1. टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग में बिश्नोई गैंग का नाम आया सामने, अमेरिका से साजिश रचने का दावा
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है। रविवार, 18 अक्टूबर की शाम हुई इस घटना के दौरान बाइक सवार हमलावरों ने अभिनेता की कार पर गोलियां चलाईं। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और ऑडियो क्लिप सामने आई, जिसमें अमेरिका में मौजूद बताए जा रहे अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिल पंडित अमेरिका से बिश्नोई गैंग के लिए काम करने वाला कथित सदस्य है और उस पर भारत में आपराधिक गतिविधियों का नेटवर्क चलाने के आरोप हैं।
यह भी पढ़ें: Gold Price 17 October: सोने के दाम में फिर गिरावट, जानें देश के 10 बड़े शहरों में आज का ताजा भाव
2. उत्तराखंड के नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ली शपथ, CM धामी ने दी बधाई
उत्तराखंड को नए राज्यपाल मिल गए हैं। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को देहरादून स्थित लोक भवन में राज्यपाल पद की शपथ ली। उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री धामी ने डॉ. बिसेन को बधाई देते हुए कहा कि उनके लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव से राज्य के विकास को नई दिशा मिलेगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 12 अक्टूबर को डॉ. बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया था।
3. आरा में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी की हत्या का मामला, कोलकाता एयरपोर्ट से चंदन सिंह गिरफ्तार
बिहार के भोजपुर जिले के आरा में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी चंदन सिंह को सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, चंदन सिंह की गिरफ्तारी कोलकाता पुलिस की मदद से की गई। रामकुमार सिंह की 15 अक्टूबर को आरा के कनकपुरी मोहल्ले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई गई है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि करीब 13 से 14 कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और परिवार को धमकियां भी मिली थीं। इस मामले में चंदन सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें: सऊदी अरब जाने वालों को झटका! एअर इंडिया ने 24 अक्टूबर तक रद्द कीं 3 शहरों की उड़ानें
4. टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में तीन आरोपी शूटर गिरफ्तार, मुंबई से कोटा तक ऐसे पहुंची पुलिस
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी, जब टाइगर श्रॉफ फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। अभिनेता इस हमले में सुरक्षित रहे, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गोली लगने से चोटें आईं। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाईं और दूसरे राज्यों की पुलिस से संपर्क किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मुंबई से बाहर निकलने की जानकारी मिली, जिसके बाद उनकी तलाश तेज कर दी गई।
5. रिमोट वाली कार के लिए हाथरस से 700 KM के सफर पर निकले दो मासूम भाई, ट्रक ड्राइवर ने की मदद
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दो मासूम भाइयों का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी का ध्यान खींचा है। घर में रखे कुछ रुपये नहीं मिलने और खिलौने वाली कार खरीदने की बात पर मां से डांट पड़ने के बाद 13 साल का अभिनव और उसका 7 साल का छोटा भाई अक्षत घर छोड़कर निकल पड़े। दोनों को डर था कि शाम को पिता के घर लौटने पर उन्हें दोबारा डांट पड़ेगी। इसी डर में दोनों भाइयों ने ट्यूशन जाने का बहाना बनाया और साइकिल लेकर जौनपुर स्थित अपने दादा-दादी के घर जाने के लिए निकल पड़े। जौनपुर अलीगढ़ से करीब 650 से 700 किलोमीटर दूर है। दोनों बच्चों को इतनी लंबी दूरी और रास्ते में आने वाली मुश्किलों का अंदाजा नहीं था।
6. दिल्ली के द्वारका में 221 फीट ऊंचे रावण का दहन करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, भव्य आयोजन की तैयारी
दिल्ली के द्वारका में इस बार दशहरा उत्सव खास होने जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 अक्टूबर 2026 को द्वारका सेक्टर-10 में आयोजित रामलीला समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और 221 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन करेंगी। द्वारका श्री रामलीला सोसायटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इस साल रावण का पुतला अपनी विशाल ऊंचाई के कारण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। करीब 22 मंजिला इमारत जितने ऊंचे इस पुतले को तैयार करने में लगभग तीन महीने लगे और इस पर करीब 40 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके निर्माण में लगभग 7 टन लोहे का इस्तेमाल हुआ है। विशालकाय रावण के पुतले का दहन रिमोट कंट्रोल तकनीक से किए जाने की भी तैयारी है।
7. लॉरेंस बिश्नोई को ‘साहब’ कहने पर दिल्ली पुलिस विवादों में, संबोधन पर उठे सवाल
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी का गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को ‘साहब’ कहकर संबोधित करने वाला पुराना वीडियो एक बार फिर चर्चा में है। सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए। वीडियो में दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिले के डीसीपी अभिषेक धानिया एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रंगदारी के मामले की जानकारी देते हुए लॉरेंस बिश्नोई का नाम ‘साहब’ के साथ लेते सुनाई देते हैं। अभिजीत दिपके ने अपनी पोस्ट में सवाल उठाया कि पुलिस गैंगस्टरों के लिए इतना सम्मानजनक संबोधन इस्तेमाल करती है, जबकि छात्रों और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं के साथ वैसा व्यवहार क्यों नहीं किया जाता। हालांकि, इस मामले में डीसीपी अभिषेक धानिया पहले ही सफाई दे चुके हैं कि ‘साहब’ शब्द अनजाने में उनकी जुबान से निकल गया था।
यह भी पढ़ें: लगातार 6 हफ्तों से खुजली और स्किन पर चकत्ते? डॉक्टर से जानें वजह और कब हो जाएं सावधान
8. गुजरात में नर्मदा पुल निर्माण की गुणवत्ता पर CM भूपेंद्र पटेल सख्त, ठेकेदार पर FIR
गुजरात के नर्मदा जिले में करजण नदी पर बने पुल की खराब निर्माण गुणवत्ता सामने आने के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सड़क एवं भवन विभाग ने पुल बनाने वाली सूरत की कंपनी रॉयल इन्फ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ राजपीपला पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई है। यह पुल राजपीपला-रामगढ़ (नवागाम) सड़क पर स्थित है और इसके निर्माण पर 10.71 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। पुल का निर्माण कार्य अगस्त 2020 में पूरा हुआ था, लेकिन करीब छह साल बाद ही इसकी सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस मामले में केवल ठेकेदार ही नहीं, बल्कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिम्मेदार अधिकारियों पर गुजरात राज्य सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1971 के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। यह पुल राजपीपला और रामगढ़ के आसपास के इलाकों के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके बंद होने से स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
9. अमेरिका पर भरोसे को लेकर नेतन्याहू के बयान की चर्चा, भारत से संबंध मजबूत करने के संकेत
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के साथ भविष्य के संबंधों को लेकर चिंता जताते हुए भारत समेत दूसरे देशों के साथ रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर जोर दिया है। सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेतन्याहू ने अपनी सुरक्षा नीति पेश करते हुए आशंका जताई कि आने वाले समय में अमेरिका में ऐसा राष्ट्रपति सत्ता में आ सकता है, जिसका रुख इजरायल के प्रति विरोधी हो। उन्होंने कहा कि इजरायल को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के बचे हुए समय का इस्तेमाल अपने हितों को मजबूत करने के लिए करना चाहिए। नेतन्याहू ने भारत के अलावा लैटिन अमेरिकी देशों के साथ भी सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई। उनके बयान ऐसे समय आए हैं, जब इजरायल में 27 अक्टूबर को आम चुनाव होने हैं और मध्य पूर्व की स्थिति को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
10. एशियन पैरा गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, मोना अग्रवाल को गोल्ड और अवनि लेखरा को सिल्वर
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत करते हुए देश को पहला गोल्ड और सिल्वर मेडल दिलाया है। सोमवार, 19 अक्टूबर को जापान के आइची-नागोया में आयोजित महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि भारत की ही अवनि लेखरा को रजत पदक मिला। मोना ने फाइनल में 250.0 अंक हासिल कर एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया। वहीं, अवनि ने 249.6 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहा और गोल्ड मेडल का फैसला महज 0.4 अंकों के अंतर से हुआ।
11. SIP में हर साल ₹100 बढ़ाने से 10 साल में कितना बनेगा फंड? समझें पूरा कैलकुलेशन
निवेश के जरिए भविष्य के लिए अच्छी रकम जमा करना चाहते हैं, लेकिन हर महीने ज्यादा पैसे निवेश करना मुश्किल लगता है? ऐसे में स्टेप-अप SIP आपके लिए एक विकल्प हो सकती है। इसमें निवेशक हर साल अपनी मासिक SIP की रकम में थोड़ा-थोड़ा इजाफा करता है। उदाहरण के लिए, अगर आप हर महीने ₹1,000 की SIP शुरू करते हैं और हर साल इसमें ₹100 बढ़ाते हैं, तो पहले साल हर महीने ₹1,000, दूसरे साल ₹1,100, तीसरे साल ₹1,200 और इसी तरह दसवें साल ₹1,900 निवेश करेंगे। इस तरह 10 साल में आपका कुल निवेश ₹1.74 लाख होगा। अगर इस दौरान निवेश पर सालाना औसतन 12% रिटर्न मिलता है, तो कंपाउंडिंग के असर से आपका कुल फंड लगभग ₹3.15 लाख हो सकता है। इसमें करीब ₹1.40 लाख अनुमानित रिटर्न से मिलेंगे। ध्यान रखें कि यह कैलकुलेशन एक उदाहरण है, वास्तविक रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग का दावा, हमलावरों ने 45 मिनट इंतजार के बाद बरसाईं गोलियां
12. सलमान खान को अनिल पंडित की धमकी, माफी मांगने तक पीछा नहीं छोड़ने का दावा
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के बाद अनिल पंडित नाम के व्यक्ति का एक कथित ऑडियो सामने आया है, जिसमें वह सलमान खान से जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और बिश्नोई समाज से माफी मांगने की बात कह रहा है। 19 अक्टूबर 2026 को सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑडियो में सलमान खान और उनके परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अनिल पंडित ने कथित ऑडियो में कहा कि जब तक सलमान खान माफी नहीं मांगते, तब तक उनका पीछा नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी मुश्किलें बढ़ाई जाती रहेंगी। यह धमकी ऐसे समय सामने आई है, जब टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस जांच कर रही है।
13. भारत को मिलेगा 3,600 KM लंबा समुद्री इंटरनेट नेटवर्क, लाल सागर केबल संकट में भी मिलेगी मदद
भारत की इंटरनेट कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए समुद्र के नीचे 3,600 किलोमीटर लंबी नई इंटरनेट केबल बिछाने की तैयारी है। इस परियोजना का नाम I-2SEA है, जो भारत को मलेशिया और सिंगापुर से जोड़ेगी। इसके निर्माण में माइक्रोसॉफ्ट, लाइटस्टॉर्म, टाटा कम्युनिकेशंस और सिंगटेल जैसी कंपनियां शामिल हैं। स केबल के जरिए भारत के पूर्वी तट से दक्षिण-पूर्व एशिया तक डेटा ट्रांसफर के लिए एक नया रास्ता तैयार होगा। परियोजना के तहत आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और चेन्नई के दक्षिणी हिस्से सहित कई स्थानों पर केबल लैंडिंग स्टेशन बनाए जाने की योजना है।
14. फायरिंग के दौरान BMW 3 Series में सवार थे टाइगर श्रॉफ, जानें कार की कीमत और सेफ्टी फीचर्स
मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर की शाम बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद उस लग्जरी गाड़ी की भी चर्चा हो रही है, जिसमें वह सवार थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाइगर उस वक्त BMW 3 Series Gran Limousine 320Ld LCI M Sport में थे। इस लग्जरी सेडान में 2.0 लीटर का चार-सिलेंडर टर्बो डीजल इंजन दिया गया है, जो लगभग 190 हॉर्सपावर की ताकत और 400 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसमें 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी मिलता है। फ्टी फीचर्स की बात करें तो BMW 3 Series के इस मॉडल में एयरबैग, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), ब्रेक असिस्ट, स्टेबिलिटी और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं। पार्किंग में मदद के लिए रिवर्सिंग कैमरा और सेंसर भी दिए गए हैं, जबकि कुछ वेरिएंट में एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस और पार्किंग असिस्टेंस फीचर्स उपलब्ध हैं। हालांकि, यह कार बुलेटप्रूफ नहीं है और सामान्य सेफ्टी फीचर्स का मतलब यह नहीं कि गाड़ी गोलियों से सुरक्षित रह सकती है।
15. जर्मनी में भारतीय छात्रों के लिए पढ़ाई कितनी मुफ्त? जानें फीस और ब्लॉक्ड अकाउंट का खर्च
विदेश में पढ़ाई करने का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के लिए जर्मनी एक लोकप्रिय विकल्प है। इसकी बड़ी वजह यहां की सरकारी यूनिवर्सिटीज में कम या बिना ट्यूशन फीस के पढ़ाई करने का मौका मिलना है। जर्मनी के ज्यादातर सरकारी उच्च शिक्षण संस्थानों में बैचलर और कई मास्टर डिग्री प्रोग्राम के लिए ट्यूशन फीस नहीं ली जाती, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त है। छात्रों को हर सेमेस्टर में एक तय राशि जमा करनी होती है, जिसे सेमेस्टर कॉन्ट्रिब्यूशन कहा जाता है। जर्मन अकादमिक एक्सचेंज सर्विस (DAAD) के मुताबिक, यह रकम आमतौर पर करीब 70 से 430 यूरो प्रति सेमेस्टर हो सकती है। इसमें छात्र सेवाओं, प्रशासनिक खर्च और कई यूनिवर्सिटीज में पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़ी सुविधाओं का शुल्क शामिल होता है। वहीं, प्राइवेट यूनिवर्सिटीज में ट्यूशन फीस काफी ज्यादा हो सकती है। कुछ सरकारी संस्थानों में भी फीस देनी पड़ती है।
16. हरिद्वार के जंगलों में स्थित मां सुरेश्वरी देवी मंदिर में नवमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शारदीय नवरात्र की नवमी के अवसर पर हरिद्वार में मां दुर्गा के मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। राजाजी राष्ट्रीय उद्यान के शांत जंगलों में स्थित मां सुरेश्वरी देवी मंदिर में भी भक्त माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। हरिद्वार से करीब सात किलोमीटर दूर रानीपुर क्षेत्र में सूरकूट पर्वत पर स्थित यह प्राचीन मंदिर मां दुर्गा को समर्पित है। नवरात्र के दौरान यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। मंदिर तक पहुंचने के लिए जंगल और पहाड़ी रास्ते से गुजरना पड़ता है, लेकिन भक्तों की आस्था उन्हें दर्शन के लिए यहां खींच लाती है।
17. बेगूसराय में NH-31 पर दर्दनाक सड़क हादसा, ससुराल जा रहे बाइक सवार युवक की मौत
बिहार के बेगूसराय में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवक दुर्गा पूजा के दौरान अपने ससुराल जा रहा था, तभी रास्ते में वह हादसे का शिकार हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। खासकर त्योहारों के दौरान जब सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है, तब दोपहिया वाहन चालकों के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी हो जाता है। हेलमेट पहनना, गति नियंत्रित रखना और सड़क पर पर्याप्त दूरी बनाए रखना दुर्घटना में गंभीर चोट या जान जाने के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।
यह भी पढ़ें: नवरात्रि 2026: पहले दिन नारंगी, दूसरे दिन सफेद; जानें मां दुर्गा की पूजा के लिए 9 दिनों के शुभ रंग
18. गाजियाबाद की सोसाइटी में बच्चों की अनोखी रामलीला, तैयारी से अभिनय तक सब खुद संभाला
गाजियाबाद की एक सोसाइटी में बच्चों की ओर से आयोजित अनोखी रामलीला ने लोगों का ध्यान खींचा है। इस आयोजन की खास बात यह रही कि बच्चों ने केवल राम, सीता, लक्ष्मण और रावण जैसे किरदार ही नहीं निभाए, बल्कि रामलीला की तैयारी से लेकर मंचन तक की जिम्मेदारी भी खुद संभाली। बच्चों ने अपने स्तर पर संवादों का अभ्यास किया, पात्रों के मुताबिक वेशभूषा तैयार की और मंच से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी हिस्सा लिया। इस तरह रामलीला उनके लिए सिर्फ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मिलकर काम करने और अपनी जिम्मेदारी निभाने का अनुभव भी बनी।
19. राज्यपालों की नियुक्ति के बाद BJP में बड़े फेरबदल की अटकलें, संसदीय बोर्ड और मंत्रिमंडल में बदलाव संभव
देश के छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) में बड़े संगठनात्मक बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। 12 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केरलम, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तराखंड, सिक्किम और ओडिशा के लिए राज्यपालों की नियुक्ति की घोषणा की। इसके बाद पार्टी के संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति में बदलाव की संभावनाओं पर चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक रिपोर्टों के मुताबिक, कर्नाटक की राज्यपाल बनाई गईं सुधा यादव BJP के संसदीय बोर्ड की सदस्य थीं, ऐसे में उनके नए पद पर जाने से पार्टी के इस शीर्ष निकाय में एक जगह खाली हुई है। इन संभावित बदलावों के साथ केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा भी जोर पकड़ रही है।
20. श्रावस्ती में पत्नी की धारदार हथियार से हत्या, शराब के नशे में पति पर वारदात का आरोप
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के बांसगढ़ी गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। घटना मल्हीपुर थाना क्षेत्र के जमुनहा इलाके की है, जहां नीलम मौर्य नाम की महिला पर उसके पति रक्षाराम मौर्य ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना 18 अक्टूबर की देर रात हुई। आरोप है कि शराब के नशे में पति का पत्नी से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पहले महिला के साथ मारपीट की। जान बचाने के लिए नीलम घर से बाहर निकली, लेकिन आरोपी कथित तौर पर उसे पीटते हुए चौराहे तक ले गया और वहां धारदार हथियार से कई वार किए। रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही आरोपी शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। मामले में पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।





