उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक शादी समारोह उस समय सदमे में बदल गया, जब विदाई से ठीक पहले दूल्हे के किन्नर होने का खुलासा हो गया। सात फेरे और सभी वैवाहिक रस्में पूरी हो चुकी थीं, लेकिन अचानक सामने आई इस सच्चाई ने लड़की पक्ष समेत मौजूद हर शख्स को हैरान कर दिया। मामला कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
परिजनों के मुताबिक 13 फरवरी को रामसनेहीघाट इलाके से बारात आई थी। शादी की रस्में सामान्य ढंग से चल रही थीं। शनिवार सुबह किन्नर नेग लेने पहुंचे। दूल्हे को देखते ही उन्हें शक हुआ।
बताया जाता है कि दूल्हा पक्ष ने सामान्य नेग देने के बजाय 23 हजार रुपये देकर मामला शांत करने की कोशिश की। इसके बाद किन्नर दूल्हे को अलग ले गए और जांच के बाद बाहर आकर ऐसी बात कही जिससे माहौल बदल गया। उन्होंने इशारों में लड़की पक्ष को बताया कि दूल्हा किन्नर है।
यह सुनते ही लड़की के परिवार में हलचल मच गई। जब दूल्हे से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने खुद इस बात को स्वीकार कर लिया। सच्चाई सामने आते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया। खुद को घिरता देख दूल्हे के कई साथी और बाराती मौके से खिसक गए। कुछ महिलाएं ही वहां रह गईं।
लड़की के रिश्तेदारों का कहना है कि करीब छह महीने पहले यह रिश्ता तय हुआ था और उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि तनावपूर्ण स्थिति के बावजूद लड़की पक्ष ने संयम दिखाया।
उन्होंने शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग की और बाद में बचे लोगों को वापस भेज दिया। विदाई नहीं हुई और बारात दुल्हन के बिना लौट गई।
अगले दिन जब लोग दूल्हे के घर पहुंचे तो वहां सन्नाटा पसरा मिला। घर में शादी की सजावट थी, लेकिन परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। पड़ोसियों का कहना है कि राज खुलने के बाद पूरा परिवार घर छोड़कर चला गया। घटना की चर्चा पूरे इलाके में फैल गई है और लोग इसे बड़े धोखे के रूप में देख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सोने के दाम में 19100 रुपए उछाल – 22K 24K भाव अपडेट, जानें ताजा सराफा रेट
इस मामले ने एक बार फिर विवाह से पहले सही जानकारी और जांच की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार गहरे सदमे में है और बेटी के भविष्य को लेकर चिंतित है।










