होली के त्योहार से पहले दिल्ली सरकार ने महिलाओं और बेटियों को खास तोहफा देने का ऐलान किया है। सरकार ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चार प्रमुख योजनाएं लागू करने की घोषणा की है। कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी और कहा कि यह कदम दिल्ली की मातृशक्ति और बेटियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
सरकार की ओर से जिन चार योजनाओं की घोषणा की गई है, उनमें मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना, सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड योजना, ‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’ योजना और लखपति बिटिया योजना शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ उनके जीवन को आसान और सुरक्षित बनाना है।
मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना के तहत करीब 129 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए भेजी जाएगी। इससे रसोई गैस के खर्च में राहत मिलेगी और घरेलू बजट पर दबाव कम होगा।
सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड योजना के माध्यम से महिलाओं को दिल्ली की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। सरकार का कहना है कि इससे महिलाओं की आवाजाही आसान और सुरक्षित बनेगी, साथ ही उन्हें रोजगार और शिक्षा के अवसरों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’ योजना के तहत 40 हजार से अधिक बेटियों को 100 करोड़ रुपये की डीबीटी सहायता दी जाएगी। वहीं लखपति बिटिया योजना के अंतर्गत प्रत्येक बेटी को एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य बेटियों की शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित करना है।
यह भी पढ़ें: IPOs This Week – 2 मार्च वाले हफ्ते में 3 IPO, 9 कंपनियां लिस्ट
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ेगी। होली से पहले की गई इस घोषणा को महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।










