आज खबरों में क्या रहा खास? 29 सितंबर के नेशनल, ग्लोबल, स्पोर्ट्स, एंटरटेनमेंट और बिजनेस अपडेट

देश-दुनिया, राजनीति, कारोबार, खेल और मनोरंजन से जुड़ी दिनभर की बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं। राष्ट्रीय घटनाक्रम से लेकर ग्लोबल हलचल, बाजार के उतार-चढ़ाव, खेल जगत के अहम मुकाबलों और मनोरंजन की चर्चित खबरों तक, 29 सितंबर के सभी प्रमुख अपडेट एक नजर में।

Palak Gupta

29 सितम्बर 2026

1 min read
सितंबर का आखिरी दिन, खबरों से भरपूर: ग्लोबल हलचल, खेल का रोमांच और बिजनेस-मनोरंजन के बड़े अपडेट

1. Asian Games 2026: नीरू ढांडा ने ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड, भारत के खाते में आया पांचवां स्वर्ण पदक

एशियन गेम्स 2026 में भारत को पांचवां स्वर्ण पदक नीरू धांडा ने दिलाया है। उन्होंने मंगलवार को महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड जीता। नीरू ने फाइनल में 30 में से 28 निशाने सही लगाए और इस प्रदर्शन के साथ एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। यह एशियन गेम्स में महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग में भारत का पहला पदक है। नीरू का यह गोल्ड 2026 एशियन गेम्स में भारत का पांचवां गोल्ड मैडल है। इससे पहले भारत के चारों गोल्ड टीम या डबल्स स्पर्धाओं में आए थे, इसलिए नीरू का पदक व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत का पहला गोल्ड भी है।

यह भी पढ़ें: मिठाई को लेकर यूपी सरकार का बड़ा फैसला, 15 अक्टूबर से लागू होगा नया नियम, खरीदने से पहले जानें क्या बदलेगा

2. हरियाणा में पेड़ पर काली थैली में लटका मिला नवजात, गंभीर हालत में रोहतक PGI रेफर

हरियाणा के भिवानी में सोमवार सुबह बिजली बोर्ड कॉलोनी में एक पेड़ पर काली पॉलीथिन की थैली में नवजात बच्चा लटका मिला। आसपास से गुजर रहे लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को थैली से निकालकर भिवानी के सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक नवजात लड़का है और उसके शरीर पर जन्म के बाद वाली नाल भी बंधी हुई थी। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, हालांकि कुछ कैमरे खराब बताए गए हैं।

3. धनबाद में जंगली हाथियों का हमला, शिक्षक की कुचलकर मौत; घटना से ग्रामीणों में आक्रोश

धनबाद के टुंडी इलाके में जंगली हाथियों के झुंड ने सहायक शिक्षक गिरजा मुर्मू की कुचलकर जान ले ली। घटना मनियाडीह थाना क्षेत्र के गुलियाडीह गांव में हुई, जहां करीब 35 हाथियों का झुंड मक्का की फसल खाने के लिए पहुंचा था। ग्रामीणों ने हाथियों को भगाने के लिए टायर जलाकर कोशिश की, लेकिन झुंड वहां से नहीं हटा। गिरजा मुर्मू को लगा कि हाथी आगे बढ़ गए हैं और वह फसल का जायजा लेने बाड़ी की ओर गए, तभी वहां मौजूद हाथियों ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक के साथ ग्रामीणों में वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली।

4. Share Market: 4 दिन में निवेशकों के ₹14 लाख करोड़ डूबे, सेंसेक्स 2700 अंक से ज्यादा टूटा; जानें गिरावट की वजह

भारतीय शेयर बाजार में लगातार गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। पिछले चार कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स में 2700 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है और बाजार पूंजीकरण में करीब 14 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है। सोमवार को ही सेंसेक्स 1,124 अंक टूटकर 72,771.72 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 360 अंक गिरकर 22,780.25 पर आ गया। बाजार में इस गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बताई जा रही है। ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर से ऊपर बना हुआ है, जिससे भारत में महंगाई और आयात बिल बढ़ने की चिंता बढ़ती है।

5. ललितपुर में B.Pharm छात्र की हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात; एक आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के ललितपुर में 25 वर्षीय बीफार्मा छात्र भूपेंद्र अहिरवार उर्फ छोटू की हत्या कर दी गई। घटना सोमवार रात करीब 9:24 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के चौकाबाग में शराब की दुकान के सामने हुई। पुलिस के मुताबिक, पांच युवकों ने भूपेंद्र पर पहले पत्थरों से हमला किया और फिर चाकू से वार किए। जान बचाने के लिए भूपेंद्र दुकान के अंदर भागा, लेकिन हमलावर उसे बाहर खींच लाए। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

6. CEC ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग वाली याचिका पर जल्द सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट तैयार

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के कामकाज को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने जल्द सुनवाई के लिए सहमति जताई है। मंगलवार को वरिष्ठ वकील विकास सिंह ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ के सामने मामले का जल्द सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया, जिसके बाद अदालत ने इसे अगले सप्ताह सुनने की बात कही। याचिका में सुप्रीम कोर्ट से यह जांचने की मांग की गई है कि क्या निर्वाचन आयोग से जुड़े फैसले संविधान के अनुच्छेद 324 और 2023 के संबंधित कानून के तहत सामूहिक रूप से लिए गए। याचिकाकर्ता ने ज्ञानेश कुमार को CEC के तौर पर काम करने से रोकने और उनके खिलाफ अधिकार-पृच्छा रिट जारी करने की मांग भी की है।

यह भी पढ़ें: भारत-पाक नौसैनिक टकराव के बाद बड़ा घटनाक्रम, हंगोर पनडुब्बी से पाकिस्तान ने पहली बार दागी एंटी

7. गंगा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से लखनऊ जा रही डबल डेकर बस पलटी, 17 यात्री घायल; 2 की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के हरदोई में मंगलवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से लखनऊ जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा बिलग्राम क्षेत्र में 329 कट के पास हुआ। बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इलाज के दौरान राम सिंह और विवेक कुमार की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर यातायात व्यवस्था संभाली है। शुरुआती जानकारी में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है, लेकिन हादसे की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है।

8. जम्मू-कश्मीर की 68 ग्लेशियल झीलों से खतरा, संभावित बाढ़ को लेकर सरकार ने बढ़ाई निगरानी

जम्मू-कश्मीर में ग्लेशियल झीलों से संभावित बाढ़ का खतरा सामने आया है। सरकार के मुताबिक, केंद्र शासित प्रदेश में 616 ग्लेशियल झीलों की पहचान की गई है, जिनमें 68 को संभावित रूप से खतरनाक माना गया है। इन झीलों से ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) का खतरा है। किश्तवाड़, गांदरबल, कुलगाम और अनंतनाग जैसे जिलों में खास निगरानी की जरूरत बताई गई है। बढ़ते तापमान, ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने और झीलों के फैलने को इस खतरे की प्रमुख वजहों में शामिल किया गया है।

9. न्यूयॉर्क में जयशंकर ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को घेरा, भारत-अमेरिका संबंधों पर भी रखी बात

न्यूयॉर्क में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत की सुरक्षा चिंताओं और पाकिस्तान से आने वाले सीमा पार आतंकवाद को भारत-अमेरिका संबंधों का अहम मुद्दा बताया। संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सप्ताह के बाद एशिया सोसाइटी के एक कार्यक्रम में बोलते हुए जयशंकर ने कहा कि भारत के साझेदार देशों को आतंकवाद को लेकर उसकी चिंताओं को बेहतर तरीके से समझना होगा। उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय से अपने पड़ोसी देश से आने वाले आतंकवाद का सामना कर रहा है और अगर किसी साझेदार को इस मुद्दे की गंभीरता की पर्याप्त समझ नहीं है, तो इसका असर द्विपक्षीय रिश्तों पर पड़ सकता है।

10. पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की अनोखी ट्रेनिंग का VIDEO वायरल, आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल

पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की ट्रेनिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चार खिलाड़ी एक-दूसरे के हाथ-पैर पकड़कर अलग तरह की एक्सरसाइज करती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी इस ट्रेनिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने अपने यूट्यूब वीडियो में इस अभ्यास को लेकर टिप्पणी की और कहा कि इस तरह की एक्सरसाइज का क्या मकसद है, यह समझना मुश्किल है। वीडियो में खिलाड़ी एक-दूसरे के शरीर को पकड़कर गोल जैसी स्थिति में एक्सरसाइज करती दिख रही हैं, जबकि आसपास मौजूद खिलाड़ी उन्हें देख रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आईं और कुछ लोगों ने पाकिस्तान की ट्रेनिंग व्यवस्था पर सवाल उठाए।

11. पर्दे पर फिर आएगी छत्रपति शिवाजी महाराज की गाथा, अमित राय की Period Drama फिल्म पर आया नया अपडेट

छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर निर्देशक अमित राय की नई फिल्म को लेकर नया अपडेट सामने आया है। अमित राय ने बताया है कि उनका यह प्रोजेक्ट बंद नहीं हुआ है और इस पर फिर से काम शुरू कर दिया गया है। इससे पहले फिल्म में शाहिद कपूर के होने की चर्चा थी, लेकिन अब वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हैं। निर्देशक फिलहाल शिवाजी महाराज की भूमिका के लिए एक नए बड़े अभिनेता की तलाश कर रहे हैं और एक कलाकार के साथ बातचीत अंतिम दौर में बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: कोलकाता में BJP की बड़ी बैठक के बीच बीरभूम में पार्टी नेता चंदन भल्ला की गोली मारकर हत्या

12. Anthropic ने AI के संभावित खतरों को लेकर दी चेतावनी, निवेशकों के सामने उठाया मानव अस्तित्व के जोखिम का मुद्दा

एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने संभावित निवेशकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते खतरों को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। कंपनी के आईपीओ दस्तावेज में कहा गया है कि बहुत ज्यादा विकसित एआई इंसानों के लिए गंभीर, यहां तक कि अस्तित्व से जुड़े खतरे पैदा कर सकता है। दस्तावेज में यह भी बताया गया है कि कुछ एआई मॉडल बंद किए जाने का विरोध करने, जानकारी छिपाने या उसमें बदलाव करने और ब्लैकमेल जैसी गतिविधियों से मिलते-जुलते व्यवहार दिखा सकते हैं। बता दें कि एंथ्रोपिक ने अपने 261 पन्नों के दस्तावेज में करीब 80 पन्ने जोखिमों से जुड़ी जानकारी पर रखे हैं।

13. बंगाल उपचुनाव से पहले TMC को झटका, मालदा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ

पश्चिम बंगाल में उपचुनाव से पहले मालदा में तृणमूल कांग्रेस को झटका लगा है। ओल्ड मालदा के महिषबथानी इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम में टीएमसी के 13 पंचायत सदस्य, एक पंचायत समिति सदस्य, स्थानीय क्षेत्रीय अध्यक्ष, ब्लॉक उपाध्यक्ष और 100 से ज्यादा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए। बलरामपुर में हुए इस कार्यक्रम में मालदा जिला कांग्रेस अध्यक्ष ईशा खान चौधरी और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक भूपेंद्रनाथ हलदर समेत कई स्थानीय नेता मौजूद रहे। कांग्रेस में शामिल हुए सराफत अली ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक हालात में बीजेपी के खिलाफ लड़ने के लिए वे कांग्रेस के साथ आए हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी।

14. सिवनी में शराब के खिलाफ महिलाओं की मुहिम, बेचने और पीने पर ₹2,000 से ₹5,000 तक जुर्माने का फैसला

मध्य प्रदेश के सिवनी में शराब के खिलाफ महिलाओं ने अभियान तेज कर दिया है। महिलाओं ने गांव में शराब बेचने और पीने पर जुर्माना लगाने का फैसला लिया है। तय नियम के मुताबिक शराब बेचते पकड़े जाने पर 5,000 रुपये और शराब पीते पाए जाने पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। महिलाओं का कहना है कि शराब की वजह से परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और घरों में विवाद की स्थिति बनती है। उन्होंने गांव में शराब की बिक्री और सेवन पर रोक लगाने के लिए सामूहिक रूप से यह फैसला लिया है।

15. NH-31 पर मंदिर में जा घुसा गैस टैंकर, प्रतिमा क्षतिग्रस्त; गैस रिसाव नहीं होने से टला बड़ा हादसा

बिहार के कटिहार में एनएच-31 पर मंगलवार को एक अनियंत्रित एलपीजी गैस टैंकर सड़क किनारे बने मंदिर में जा घुसा। हादसा कुरसेला थाना क्षेत्र के ग्वालटोली के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि करीब 50 साल पुराना बाबा बजरंगबली मंदिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर स्थापित प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचा। टैंकर गैस से भरा हुआ था, लेकिन हादसे के बाद उसमें रिसाव नहीं हुआ। इससे मौके पर बड़ा आग या विस्फोट होने का खतरा टल गया। हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गैस टैंकर होने के कारण कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: सुर्खियों में 28 सितंबर: सियासत से ग्लोबल हलचल, मैदान से मार्केट तक दिनभर की बड़ी खबरें

16. CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका पर अगले सप्ताह सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट, वकील ने बताया ‘गंभीर मामला’

सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कामकाज को लेकर दायर याचिका पर अगले सप्ताह सुनवाई करने पर सहमति जताई है। मंगलवार को वरिष्ठ वकील विकास सिंह ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के सामने इस मामले का उल्लेख किया। याचिका में सवाल उठाया गया है कि क्या चुनाव आयोग के सामूहिक अधिकारों का इस्तेमाल मुख्य चुनाव आयुक्त अकेले कर सकते हैं। वकील विकास सिंह ने कहा कि बहुसदस्यीय चुनाव आयोग में फैसले सर्वसम्मति या बहुमत के आधार पर होने चाहिए और मौजूदा स्थिति में इस बात पर गंभीर सवाल हैं कि फैसले सर्वसम्मति से लिए गए या नहीं।

17. सुल्तानपुर में शिक्षक दंपति की हत्या, स्कूल परिसर में मिले दोनों के शव; जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में मंगलवार सुबह शिक्षक दंपति की हत्या से सनसनी फैल गई। घटना कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डड़िया गांव की है, जहां सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह के शव उनके निजी स्कूल परिसर में मिले। दोनों के शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। पुलिस को मौके से कुल्हाड़ी, फावड़ा और चाकू भी मिले हैं। शुरुआती जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस के मुताबिक, दंपति इसी परिसर में रहते थे और घटना के समय वहीं सो रहे थे।

18. Bihar MLC Election: जनसुराज ने फिर बदला उम्मीदवार, दरभंगा सीट से अब मोहम्मद इम्तियाज को टिकट

बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपना उम्मीदवार बदल दिया है। पार्टी ने पहले घोषित रवींद्र यादव का टिकट वापस लेकर अब डॉ. मोहम्मद इम्तियाज नूरानी को प्रत्याशी बनाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार भारती की ओर से इसकी घोषणा की गई। 49 वर्षीय इम्तियाज नूरानी मधुबनी जिले के बिस्फी के रहने वाले हैं और उन्हें डॉक्टर के साथ कारोबारी भी बताया गया है। दरभंगा स्नातक सीट पर उम्मीदवार बदलने का कारण जन सुराज ने फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया है। यह पार्टी की ओर से बिहार विधान परिषद चुनाव में दूसरा उम्मीदवार बदलाव है।

यह भी पढ़ें: 26 सितंबर की सुर्खियां: देश में क्या हुआ, दुनिया में क्या बदला और खेल में किसने मारी बाजी

19. UP Weather: मानसून की विदाई के बीच 18 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के बीच मंगलवार को कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 सितंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए फिलहाल कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर समेत कई जिलों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई गई है।

तारीखयूपी में मौसम का हालबारिश की स्थिति
29 सितंबरकई हिस्सों में बादल और गरज-चमकहल्की से मध्यम बारिश की संभावना
30 सितंबरपूर्वी यूपी में कुछ जगह बारिशबारिश की गतिविधि कम होने के आसार
1 अक्टूबरज्यादातर हिस्सों में मौसम साफबारिश का दौर थमने की संभावना
2-3 अक्टूबरमौसम शुष्क रहने के आसारबारिश की संभावना कम
तापमानबारिश के बाद धीरे-धीरे बढ़ेगाअगले दिनों में गर्मी बढ़ सकती है

20. UP MLC Election: सपा ने घोषित किए उम्मीदवार, आज से नामांकन; जानें किस सीट से किसे मिला टिकट

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 शिक्षक और स्नातक सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने सभी 11 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने स्नातक सीटों पर लखनऊ से कांति सिंह, वाराणसी-मिर्जापुर से आशुतोष सिन्हा, इलाहाबाद-झांसी से डॉ. मान सिंह यादव, मेरठ-सहारनपुर से डॉ. परमिंदर भाटी और आगरा से शशांक यादव को टिकट दिया है। वहीं शिक्षक सीटों पर मिर्जापुर-वाराणसी से लाल बिहारी यादव, लखनऊ से सुशील कुमार पटेल, आगरा-अलीगढ़ से डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता, गोरखपुर-फैजाबाद से कमलेश यादव, मेरठ-गाजियाबाद से डॉ. नितिन कुमार तोमर और बरेली-मुरादाबाद से हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर को उम्मीदवार बनाया गया है।

Palak Gupta
लेखक परिचय
Palak Gupta
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate,…और पढ़ें
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate, credible, and reader-centric reporting, driven by a commitment to ethical journalism and continuous professional growth.