1. आलिया कुरैशी की परफॉर्मेंस पर सीटियां बजाते दिखे विजय वर्मा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बॉलीवुड एक्टर विजय वर्मा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में वह मुंबई में सिंगर और एक्ट्रेस आलिया कुरैशी के म्यूजिक एल्बम ‘झल्ली’ के लॉन्च इवेंट में पहुंचे। इस दौरान आलिया ने लाइव परफॉर्मेंस दी, जिसे देखकर विजय वर्मा काफी उत्साहित नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह आलिया के लिए जोर-जोर से सीटियां बजाते, तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाते और अपने फोन से उनकी परफॉर्मेंस रिकॉर्ड करते दिख रहे हैं। विजय का यह अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच रहा है और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार में अडानी पावर का बड़ा विस्तार, पीरपैंती पावर प्लांट की क्षमता बढ़कर 4,800 मेगावाट होगी
2. वैशाली नाव हादसे पर चिराग पासवान सख्त, लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई का भरोसा
बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। बुधवार, 14 अक्टूबर को वह पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में बचाए गए बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दुर्घटना में 13 बच्चों की मौत हुई है। चिराग पासवान ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि फिलहाल घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों की मदद को प्राथमिकता दी जा रही है।
3. बंगाल TMC में सियासी हलचल, महिला तृणमूल अध्यक्ष सबीना यास्मीन का इस्तीफा
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रही सियासी उठापटक के बीच विधायक सबीना यास्मीन ने महिला संगठन के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बुधवार, 14 अक्टूबर को ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट की प्रदेश महिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी छोड़ने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बिप्लब मित्रा को अपना इस्तीफा भेजा। सबीना ने पद छोड़ने की वजह खराब सेहत और पारिवारिक परिस्थितियों को बताया है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह पार्टी नहीं छोड़ रही हैं और आगे भी कार्यकर्ता के तौर पर काम करती रहेंगी। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और संगठन को लेकर खींचतान जारी है।
4. जर्मनी में विमान से गलती से भेजा गया हाईजैक अलर्ट, सुरक्षा के लिए उड़ाए गए फाइटर जेट
जर्मनी में मंगलवार, 13 अक्टूबर को एक यात्री विमान से गलती से हाईजैक अलर्ट भेजे जाने के बाद हड़कंप मच गया। ग्रीस के कोर्फू द्वीप से जर्मनी के नूर्नबर्ग जा रही कोरेंडन एयरलाइंस की बोइंग 737-800 फ्लाइट ने क्रोएशिया के हवाई क्षेत्र में रहते हुए अपहरण से जुड़ा इमरजेंसी कोड 7500 भेज दिया। इसके बाद जब एयर ट्रैफिक कंट्रोल विमान के पायलट से संपर्क नहीं कर पाया, तो सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद जांच में पता चला कि कोई हाईजैक नहीं हुआ था। कोरेंडन एयरलाइंस ने बताया कि विमान के रेडियो कम्युनिकेशन सिस्टम में थोड़ी देर के लिए खराबी आने के कारण गलती से इमरजेंसी कोड भेजा गया था। एयरलाइन के मुताबिक, विमान में सवार 178 यात्रियों और क्रू मेंबर्स को कोई खतरा नहीं था। पुलिस ने भी जांच के बाद स्थिति सामान्य होने की पुष्टि की। इस घटना के कारण नूर्नबर्ग एयरपोर्ट पर छह उड़ानों में देरी हुई, जबकि दो आने वाली उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया।
यह भी पढ़ें: बिहार में अडानी पावर का बड़ा विस्तार, पीरपैंती पावर प्लांट की क्षमता बढ़कर 4,800 मेगावाट होगी
5. मोहाली में पूर्व पार्षद के घर पर फायरिंग, 7-8 राउंड गोलियां चलने की आशंका
पंजाब के मोहाली जिले के जीरकपुर स्थित बलटाना इलाके में बुधवार, 14 अक्टूबर की देर रात पूर्व पार्षद नीतू चौधरी के घर पर फायरिंग की घटना सामने आई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने तड़के करीब ढाई बजे घर को निशाना बनाकर 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गोलियां घर के मुख्य गेट और बाहरी दीवारों पर लगीं। फायरिंग की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
6. CJP की अमेरिकी फंडिंग पर मैरी मिलबेन ने लगाए आरोप, मोदी विरोधियों पर भी साधा निशाना
अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने भारत में सक्रिय कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर बड़ा दावा किया है। बुधवार, 14 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके और उनके संगठन को अमेरिका के कुछ ऐसे दानदाताओं से आर्थिक मदद मिल रही है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी हैं। मिलबेन ने दावा किया कि इस पैसे का इस्तेमाल भारत में सरकार और शासन व्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिशों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने भारतीय युवाओं से चुप न रहने और पार्टी की कथित गतिविधियों के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने की अपील की। मिलबेन ने यह भी कहा कि लोकतंत्र और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए ऐसे प्रयासों के जवाब में शांतिपूर्ण जनआंदोलन होना चाहिए।
7. छत्तीसगढ़ के दुर्ग विश्वविद्यालय में अब जर्मन, फ्रेंच और जापानी भाषा की भी होगी पढ़ाई
छत्तीसगढ़ के हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में अब छात्र जर्मन, फ्रेंच और जापानी जैसी विदेशी भाषाएं भी सीख सकेंगे। विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद की 42वीं बैठक में शैक्षणिक विस्तार के तहत भारतीय और विदेशी भाषा केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। यह केंद्र शैक्षणिक सत्र 2027-28 से शुरू करने की योजना है। पहले चरण में जर्मन, फ्रेंच और जापानी के साथ छत्तीसगढ़ी, ओड़िया और मराठी भाषा की पढ़ाई भी कराई जाएगी। विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को नई भाषाओं से जोड़ना और उनके लिए पढ़ाई व रोजगार के नए अवसर तैयार करना है। विश्वविद्यालय में नए भाषा केंद्र की शुरुआत से विद्यार्थियों को अपने शहर में ही विदेशी भाषाएं सीखने का अवसर मिल सकेगा। जर्मन, फ्रेंच और जापानी भाषा का ज्ञान आगे की पढ़ाई, अनुवाद, पर्यटन, अंतरराष्ट्रीय कारोबार और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में काम करने जैसे क्षेत्रों में उपयोगी हो सकता है।
यह भी पढ़ें: नवरात्रि व्रत में कौन-सा आटा खाना है सबसे फायदेमंद? कुट्टू से राजगिरा तक, जानें चारों के हेल्थ बेनिफिट्स
8. हरियाणा CM नायब सैनी का 4 दिवसीय स्वीडन दौरा शुरू, निवेश और रोजगार बढ़ाने पर जोर
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का चार दिवसीय स्वीडन दौरा 14 अक्टूबर से शुरू हो गया है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य हरियाणा में विदेशी निवेश आकर्षित करना, औद्योगिक साझेदारी बढ़ाना और नई तकनीकों को राज्य तक पहुंचाना है। 14 से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस दौरे के दौरान सैनी स्वीडन की सरकार के प्रतिनिधियों, उद्योग समूहों, कारोबारी संगठनों और संभावित निवेशकों से मुलाकात करेंगे। राज्य सरकार बिजली और ऊर्जा, रक्षा उत्पादन, ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट और होम फर्निशिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं तलाश रही है।
9. कांग्रेस की वापसी का दावा कर प्रमोद तिवारी ने BJP पर साधा निशाना, सियासत तेज
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने दावा किया है कि कांग्रेस देश की राजनीति में वापसी की राह पर है और आने वाले चुनावों में पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करेगी। बुधवार, 14 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तिवारी ने कहा कि कांग्रेस की सक्रियता और विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों के कारण अमित शाह को भी अपनी बात रखनी पड़ी। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा में बीजेपी की पुरानी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीति में हालात बदलते रहते हैं और किसी पार्टी को स्थायी रूप से कमजोर नहीं माना जा सकता। तिवारी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जैसे राज्यों में आने वाले चुनावों में कांग्रेस अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगी।
10. बम की धमकी के बाद Air India की फ्लाइट जयपुर डायवर्ट, कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2030 को बुधवार, 14 अक्टूबर को सुरक्षा अलर्ट के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान ने सुबह करीब 9:35 बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। शुरुआती रिपोर्ट्स में विमान में बम होने की धमकी की बात सामने आई, जबकि कुछ रिपोर्ट्स में इसे संभावित हाईजैक अलर्ट बताया गया। विमान के जयपुर पहुंचते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और उसे मुख्य रनवे से अलग आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने विमान की जांच शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।
11. पटना में ऑटो चालक की हत्या का खुलासा, सगे भाई पर ₹1.20 लाख की सुपारी देने का आरोप
बिहार के पटना जिले के नौबतपुर में ऑटो चालक मिठू कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात नेवां पुल के पास हुई इस हत्या की साजिश मृतक के सगे छोटे भाई सोहन कुमार उर्फ अर्जुन ने रची थी। जांच के दौरान पारिवारिक विवाद सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने सोहन समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोहन ने अपने भाई की हत्या कराने के लिए परिचितों को 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी।
12. वैशाली नाव हादसे पर PM मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान
बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। मंगलवार, 13 अक्टूबर की शाम हुए इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित परिवारों की मदद कर रहा है।
13. पाकिस्तान में ट्रेन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी की अजीब हरकत, मोजे सूंघने का वीडियो वायरल
पाकिस्तान में लाहौर से कराची जा रही ग्रीन लाइन ट्रेन में चेकिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी की अजीब हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी विदेशी पर्यटकों के सामान की तलाशी लेते हुए कपड़े, मोजे और मेकअप किट जैसी चीजों को नाक के पास ले जाकर सूंघता दिखाई दे रहा है। यह घटना मलेशियाई यात्री ऐमोन और उनकी जर्मन साथी लुइजा के साथ हुई। यात्रियों के मुताबिक, पहले पुलिसकर्मियों ने उनके टिकट और पासपोर्ट चेक किए थे। इसके करीब 10 मिनट बाद एक अधिकारी दोबारा उनके डिब्बे में आया और सामान की तलाशी लेने लगा। वीडियो में अधिकारी पहले ऐमोन की तलाशी लेता है और फिर लुइजा के बैग से सामान निकालकर जांचता दिखाई देता है। इस दौरान दोनों यात्री असहज नजर आते हैं।
यह भी पढ़ें: Gold-Silver Price 14 October: सोना-चांदी के भाव में बदलाव, चांदी ₹2.19 लाख पर; जानें ताजा रेट
14. नवरात्रि पर CM योगी का महिला सशक्तिकरण पर जोर, बोले- ग्रामीण महिलाएं बन रहीं अर्थव्यवस्था की ताकत
शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश की ग्रामीण महिलाएं अब केवल सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। मां कूष्मांडा की पूजा के अवसर पर उन्होंने महिलाओं को सृजन, ऊर्जा और समृद्धि का प्रतीक बताया। योगी ने कहा कि जब महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए अवसर और संसाधन मिलते हैं, तो वे मेहनत के दम पर आत्मनिर्भर बनती हैं और परिवार के साथ समाज की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करती हैं।
15. वाराणसी के सोनारपुरा में नई शराब दुकान खोलने का विरोध, स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
वाराणसी के सोनारपुरा इलाके में नई शराब की दुकान खोलने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। बुधवार, 14 अक्टूबर की सुबह भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी चौकी अंतर्गत आने वाले इस इलाके में बड़ी संख्या में लोग एकजुट हुए और दुकान के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सोनारपुरा घनी आबादी वाला इलाका है और प्रस्तावित दुकान के आसपास मंदिर-मस्जिद भी हैं। ऐसे में यहां शराब की दुकान खुलने से इलाके का माहौल प्रभावित हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।
यह भी पढ़ें: सुर्खियों में 13 अक्टूबर: सियासत, कारोबार, खेल और बॉलीवुड की बड़ी हलचल
16. मध्य पूर्व संकट के बीच जापान ने एशियाई देशों को तेल भंडार बढ़ाने की दी सलाह
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और तेल आपूर्ति में रुकावट के खतरे के बीच जापान ने एशियाई देशों से अपने तेल भंडार बढ़ाने और आपात स्थिति से निपटने की तैयारी मजबूत करने की अपील की है। जापान के उद्योग मंत्री रयोसेई अकाजावा ने कहा कि क्षेत्र के देशों को कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार रखने के साथ-साथ भंडारण सुविधाओं और आपूर्ति व्यवस्था को भी मजबूत करना चाहिए। 12 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा मंच की ऑनलाइन बैठक में उन्होंने कहा कि तेल उत्पादक देशों और आयात करने वाले देशों के बीच सहयोग बढ़ाना जरूरी है। जापान मध्य पूर्व के तेल उत्पादकों और एशिया के उपभोक्ता देशों के बीच समन्वय बढ़ाने में भूमिका निभाना चाहता है, ताकि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर रखने में मदद मिल सके।
17. World T20 Continent Cup से हटे शिखर धवन, आयोजकों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में खेलने से इनकार कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि टूर्नामेंट के आयोजकों ने उनकी जानकारी और अनुमति के बिना प्रतिभागियों की सूची में उनका नाम शामिल कर दिया। धवन ने 13 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर साफ किया कि उन्होंने इस टूर्नामेंट में खेलने की सहमति नहीं दी है। उन्होंने कहा कि उनका नाम बिना इजाजत इस्तेमाल किए जाने के मामले में उनकी टीम उचित कानूनी कदम उठाएगी। धवन ने मीडिया और प्रशंसकों से भी अपील की कि वे उनकी भागीदारी को लेकर किसी भी ऐसी घोषणा पर भरोसा न करें, जिसे उन्होंने खुद मंजूरी नहीं दी है।
18. Bank of Baroda पर दुबई के कारोबारी ने किया $15 अरब का मुकदमा, शेयरों में गिरावट
दुबई में कारोबार करने वाले भारतीय मूल के कारोबारी बीआर शेट्टी ने बैंक ऑफ बड़ौदा और 25 अन्य पक्षों के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में 15 अरब डॉलर यानी करीब 1.44 लाख करोड़ रुपये के हर्जाने का मुकदमा दायर किया है। शेट्टी एनएमसी हेल्थकेयर और यूएई एक्सचेंज के संस्थापक हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बैंक और उसके कुछ मौजूदा व पूर्व अधिकारियों ने उनके कारोबारी समूह से जुड़ी कथित वित्तीय गड़बड़ियों में मदद की। उनका दावा है कि कुछ लेन-देन में संदिग्ध तरीके अपनाए गए, मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े अलर्ट को नजरअंदाज किया गया और ऐसी गारंटियों के आधार पर उन पर देनदारी डाली गई, जिन पर उनके मुताबिक हस्ताक्षर जाली थे।
19. राष्ट्रपति भवन में रणबीर कपूर की ‘रामायण’ की स्पेशल स्क्रीनिंग की चर्चा, आधिकारिक मंजूरी का इंतजार
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की आगामी फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ रिलीज से पहले चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के निर्माता 5 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में इसकी विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। इस स्क्रीनिंग में राजनीतिक नेताओं और चुनिंदा मेहमानों को आमंत्रित किए जाने की संभावना है। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें: Gold-Silver Price 14 October: सोना-चांदी के भाव में बदलाव, चांदी ₹2.19 लाख पर; जानें ताजा रेट
20. Apple TV 4K में बिना रिमोट Siri से बात करने की सुविधा, नए AI फीचर्स और A19 चिप की चर्चा
ऐपल ने अपनी नई पीढ़ी का Apple TV 4K लॉन्च कर दिया है। इसमें सबसे बड़ा बदलाव सिरी एआई और बिना रिमोट के आवाज से कमांड देने की सुविधा है। डिवाइस में तीन बिल्ट-इन माइक्रोफोन दिए गए हैं, जिनकी मदद से यूजर रिमोट उठाए बिना “हे सिरी” कहकर फिल्में और टीवी शो खोज सकते हैं। नया सिरी एआई सामान्य भाषा में पूछे गए सवालों को समझ सकता है, देखने के लिए कंटेंट सुझा सकता है और शो या फिल्म देखते समय उससे जुड़े सवालों के जवाब भी स्क्रीन पर दिखा सकता है। इस डिवाइस में ए19 चिप दी गई है, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि इसकी सीपीयू परफॉर्मेंस पिछली पीढ़ी के मुकाबले 50% तक तेज और ग्राफिक्स परफॉर्मेंस दोगुनी तक हो सकती है।





