरी वाहवाही

दिल्ली की शिक्षिका सुमी सियाग इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। उनकी एक अनोखी पहल का वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लाखों लोग पसंद और शेयर कर रहे हैं। वीडियो में सुमी बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने का ऐसा रचनात्मक तरीका अपनाती नजर आती हैं, जिसने न सिर्फ छात्रों का बल्कि इंटरनेट यूजर्स का भी दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर लोग उनकी तारीफ करते हुए कह रहे हैं कि शिक्षा को रोचक और आसान बनाने का यह तरीका दूसरे शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा है। कई यूजर्स ने लिखा कि ऐसे शिक्षक ही बच्चों में सीखने की रुचि पैदा करते हैं।

8. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर श्वेता तिवारी का सवाल, पंजाब के शिक्षा मंत्री पर भी उठाए सवाल

शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर जारी बहस के बीच अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जवाबदेही की बात हो रही है, तो यह केवल एक व्यक्ति तक सीमित क्यों रहे। श्वेता ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी समान रूप से चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने पंजाब के शिक्षा मंत्री को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों की समस्याओं पर सभी जिम्मेदार लोगों से जवाब मांगा जाना चाहिए।

9. 40 के बाद क्यों घटने लगती है मांसपेशियों की ताकत? डॉक्टरों ने बताए कारण और बचाव

भारत में 40 साल की उम्र के बाद मसल्स लॉस यानी मांसपेशियों के कमजोर होने की समस्या तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, बढ़ती उम्र के साथ शरीर में मसल्स बनाने वाले हार्मोन कम होने लगते हैं। इसके अलावा शारीरिक गतिविधि में कमी, प्रोटीन की पर्याप्त मात्रा न लेना, लंबे समय तक बैठकर काम करना और कुछ बीमारियां भी इसकी बड़ी वजह बन रही हैं। अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए, तो कमजोरी, संतुलन बिगड़ना और हड्डियों से जुड़ी परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस समस्या से बचने के लिए रोजाना हल्की-फुल्की एक्सरसाइज, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, पर्याप्त प्रोटीन वाला भोजन और अच्छी नींद बेहद जरूरी है। नियमित स्वास्थ्य जांच भी मददगार साबित हो सकती है।

10. कॉलेज टीचरों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, ₹1.5 करोड़ बीमा और कैशलेस इलाज

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के सहायता प्राप्त और राजकीय कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी घोषणा की है। नई व्यवस्था के तहत शिक्षकों को ₹1.5 करोड़ तक का समूह बीमा कवर मिलेगा। इसके साथ ही कैशलेस इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि गंभीर बीमारी या आपात स्थिति में उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा देने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। सरकार का कहना है कि इससे शिक्षकों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, वहीं इलाज के खर्च को लेकर चिंता भी कम होगी।

11. ट्रंप ने फिर दी ईरान को चेतावनी, खार्ग आइलैंड पर हमले की AI तस्वीर की शेयर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अमेरिका के पास हथियारों की कोई कमी नहीं है और जरूरत पड़ने पर वह हर तरह की कार्रवाई करने में सक्षम है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ईरान के रणनीतिक खार्ग आइलैंड को निशाना बनाते हुए एक एआई से तैयार तस्वीर भी साझा की, जिसने नई बहस छेड़ दी है। ट्रंप की पोस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के बयान और एआई तस्वीरें मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें: BJP सांसद की बेटी की पोस्ट पर मचा बवाल, अकाउंट गायब होने के बाद भी बोलीं- पोस्ट नहीं हटाऊंगी

12. शेयर बाजार में आज लौट सकती है तेजी, इन 3 वजहों से बदल सकता है माहौल

पिछले सप्ताह आई भारी गिरावट के बाद आज शेयर बाजार में राहत की उम्मीद जताई जा रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच तनाव में कमी है, जिससे वैश्विक बाजारों का माहौल बेहतर हुआ है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है, जो भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान तनाव कम होने से निवेशकों का भरोसा लौटा है। वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद बढ़ी है। हालिया गिरावट के बाद निवेशकों ने वैल्यू बाइंग भी शुरू कर दी है।

13. अमेरिका के सिएटल में गोलीबारी, दो लोगों की मौत

अमेरिका के सिएटल शहर में हुई गोलीबारी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेर लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में कुछ अन्य लोगों के घायल होने की भी आशंका है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।

14. विदेशी संकेतों से शेयर बाजार में जोरदार उछाल, खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी दौड़े

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की खबर ने सोमवार को शेयर बाजार में जबरदस्त उत्साह भर दिया। कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स और निफ्टी ने जोरदार बढ़त दर्ज की। पश्चिम एशिया में हालात शांत होने के संकेत मिलने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 5 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट आई, जिससे निवेशकों का भरोसा लौटा और बाजार में खरीदारी तेज हो गई। विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए राहत की खबर है। इससे महंगाई पर दबाव कम होने, कंपनियों की लागत घटने और अर्थव्यवस्था को सहारा मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

15. 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बाढ़ और लैंडस्लाइड से बिगड़े हालात

देश के 14 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं, जबकि पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

राज्यमौसम की स्थितिअलर्ट
उत्तर प्रदेशभारी से बहुत भारी बारिश, कई जिलों में जलभराव की आशंकाऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंडतेज बारिश, भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरारेड अलर्ट
हिमाचल प्रदेशभारी बारिश, लैंडस्लाइड की संभावनारेड अलर्ट
राजस्थानकई जिलों में तेज बारिश और जलभरावऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेशगरज-चमक के साथ भारी बारिशऑरेंज अलर्ट
छत्तीसगढ़कई इलाकों में लगातार बारिशऑरेंज अलर्ट
बिहारनदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंकाऑरेंज अलर्ट
झारखंडगरज-चमक के साथ भारी बारिशयेलो अलर्ट
पश्चिम बंगालदक्षिणी और उत्तरी जिलों में तेज बारिशऑरेंज अलर्ट
ओडिशातटीय इलाकों में भारी बारिशऑरेंज अलर्ट
महाराष्ट्रकोंकण और घाट क्षेत्रों में भारी बारिशऑरेंज अलर्ट
गुजरातदक्षिण गुजरात में तेज बारिशयेलो अलर्ट
असमबाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में और बारिश की चेतावनीऑरेंज अलर्ट
मेघालयअत्यधिक वर्षा और भूस्खलन का खतरारेड अलर्ट

यह भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा: जंतर-मंतर के सियासी संग्राम के बाद PM मोदी को भेजी चिट्ठी

16. संसद पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान, NDA सांसदों ने किया जोरदार स्वागत

पेपर लीक की घटनाओं पर सख्ती दिखाते हुए केंद्र सरकार ने परीक्षा सुधार से जुड़ा संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया। सरकार का कहना है कि नए प्रावधानों का उद्देश्य भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाना तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है। विपक्ष ने इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग करते हुए सदन में जोरदार हंगामा किया। विपक्षी सांसदों ने ‘मोदी-शाह छात्रों से माफी मांगो’ के नारे लगाए। हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी और सदन को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। उधर, पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफे के बाद सोमवार को पहली बाहर संसद पहुंचे। NDA सांसदों ने उन्हें शॉल और मिथिला पाग पहनाकर सम्मानित किया और संसद भवन के अंदर तक ले गए। सांसदों ने ‘धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए।

यह भी पढ़ें: ISRO-NASA के डेटा से चौंकाने वाला खुलासा, भूकंप के बाद 2 फीट खिसकी वेनेजुएला की धरती

17. प्रयागराज में जाम में फंसी एंबुलेंस, अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त

प्रयागराज के रामनगर बाजार में सोमवार को भीषण जाम के कारण एक एंबुलेंस काफी देर तक फंसी रही। अतिक्रमण और सड़क पर अव्यवस्थित वाहनों की वजह से एंबुलेंस समय पर आगे नहीं बढ़ सकी, जिससे उसमें मौजूद मरीज की हालत बिगड़ने की बात सामने आई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह रास्ता खाली कराने की कोशिश की, तब जाकर एंबुलेंस आगे बढ़ पाई। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।

18. संसद के बाहर धर्मेंद्र प्रधान का NDA सांसदों ने पगड़ी पहनाकर किया स्वागत

संसद के मानसून सत्र के दौरान पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का एनडीए सांसदों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। संसद परिसर के मकर द्वार पर सहयोगी दलों के सांसदों ने उन्हें पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और समर्थन में नारे लगाते हुए उनके साथ संसद भवन के भीतर पहुंचे। यह स्वागत हाल ही में उनके इस्तीफे के बाद पहली बार संसद पहुंचने पर किया गया।

यह भी पढ़ें: आज की बड़ी खबरें: एक जगह पढ़ें देश, दुनिया, राजनीति, खेल और कारोबार की टॉप अपडेट्स

19. केशव मौर्य का बड़ा हमला, बोले- प्रयागराज में बवाल के पीछे समाजवादी गुंडे; होगी सख्त कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में हुए बवाल को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन की आड़ में “समाजवादी गुंडों” ने हिंसा फैलाने की कोशिश की। मौर्य ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया गया। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और दोषियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

20. सोनम वांगचुक की पत्नी ने तोड़ी चुप्पी, सनातन धर्म वाले बयान पर दी सफाई

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने सनातन धर्म को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफाई दी है। सोशल मीडिया पर बयान को लेकर विवाद बढ़ने और ट्रोलिंग शुरू होने के बाद उन्होंने कहा कि उनके शब्दों को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य किसी धर्म या आस्था का अपमान करना नहीं था, बल्कि एक व्यापक सामाजिक मुद्दे पर अपनी बात रखना था। गीतांजलि ने लोगों से अपील की कि किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसके पूरे संदर्भ को समझें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैली अधूरी जानकारी की वजह से गलतफहमियां पैदा हुईं।

Avatar
लेखक परिचय
Palak Gupta
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate,… और पढ़ें
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate, credible, and reader-centric reporting, driven by a commitment to ethical journalism and continuous professional growth.

Leave a Comment