22 अगस्त Top News: राजनीति से कारोबार तक, देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरें एक साथ

22 अगस्त को राजनीति, कारोबार, मौसम और देश-दुनिया से जुड़ी कई अहम खबरें सुर्खियों में रहीं। प्रधानमंत्री मोदी के आर्थिक सुधारों से लेकर भारत-रूस संबंधों, बाजार और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम तक दिनभर कई बड़े अपडेट सामने आए।

Palak Gupta

22 अगस्त 2026

1 min read
आज की टॉप खबरें: 1 सितंबर के देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन के सभी बड़े अपडेट

1. होर्मुज पर फिर गरजे ट्रंप, ईरान ने दी तबाही मचाने की धमकी

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को अमेरिकी क्षेत्र बताते हुए कहा है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान अभी अमेरिका के साथ किसी सही समझौते के लिए तैयार नहीं है। ट्रंप के बयान के बाद ईरान की ओर से भी कड़ा जवाब सामने आया है। ईरानी अधिकारियों ने ट्रंप के होर्मुज पर दावे को खारिज करते हुए इसे गलत धारणा बताया है और संकेत दिया है कि अमेरिका की ओर से किसी नए हमले की स्थिति में ईरान जवाबी कार्रवाई कर सकता है।

2. निशाना साधते वक्त बिगड़ी नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट राज अदिति की तबीयत, एंजेला सिंह ने संभाला मोर्चा

बोकारो में चल रही राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के दौरान शनिवार को जमशेदपुर की नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट तीरंदाज राज अदिति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उमस और गर्मी के बीच निशाना साधते समय उनकी हालत खराब हुई, जिसके बाद प्रतियोगिता स्थल पर मौजूद पदाधिकारी तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे। राज अदिति की तबीयत बिगड़ने पर बोकारो जिला तीरंदाजी संघ की सचिव एंजेला सिंह ने तुरंत मोर्चा संभाला और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। संघ के अध्यक्ष डॉ. लंबोदर महतो भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के करीब 300 तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें: जेब में ₹20 लेकर पहुंचे अमेरिका, खड़ा किया अरबों का साम्राज्य; अब भारत के Gen Z पर बड़ा दांव

3. पलामू के रबादा मोड़ पर भारी जलजमाव बना मुसीबत, राहगीरों और ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड में रबादा मोड़ के पास सड़क पर भारी जलजमाव लोगों के लिए परेशानी बन गया है। सरईडीह जाने वाली मुख्य सड़क पर हल्की बारिश के बाद भी पानी जमा हो रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से बाइक सवारों और पैदल चलने वालों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

4. पुतला दहन के दौरान छात्रों और पुलिस में झड़प, DSP बोले- करना पड़ा हल्का बल प्रयोग

झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा से जुड़े मुद्दे को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कई जगह तनाव की स्थिति बनी हुई है। बता दें कि रांची, हजारीबाग और गिरिडीह में छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई जिसके बाद पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया, जबकि गिरिडीह में पुतला दहन को लेकर छात्रों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच भी झड़प की खबर आने लगी।

5. राष्ट्रगीत विवाद पर हिमाचल विधानसभा के बाहर घमासान, कांग्रेस-BJP ने किया प्रदर्शन

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाहर राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गईं। मानसून सत्र के पहले दिन सदन में विवाद के बाद दोनों दलों के विधायकों ने अलग-अलग प्रदर्शन किया। भाजपा ने कांग्रेस पर वंदे मातरम् का अपमान करने का आरोप लगाया, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने भाजपा पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए विरोध जताया है।

6. गंगा का जलस्तर 38.23 मीटर पहुंचा, चंडिका स्थान मंदिर में घुसा पानी

मुंगेर में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार सुबह 6 बजे नदी का पानी 38.23 मीटर तक पहुंच गया, जो चेतावनी निशान से सिर्फ 10 सेंटीमीटर नीचे है। रातभर में जलस्तर करीब 24 सेंटीमीटर बढ़ा है। पानी बढ़ने से गंगा किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

7. तीन दशक पुराना स्वास्थ्य केंद्र बना खंडहर, टेंडर के बाद भी निर्माण शुरू नहीं

कटिहार के बलिया-बेलौन इलाके में करीब तीन दशक पहले बना भैलागंज अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अब जर्जर होकर खंडहर में बदल चुका है। भवन की हालत खराब होने के कारण यहां फिलहाल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे आसपास के लोगों को इलाज के लिए करीब 10 किलोमीटर दूर बलिया-बेलौन जाना पड़ रहा है। लोगों को उम्मीद थी कि नए भवन का निर्माण शुरू होने के बाद समस्या खत्म होगी, लेकिन करीब 1.18 करोड़ रुपये की लागत वाले इस भवन का टेंडर होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें: वैश्विक तनाव के बीच भारत में बदला निवेश का तरीका, PE डील में अब ‘रिटर्न’ के साथ रिस्क पर भी नजर

8. उत्तराखंड चुनाव में ‘नाकामी बनाम उपलब्धि’ की जंग, कांग्रेस के प्लान पर BJP का पलटवार

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी लड़ाई तेज हो गई है। कांग्रेस ने चुनावी रणनीति के तहत जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की कथित नाकामियों को उठाने और पिछली कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को सामने रखने की तैयारी की है। पार्टी ने अपने घोषणापत्र के लिए भी जनता से सुझाव मांगने शुरू कर दिए हैं। भाजपा भी कांग्रेस के हमलों का जवाब देने के लिए अपनी सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को चुनावी मुद्दा बनाने में जुटी है।

9. PoK में बगावत के बीच लश्कर आतंकी सैफुल्लाह कसूरी ने फिर अलापा ‘गजवा-ए-हिंद’ का राग

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े सैफुल्लाह कसूरी का एक भड़काऊ वीडियो सामने आया है। वीडियो में कसूरी कश्मीर को लेकर भारत के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की बात करता और ‘गजवा-ए-हिंद’ का जिक्र करता दिखाई दे रहा है। बता दें कि कसूरी पर पहलगाम आतंकी हमले की साजिश में शामिल होने के आरोप भी लग चुके हैं। ताजा वीडियो के बाद एक बार फिर पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों के भारत विरोधी प्रचार और PoK के मौजूदा हालात के बीच उनके बयानों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: ‘मुस्लिम NATO’ में शामिल होगा बांग्लादेश? नए संकेतों से भारत की बढ़ सकती है चिंता

10. ब्रिटेन में रूसी तेल टैंकर के भारतीय कैप्टन पर आरोप, पत्नी बोलीं- बनाया गया बलि का बकरा

ब्रिटेन में भारतीय मर्चेंट नेवी कैप्टन अजय पंत पर रूसी तेल से जुड़े प्रतिबंधों के उल्लंघन का आरोप लगा है। जून में ब्रिटिश कमांडो ने इंग्लिश चैनल में तेल टैंकर ‘स्मिर्टोस’ को रोका था, जिसके बाद पंत को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों का आरोप है कि जहाज पर करीब 98 हजार टन रूसी तेल था और पंत को इसके बारे में जानकारी थी। मामले में उन्हें अधिकतम 10 साल की सजा हो सकती है।

11. करारी हार के बाद WTC टेबल में सबसे नीचे पहुंचा पाकिस्तान, जानें ताजा स्थिति

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में पाकिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ा है। हेडिंग्ले में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराया। इस हार के बाद पाकिस्तान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच गया है। पाकिस्तान ने अब तक 7 टेस्ट खेले हैं, जिनमें उसे 5 में हार मिली है और उसका अंक प्रतिशत 19.05 है।

12. चीन में 40 लाख कारें रिकॉल, टेस्ला की 30 लाख गाड़ियों में डोर हैंडल की दिक्कत

चीन में करीब 43 लाख गाड़ियों को वापस बुलाने यानी रिकॉल करने का फैसला किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा करीब 29.8 लाख गाड़ियां टेस्ला की हैं। रिकॉल की वजह गाड़ियों के दरवाजों के आपातकालीन हैंडल से जुड़ी सुरक्षा चिंता है। गंभीर हादसे या बिजली की सप्लाई बंद होने की स्थिति में इन हैंडल को ढूंढने या चलाने में परेशानी हो सकती है, जिससे लोगों को बाहर निकलने या बचाव दल को दरवाजा खोलने में दिक्कत आ सकती है।

13. आज पेट्रोल-डीजल महंगा हुआ या सस्ता? जानें 22 अगस्त के ताजा रेट

22 अगस्त को पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। देश के प्रमुख शहरों में आज भी ईंधन की कीमतें लगभग स्थिर हैं। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है, जबकि मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।

शहरपेट्रोल (₹/लीटर)डीजल (₹/लीटर)
दिल्ली102.1295.20
मुंबई111.2197.83
कोलकाता113.5199.82
चेन्नई107.7699.55
बेंगलुरु110.9398.78
हैदराबाद115.69103.82
गुरुग्राम102.9795.64

यह भी पढ़ें: आज की ताजा खबरें: 21 अगस्त को देश-दुनिया में क्या रहा खास? खेल से मनोरंजन तक पढ़ें बड़े अपडेट

14. गोविंदा के अफेयर की अफवाहों के बीच सुनीता आहूजा का बड़ा दावा, दोस्तों पर भी किया खुलासा

गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सुनीता ने एक बड़ा दावा किया है। हाल ही में राखी सावंत से फोन पर बातचीत में उन्होंने कहा कि गोविंदा और अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार शादी करने की तैयारी में थे। सुनीता के इसी दावे के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है। सुनीता ने गोविंदा के दोस्तों को लेकर भी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि उनके आसपास रहने वाले कुछ दोस्त हर बात पर उनकी तारीफ करते हैं और उन्हें सही सलाह नहीं देते। सुनीता ने पहले भी गोविंदा से अपना दोस्त बदलने की बात कही थी।

15. ‘तुम्बाड़ 2’ के सेट पर दिखीं आलिया भट्ट, सोहम शाह-नवाजुद्दीन संग काम करने की चर्चा

आलिया भट्ट इन दिनों फिल्म ‘तुम्बाड़ 2’ की शूटिंग का हिस्सा बन गई हैं। हाल ही में वह फिल्म के सेट पर नजर आईं, जहां वह सोहम शाह और नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करती दिखीं। फिल्म में आलिया की एंट्री की आधिकारिक पुष्टि पहले ही हो चुकी है और अब उनके सेट पर पहुंचने से फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है।

16. NEET UG काउंसलिंग का रिवाइज्ड अलॉटमेंट रिजल्ट जारी, MBBS-BDS अभ्यर्थी कर सकेंगे चेक

नीट यूजी 2026 काउंसलिंग के राउंड-1 का संशोधित सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिया गया है। MBBS और BDS के लिए काउंसलिंग में शामिल उम्मीदवार अपना नया अलॉटमेंट रिजल्ट देख सकते हैं। इसमें उम्मीदवार को मिला कॉलेज और कोर्स की जानकारी दी गई है। जिन छात्रों को सीट मिली है, उन्हें आगे की प्रवेश प्रक्रिया के लिए तय निर्देशों को ध्यान से देखना होगा।

17. कर्नाटक के 500 सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, ₹2,500 करोड़ खर्च करेगी सरकार

कर्नाटक सरकार 500 सरकारी स्कूलों को कर्नाटक पब्लिक स्कूल के तौर पर विकसित करने जा रही है। इसके लिए 2,500 करोड़ रुपये की योजना पर काम हो रहा है। यह परियोजना 2026 से 2030 के बीच लागू की जाएगी। इसमें एशियाई विकास बैंक 1,750 करोड़ रुपये देगा, जबकि राज्य सरकार 750 करोड़ रुपये का योगदान करेगी। इन स्कूलों में पढ़ाई के साथ डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और करियर से जुड़ी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: मार्क जुकरबर्ग ने खरीदा 19वीं सदी का आलीशान किला, ऑफिस से 200 KM दूर है नई प्रॉपर्टी

18. हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी गोली

हजारीबाग के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गिरोह से जुड़े संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो संदिग्धों के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं एक अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार, कारतूस, खोखे, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक पर्चे बरामद किए हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

19. पिता ने बेटी की गोली मारकर की हत्या, पहले भी 4 हत्याएं करने का आरोप; तलाश में पुलिस

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के रामपुरा नौगावां गांव निवासी अजय पाल ने मामूली विवाद में अपनी बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार शाम करीब 06:00 बजे की है। कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के गांव में स्थित अपने घर पर अजय पाल गंगवार शराब के नशे में धुत होकर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। चार भाई-बहनों अंशिका, अनुज, अनामिका और अंकित में सबसे बड़ी अंशिका BA की पढ़ाई कर रही थी। वह घर की जिम्मेदार बेटी थी। जब अंशिका ने पिता की बदसलूकी और शराब पीने का विरोध किया, तो अजय ने अंशिका के सर पर गोली मार दी जिसके बाद सर के परखच्चे उड़ गए। पुलिस अधिकारियों ने जांच में आरोपी का फोन जप्त कर लिया और सख्त कानूनी कार्रवाई को अंजाम से रहे हैं।

यह भी पढ़ें: धनबाद में 782 पदों पर बंपर भर्ती, 8वीं पास से MBA तक को रोजगार का मौका

20. नोएडा के गांव बनेंगे ‘मॉडल सोलर विलेज’, सौर ऊर्जा से बदलेगी ग्रामीणों की जिंदगी

दिल्ली और गुड़गांव से आगे अब नोएडा के गांव भी नई पहचान बनाने की राह पर हैं। यूपी में ग्रेटर नोएडा का दुजाना गांव अब विकास की इमारत खड़ी करने जा रहा है। बिसरख ब्लॉक के इस गांव को ‘मॉडल सोलर विलेज’ बनाने की तैयारी है। इसके साथ ही गांव में सौर ऊर्जा से चलने वाली दूध ठंडा करने की मशीन, आटा चक्की और तेल निकालने की यूनिट लगाने की भी योजना है। अधिकारियों के मुताबिक, इससे लोगों को रोजगार और कमाई के मौके मिल सकते हैं यानी योजना सिर्फ गांव को सोलर लाइट से रोशन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सौर ऊर्जा के जरिए गांव के लोगों की कमाई बढ़ाने पर भी जोर है।

Palak Gupta
लेखक परिचय
Palak Gupta
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate,…और पढ़ें
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate, credible, and reader-centric reporting, driven by a commitment to ethical journalism and continuous professional growth.

Leave a Comment