Top News 15 July 2026: दिनभर की देश, दुनिया, बिजनेस, टेक और खेल की बड़ी खबरें

एक ही जगह पढ़ें दिनभर की सबसे बड़ी खबरें। देश-दुनिया, राजनीति, बिजनेस, टेक्नोलॉजी, खेल और मनोरंजन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण अपडेट्स का आसान और भरोसेमंद राउंडअप।

Palak Gupta

15 जुलाई 2026

1 min read
24 जुलाई 2026 की बड़ी खबरें: राजनीति, बिजनेस, टेक, खेल और दुनिया की हर बड़ी अपडेट

1. 15 जुलाई LIVE: PM मोदी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और नीतिगत फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि बुनियादी ढांचे, कृषि, रेलवे, ऊर्जा और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई बड़े फैसलों को मंजूरी मिल सकती है। इसके अलावा कुछ नई योजनाओं और चल रही परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। कैबिनेट बैठक पर सरकार और विभिन्न मंत्रालयों की नजर बनी हुई है, क्योंकि इसमें लिए गए फैसलों का असर आम लोगों से लेकर देश की अर्थव्यवस्था तक पड़ सकता है।

2. E20 नहीं चाहिए तो 100% पेट्रोल लें, नितिन गडकरी का बड़ा बयान

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने E20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को E20 पेट्रोल का इस्तेमाल नहीं करना है, वे 100 फीसदी पेट्रोल (E0) का विकल्प चुन सकते हैं। गडकरी ने साफ किया कि सरकार किसी पर E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने का दबाव नहीं बना रही है और उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत और वाहन की क्षमता के अनुसार ईंधन चुनने का अधिकार है।उन्होंने यह भी कहा कि E20 पेट्रोल का उद्देश्य देश की ईंधन आयात पर निर्भरता कम करना, किसानों को फायदा पहुंचाना और प्रदूषण घटाना है। हालांकि, उन्होंने वाहन मालिकों को सलाह दी कि वे अपनी कार या बाइक निर्माता कंपनी की गाइडलाइन के अनुसार ही ईंधन का इस्तेमाल करें।

3. E20 पेट्रोल विवाद पर सौरव जोशी ने मांगी माफी, दिया बड़ा स्पष्टीकरण

देश के मशहूर यूट्यूबर सौरव जोशी ने E20 पेट्रोल को लेकर दिए गए अपने बयान पर अब यू-टर्न ले लिया है। कुछ दिन पहले उन्होंने दावा किया था कि उनकी मर्सिडीज SUV का माइलेज E20 पेट्रोल भरवाने के बाद 17 किमी/लीटर से घटकर 5 किमी/लीटर तक पहुंच गया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद Mercedes-Benz India ने साफ किया कि उसके सभी BS VI पेट्रोल वाहन E20 ईंधन के साथ पूरी तरह अनुकूल हैं। अब सौरव जोशी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है कि सर्विस सेंटर की जांच में कार के इंजन में तकनीकी खराबी मिली थी और माइलेज कम होने की असली वजह वही थी, E20 पेट्रोल नहीं। उन्होंने इस गलतफहमी के लिए माफी मांगते हुए कहा कि उनका मकसद किसी तरह की गलत जानकारी फैलाना नहीं था।

यह भी पढ़ें: सरकार ने फिर दोहराया- पासपोर्ट नागरिकता का प्रमाण नहीं, विदेश यात्रा का दस्तावेज है

4. उत्तर बिहार में 17 जुलाई तक वज्रपात और भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने आज से 17 जुलाई तक गरज़-चमक और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रह सकता है। खासकर उत्तर बिहार के कई जिलों में तेज बारिश के साथ वज्रपात का खतरा बना रहेगा।

5. नोएडा एयरपोर्ट से 28 दिनों में 61 हजार यात्रियों ने भरी उड़ान

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने अपने संचालन के पहले 28 दिनों में करीब 61 हजार यात्रियों का सफर पूरा कराया है। एयरपोर्ट से अब तक 15 शहरों के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। हालांकि शुरुआत उम्मीद के मुकाबले थोड़ी धीमी रही है, लेकिन यात्रियों की संख्या और उड़ानों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। कुछ रूट्स पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, जबकि कम मांग वाले कुछ मार्गों पर एयरलाइंस अपनी रणनीति की समीक्षा भी कर रही हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि आने वाले महीनों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा।

6. टिफिन बांटने से डिप्टी कलेक्टर बनने तक, जानें मीनाक्षी भाटिया की कहानी

कभी घर-घर टिफिन पहुंचाकर परिवार का खर्च चलाने में मां का हाथ बंटाने वाली मीनाक्षी भाटिया आज उसी शहर की डिप्टी कलेक्टर बन गई हैं। उनकी कहानी संघर्ष, मेहनत और हौसले की ऐसी मिसाल है, जो हर किसी को प्रेरित करती है। साल 2003 में पिता के निधन के बाद परिवार पर आर्थिक संकट आ गया था। ऐसे मुश्किल दौर में उनकी मां ने टिफिन सर्विस शुरू की और मीनाक्षी अपनी बहन के साथ घरों और सरकारी दफ्तरों में टिफिन पहुंचाया करती थीं। उन्हीं सरकारी दफ्तरों को देखकर उन्होंने सपना देखा था कि एक दिन वह भी अफसर बनेंगी। उनकी यह सफलता बताती है कि हालात चाहे कितने भी कठिन क्यों न हों, अगर इरादे मजबूत हों तो मंजिल जरूर मिलती है।

यह भी पढ़ें: अलीगढ़ में महिला ने ससुर पर दुष्कर्म का लगाया आरोप, थाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा

7. पाकिस्तान में HIV का बड़ा संकट, एक इंजेक्शन से 78 बच्चे संक्रमित

पाकिस्तान के एक सरकारी अस्पताल से सामने आई बड़ी लापरवाही ने पूरे इलाके में चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक ही संक्रमित इंजेक्शन का बार-बार इस्तेमाल किए जाने की वजह से 78 बच्चे HIV पॉजिटिव पाए गए हैं। इस मामले में अब तक 6 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य बच्चों का इलाज चल रहा है। घटना सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जांच में शुरुआती तौर पर अस्पताल की लापरवाही और संक्रमण नियंत्रण के नियमों का पालन न करने की बात सामने आई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

8. गुरुग्राम में लाइफ लॉन्ग कंपनी के वेयरहाउस में भीषण आग

गुरुग्राम में लाइफ लॉन्ग कंपनी के वेयरहाउस में मंगलवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग इंजेक्शन मोल्डिंग यूनिट से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरे वेयरहाउस में फैल गई। आग लगते ही वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग इतनी भयावह थी कि उसकी ऊंची लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।

9. भास्कर इन्वेस्टिगेशन: यूनिवर्सिटी गार्ड बेच रहे थे ड्रग्स, छात्र बने ग्राहक

भास्कर इन्वेस्टिगेशन में एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ यूनिवर्सिटी कैंपसों में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले गार्ड ही कथित तौर पर ड्रग्स बेचने के नेटवर्क का हिस्सा बने हुए हैं और छात्र उनके ग्राहक हैं। रिपोर्टर ने जब गुप्त तरीके से पड़ताल की, तो कथित तौर पर खुलेआम पूछा गया, दम चाहिए तो बताओ। इसके बाद ड्रग्स सप्लाई करने वाले लोगों का पीछा करते हुए जांच की कड़ी राजस्थान तक पहुंची, जहां पूरे नेटवर्क की परतें खुलती नजर आईं। भास्कर की इस पड़ताल में दावा किया गया है कि कैंपस के भीतर नशे का कारोबार किस तरह चल रहा है और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका हो सकती है। रिपोर्ट में कई अहम तथ्य और ग्राउंड रिपोर्ट शामिल हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क को समझने की कोशिश की गई है। यह इन्वेस्टिगेशन कई हिस्सों में प्रकाशित किया जा रहा है और पहले पार्ट में ड्रग्स सप्लाई के शुरुआती नेटवर्क और उसके काम करने के तरीके पर फोकस किया गया है।

10. स्तन दबाना रेप की कोशिश नहीं? सुप्रीम कोर्ट ने HC को लगाई फटकार

सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान उस फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई, जिसमें हाईकोर्ट ने महिला का स्तन दबाने की घटना को दुष्कर्म के प्रयास (रेप की कोशिश) नहीं माना था। शीर्ष अदालत ने कहा कि ऐसे मामलों में तथ्यों और परिस्थितियों को बेहद गंभीरता से देखा जाना चाहिए और संवेदनशील अपराधों में जल्दबाजी में निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। कोर्ट ने हाईकोर्ट की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए उसे फटकार लगाई और मामले पर दोबारा विचार करने की जरूरत बताई। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी यौन अपराध से जुड़े मामले में केवल एक घटना को अलग-अलग हिस्सों में देखकर फैसला नहीं किया जा सकता। आरोपी की मंशा, पूरी घटना और उपलब्ध सबूतों का समग्र रूप से मूल्यांकन करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें: 14 जुलाई 2026 की बड़ी खबरें: देश-दुनिया, बिजनेस, टेक, खेल और मनोरंजन के सभी बड़े अपडेट्स एक नजर में

11. सुप्रीम कोर्ट ने मंजूर की न्यायिक संवेदनशीलता गाइडलाइंस

यौन अपराधों से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान अदालतों में इस्तेमाल होने वाली भाषा और सवालों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने नई न्यायिक संवेदनशीलता गाइडलाइंस को मंजूरी दे दी है। सूर्यकांत ने निर्देश दिया है कि देश की सभी अदालतें इन दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें। कोर्ट ने साफ कहा कि सुनवाई के दौरान ऐसे सवाल, टिप्पणियां या शब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए, जो पीड़िता की गरिमा को ठेस पहुंचाएं या उसे मानसिक रूप से आहत करें। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यौन अपराध के मामलों में न्याय केवल निष्पक्ष होना ही नहीं, बल्कि संवेदनशील भी होना चाहिए।

12. Lock Upp 2: जानें किस स्टार को मिल रही सबसे ज्यादा फीस

‘लॉक अप 2’ शुरू होने से पहले ही शो के कंटेस्टेंट्स और उनकी फीस को लेकर खूब चर्चा हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार शो में नजर आने वाले कई टीवी और सोशल मीडिया सितारों ने जेल के कैदी बनने के लिए अच्छी-खासी रकम तय की है। हर कंटेस्टेंट को उसकी लोकप्रियता और फैन फॉलोइंग के हिसाब से साप्ताहिक फीस दी जा रही है, जिसमें कुछ नाम सबसे ज्यादा कमाई करने वालों की सूची में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शो के सबसे चर्चित चेहरों को हर हफ्ते लाखों रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि बाकी कंटेस्टेंट्स की फीस इससे कम है।

13. बिहार में आज मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD की चेतावनी

बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आज भयंकर बारिश, गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की भी संभावना है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और बिजली चमकने के समय खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। बिहार के अलावा पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, इसलिए लोगों को मौसम से जुड़ी ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

14. स्पेन 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप फाइनल में, फ्रांस को 2-0 से हराया

FIFA वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल्स में स्पेन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रांस के खिलाडियों को जमकर धूल चटाई। फ्रांस के साथ मुकाबला जीत कर स्पेन ने अपनी जगह FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में बना ली है। इस जीत के साथ स्पेन ने पूरे 16 साल बाद विश्व कप फाइनल में वापसी की है। डलास स्टेडियम में मिकेल ओयारजाबाल ने 22वें मिनट में पेनल्टी पर पहला गोल किया। इसके बाद 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने गोल दागकर स्पेन की जीत पक्की कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक स्पेन अब 2010 के बाद सीधा 2026 के FIFA फाइनल में अपने आप को प्रेजेंट करेगा। वहीं फ्रांस भी 2018 और 2022 के बाद लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में अपना प्रदर्शन करते-करते रह गया।

यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के बाद ₹10 लाख करोड़ की डिफेंस डील, लंबी जंग की तैयारी तेज

15. डुमरिया में मलेरिया का प्रकोप, 450 से ज्यादा लोग संक्रमित

डुमरिया क्षेत्र में इन दिनों मलेरिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक करीब 15 हजार लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें 450 से ज्यादा लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में विशेष अभियान शुरू कर दिया है और मेडिकल टीमों को मौके पर तैनात किया गया है। स्वास्थ्य अधिकारी घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रहे हैं और बुखार से पीड़ित मरीजों की तुरंत जांच कर इलाज शुरू किया जा रहा है। इसके साथ ही मच्छरों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव, साफ-सफाई और लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जा रहा है।

16. Atal Pension Yojana: हर महीने पेंशन पाने के लिए कौन कर सकता है निवेश?

बुढ़ापे में हर महीने एक तय रकम मिलती रहे, इसके लिए सरकार अटल पेंशन योजना (APY) चला रही है। यह योजना खास तौर पर उन लोगों के लिए है, जो नौकरी के बाद नियमित आय की चिंता से बचना चाहते हैं। इसमें निवेश करने पर 60 साल की उम्र के बाद हर महीने 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की गारंटीड पेंशन मिलती है। पेंशन की राशि इस बात पर निर्भर करती है कि आपने कितनी उम्र में योजना शुरू की और हर महीने कितना योगदान जमा किया। इस योजना में 18 से 40 साल की उम्र का कोई भी भारतीय नागरिक निवेश कर सकता है। इसके लिए बैंक या डाकघर में बचत खाता होना जरूरी है। हर महीने आपके खाते से तय राशि अपने आप कट जाती है, जिससे अलग से भुगतान करने की जरूरत नहीं पड़ती। अगर पेंशनधारक की मृत्यु हो जाती है, तो पेंशन का लाभ जीवनसाथी को मिलता है।

यह भी पढ़ें: स्पेन 16 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप फाइनल में, फ्रांस को 2-0 से हराया

17. Zomato के बाद Deepinder Goyal का नया दांव, HealthTech में उतरेगा Temple

जोमैटो के बाद अब कंपनी के संस्थापक दीपिंदर गोयल एक नए कारोबार की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका अगला फोकस Temple नाम के नए वेंचर पर है। बताया जा रहा है कि यह बिजनेस जोमैटो के फूड डिलीवरी मॉडल से बिल्कुल अलग होगा और इसका उद्देश्य ग्राहकों को एक नया अनुभव देना है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस प्रोजेक्ट से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

18. 8000mAh बैटरी वाला Poco M8 Power जल्द हो सकता है लॉन्च

POCO जल्द ही भारतीय बाजार में एक नया स्मार्टफोन लॉन्च कर सकता है, जिसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी 8000mAh की दमदार बैटरी बताई जा रही है। हालांकि कंपनी ने अभी फोन के नाम और लॉन्च डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक यह डिवाइस लंबे बैटरी बैकअप चाहने वाले यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। लीक्स के अनुसार, फोन में बड़ी बैटरी के साथ फास्ट चार्जिंग, बड़ा AMOLED डिस्प्ले और दमदार प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि यह डिवाइस मिड-रेंज सेगमेंट में लॉन्च होगा और बैटरी के मामले में अपने कई प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर देगा।

यह भी पढ़ें: LPG सप्लाई पर मंडराया संकट, ईरान बोला- एक बूंद भी बाहर नहीं जाने देंगे

19. ईरान तनाव के बीच सितंबर तक इराक से पूरी तरह हटेगी अमेरिकी सेना

अमेरिका आने वाले महीनों में इराक से अपनी सैन्य मौजूदगी लगभग पूरी तरह खत्म करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेना सितंबर 2026 तक इराक में मौजूद अपने अधिकांश सैनिकों और सैन्य ठिकानों को खाली कर देगी। यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते तनाव और ईरान समर्थित समूहों के हमलों के बाद क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर नई रणनीति बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि अमेरिका लंबे समय से इराक में अपनी सैन्य मौजूदगी कम करने की योजना पर काम कर रहा था। अब इसका अंतिम चरण शुरू हो गया है।

20. भारत पर लग सकता है 500% टैरिफ, ट्रंप ने रूस प्रतिबंध बिल का किया समर्थन

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस पर सख्त प्रतिबंध लगाने से जुड़े एक विधेयक का समर्थन किया है। इसी के साथ भारत समेत उन देशों पर भी दबाव बढ़ सकता है, जो रूस के साथ व्यापारिक संबंध बनाए हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर यह विधेयक मौजूदा स्वरूप में लागू होता है, तो रूस से बड़े पैमाने पर कारोबार करने वाले देशों पर 500% तक का टैरिफ लगाया जा सकता है। इस वजह से भारत का नाम भी चर्चा में है, क्योंकि वह रूस से तेल और कुछ अन्य वस्तुओं का आयात करता है। हालांकि, फिलहाल भारत पर 500% टैरिफ लगाने का कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। यह प्रस्ताव अभी अमेरिकी विधायी प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे लागू होने से पहले कई चरणों से गुजरना होगा।

Palak Gupta
लेखक परिचय
Palak Gupta
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate,…और पढ़ें
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate, credible, and reader-centric reporting, driven by a commitment to ethical journalism and continuous professional growth.