मारुति सुजुकी ने भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV e-Vitara को लॉन्च कर दिया है। यह कंपनी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में बड़ी पहल मानी जा रही है। e-Vitara को 49kWh और 61kWh के दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ पेश किया गया है। कंपनी का दावा है कि इसका बड़ा बैटरी पैक एक बार फुल चार्ज करने पर 543 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है।
इस इलेक्ट्रिक SUV की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत ₹10.99 लाख रखी गई है। हालांकि इस कीमत में बैटरी की लागत शामिल नहीं है। कंपनी बैटरी एज ए सर्विस यानी BaaS मॉडल के तहत बैटरी उपलब्ध करा रही है। इसके लिए ग्राहकों को ₹3.99 प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान करना होगा। यानी जितनी दूरी कार चलेगी, उसी के अनुसार बैटरी का किराया देना होगा।
e-Vitara को डेल्टा, जेटा और अल्फा वेरिएंट में उतारा गया है। फिलहाल बेस वेरिएंट की कीमत घोषित की गई है और बाकी वेरिएंट्स की कीमत जल्द सामने आएगी। इसकी बुकिंग ₹21,000 से शुरू हो चुकी है और डिलीवरी भी शुरू कर दी गई है। कंपनी बैटरी पर 8 साल या 1,60,000 किलोमीटर तक की वारंटी दे रही है, जबकि वाहन पर 3 साल की स्टैंडर्ड वारंटी मिलेगी जिसे 5 साल तक बढ़ाया जा सकता है।
डिजाइन की बात करें तो e-Vitara को नए हार्टेक्ट ई प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसका लुक काफी मॉडर्न और स्पोर्टी है। फ्रंट में पतली LED हेडलाइट, Y शेप DRL और स्टाइलिश बंपर दिया गया है। साइड प्रोफाइल में 19 इंच के ब्लैक अलॉय व्हील और मजबूत बॉडी क्लैडिंग इसे दमदार SUV लुक देते हैं। पीछे की ओर कनेक्टेड LED टेल लाइट दी गई है।
इंटीरियर में डुअल टोन केबिन, फ्लोटिंग इंफोटेनमेंट स्क्रीन और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। फीचर्स के तौर पर इसमें 6 एयरबैग स्टैंडर्ड, 360 डिग्री कैमरा, लेवल 2 ADAS, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और अन्य एडवांस सेफ्टी टेक्नोलॉजी मिलती है।
चार्जिंग सुविधा को बेहतर बनाने के लिए कंपनी ने देशभर में 2000 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए हैं और 2030 तक 1 लाख से अधिक चार्जिंग पॉइंट्स का नेटवर्क तैयार करने की योजना है। ग्राहकों को घर पर चार्जर लगाने की सुविधा भी दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: जॉर्डन की रानी रानिया के स्वागत में अंबानी परिवार का शाही अंदाज, स्कर्ट में आईं बहू-बेटी – नीता अंबानी साड़ी में
यह पूरी तरह मेड इन इंडिया इलेक्ट्रिक SUV है और इसे 100 से ज्यादा देशों में निर्यात करने की योजना है। e-Vitara का मुकाबला बाजार में मौजूद अन्य इलेक्ट्रिक SUVs से होगा।









