1. पटना में उग्र हुआ छात्र आंदोलन, बैरिकेडिंग तोड़ CM हाउस की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी
पटना के प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता के विरोध में 15 छात्र संगठनों ने पटना में पैदल मार्च निकाला है। प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से निकलकर सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे हैें। पुलिस ने कई लोगों को डिटेन किया है। प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन व लाठीचार्ज भी किया गया है। बता दें कि इसी बीच बच्चों और पुलिस अधिकारीयों के बीच झड़प भी हो गई जिसके दौरान ट्रेनी DySP नवनीत आनंद ने एक छात्र को थप्पड़ मारा। छात्रों में इसको लेकर काफी रोष देखने को मिला. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
2. कोडरमा में भौंरों के झुंड ने किया हमला, चार लोग गंभीर रूप से घायल
झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सोमवार को जहरीले भौंरों के झुंड ने हमला कर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी दौरान ग्रामीण खेतों में काम करने और जंगल से पत्ते लाने गये थे जहां भौंरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में मोहम्मद सलीम (55), नंदनी कुमारी (30), निमियां देवी (50) और नीरज कुमार (11) गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद परिजनों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
3. ₹2000 कर्ज लेकर परीक्षा देने पहुंचे छात्र, पटना प्रदर्शन में छलका अभ्यर्थियों का दर्द
पटना में BPSC, BSSC और AEDO समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। प्रदर्शन में शामिल एक महिला अभ्यर्थी ने बताया कि वह 2,000 रुपये कर्ज लेकर सीवान परीक्षा देने गई थी। अभ्यर्थी ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई जगहों पर बेहद खराब स्थानों पर सेंटर बनाए गए थे। उन्होंने सरकार से अभ्यर्थियों की समस्याओं पर तत्काल ध्यान देने की मांग की।
4. भारत को 2047 तक $30 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य, पीयूष गोयल ने बताया रोडमैप
भारत को 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए भारत को वैश्विक व्यापार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ानी होगी और दूसरे देशों के साथ आर्थिक संबंध मजबूत करने होंगे। गोयल के मुताबिक, भारत की आर्थिक रफ्तार को बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश के साथ मजबूत विनिर्माण और निर्यात जरूरी है। सरकार नए मुक्त व्यापार समझौतों के जरिए भारतीय कंपनियों के लिए विदेशी बाजारों में पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें: ट्रंप परिवार पर ईरान की सीधी धमकी, बेटे बैरन पर ₹95 करोड़ के इनाम का दावा
5. अंबेडकरनगर में ट्रक से टकराकर पलटी स्कूल बस, 20 बच्चों की बाल-बाल बची जान
अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह चीनी लदे ट्रक और स्कूल बस की टक्कर हो गई। हादसा सुरुहपुर के पास हुआ, जहां टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे पलट गए। बस में करीब 20 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात रही कि किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।
6. BJP की चार्जशीट पर CM सुक्खू का पलटवार, बोले- उन्हीं के लिखे नामों पर हो रही कार्रवाई
हिमाचल प्रदेश में भाजपा की चार्जशीट को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिन नेताओं और मामलों को लेकर सवाल उठा रही है, उनमें कई नाम पहले उसकी अपनी चार्जशीट में शामिल रहे हैं। सुक्खू ने विधानसभा में कहा कि उनकी सरकार उन्हीं मामलों की जांच करा रही है, जिनमें भाजपा पहले खुद आरोप लगा चुकी है। सुक्खू ने खास तौर पर सुधीर शर्मा, हर्ष महाजन और राजेंद्र राणा से जुड़े पुराने आरोपों का जिक्र किया। उनका कहना है कि अगर भाजपा ने पहले इन मामलों में जांच की मांग की थी, तो अब कार्रवाई होने पर उसे परेशानी नहीं होनी चाहिए। वहीं भाजपा लगातार सरकार पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप लगा रही है।
7. विधायक जयराम महतो का कथित गाली-गलौज वाला ऑडियो वायरल, थानेदार से विवाद के बाद FIR
धनबाद के बरवाअड्डा थाने के प्रभारी रवि कुमार और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच कथित गाली-गलौज का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह 22 अगस्त की रात हुई व्हाट्सऐप कॉल की रिकॉर्डिंग है। इस मामले में थाना प्रभारी के बयान पर बरवाअड्डा थाने में जयराम महतो समेत 10 नामजद और करीब 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
8. IGRS शिकायतों पर बलिया DM का बड़ा एक्शन, 9 विभागों के अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
बलिया में IGRS पर आई शिकायतों के निपटारे में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायतों की समीक्षा के दौरान नौ विभागों में शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने की स्थिति खराब मिली। इसके बाद DM ने संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत का निपटारा करने के बाद शिकायतकर्ता से उसकी संतुष्टि के बारे में जानकारी लेना भी जरूरी है। इसी बीच बिजली विभाग के एक अधिकारी पर पोर्टल पर गलत निस्तारण रिपोर्ट डालने का मामला भी सामने आया। एम ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री से जुड़ी शिकायतें सात दिन और जिलाधिकारी स्तर की शिकायतें 15 दिन के अंदर निपटाने के निर्देश दिए हैं।
9. जयशंकर और लावरोव की अहम मुलाकात, भारत-रूस रिश्तों से लेकर वैश्विक मुद्दों तक हुई चर्चा
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मॉस्को में मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत-रूस संबंधों, आपसी सहयोग और मौजूदा क्षेत्रीय हालात पर विस्तार से बातचीत हुई। जयशंकर ने बताया कि चर्चा में क्षेत्रीय तनाव, वैश्विक चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई अहम मुद्दे शामिल रहे। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत और रूस अपने पुराने संबंधों को आगे बढ़ाने के साथ व्यापार और दूसरे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में नौकरी का सपना पड़ सकता है और महंगा, H-1B वीजा फीस $100,000 करने की तैयारी
10. नितिन गडकरी ने नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने की कही बात, बोले- अब ज्यादा काम नहीं कर सकता
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान नई पीढ़ी को आगे लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पुरानी पीढ़ी धीरे-धीरे जिम्मेदारी नई पीढ़ी को सौंपे। गडकरी ने यह भी कहा कि वह पिछले करीब 30 साल से सार्वजनिक जीवन में काम कर रहे हैं और अब पहले जितना काम नहीं कर सकते। उनके इस बयान के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, गडकरी ने अपने बयान में राजनीति से संन्यास लेने का कोई ऐलान नहीं किया है। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदारी देने और वरिष्ठ लोगों के मार्गदर्शन में काम आगे बढ़ाने की बात कही।
11. अयोध्या के माछ-भात विवाद में नया मोड़, शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी को दिया ‘पोर्क पार्टी’ चैलेंज
अयोध्या में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में हुए कथित मछली भोज को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और बढ़ गया है। इसी मामले में भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘पोर्क पार्टी’ का चैलेंज दिया है। पूनावाला ने सवाल उठाया कि अगर सावन के महीने में अयोध्या में सार्वजनिक कार्यक्रम में मछली परोसना गलत नहीं है, तो क्या राहुल गांधी किसी दूसरे धर्म के पवित्र महीने में पोर्क पार्टी में शामिल होंगे। भाजपा नेताओं ने इसे लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा, जबकि कांग्रेस ने कहा कि अजय राय खुद शाकाहारी हैं और उन्होंने मछली नहीं खाई। अजय राय ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके मछली खाने का सबूत दिखाने की चुनौती दी है।
12. राजस्थान में 200 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन, हाई-स्पीड ट्रैक पर होगा बड़ा परीक्षण
राजस्थान में देश के पहले समर्पित हाई-स्पीड टेस्ट ट्रैक का काम अब आखिरी दौर में पहुंच गया है। नागौर जिले में गुढ़ा से ठठाना मिठड़ी के बीच करीब 59 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक को तैयार किया जा रहा है। करीब 967 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना पर ट्रेनों की रफ्तार और दूसरी तकनीकी खूबियों की जांच की जाएगी। ट्रैक के हाई-स्पीड हिस्से पर 200 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार पर परीक्षण की तैयारी है।
13. रूस की तेल कमाई पर यूक्रेन की नजर, रिफाइनरियों को लगातार ड्रोन से क्यों बना रहा निशाना?
यूक्रेन रूस की तेल व्यवस्था को लगातार निशाना बना रहा है। इसके पीछे बड़ी वजह रूस की तेल से होने वाली कमाई है, जो उसकी अर्थव्यवस्था और युद्ध के खर्च के लिए बेहद अहम मानी जाती है। यूक्रेनी ड्रोन हाल के महीनों में रूस की कई तेल रिफाइनरियों और दूसरे ऊर्जा ठिकानों तक पहुंच चुके हैं। यूक्रेन का मकसद सिर्फ रिफाइनरी को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि रूस पर आर्थिक और सैन्य दबाव बढ़ाना भी है। रिफाइनरियां बंद होने या उनकी क्षमता घटने से पेट्रोल-डीजल और दूसरे ईंधन का उत्पादन कम होता है, जिससे रूस के घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ता है और सेना तक ईंधन पहुंचाना भी मुश्किल हो सकता है।
यह भी पढ़ें: 24 अगस्त की बड़ी खबरें: देश-दुनिया में क्या-क्या हुआ? हर अहम अपडेट एक नजर में
14. बीजिंग में डोभाल और हान झेंग की अहम बातचीत, भारत-चीन रिश्तों और सीमा विवाद पर मंथन
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मंगलवार को बीजिंग में चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से मुलाकात की। दोनों के बीच भारत-चीन संबंधों और सीमा पर शांति बनाए रखने को लेकर बातचीत हुई। यह मुलाकात भारत और चीन के बीच सीमा विवाद पर होने वाली 25वें दौर की विशेष प्रतिनिधि वार्ता से पहले हुई है। दोनों देशों के बीच 2020 के सीमा तनाव के बाद रिश्तों को धीरे-धीरे सामान्य करने की कोशिश चल रही है। डोभाल और हान झेंग की बातचीत ऐसे समय हुई है जब भारत और चीन सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने पर जोर दे रहे हैं।
15. कोलंबो टेस्ट में प्रसिद्ध कृष्णा का कमाल, कमिंदु को आउट कर श्रीलंका को दिया चौथा झटका
कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कमिंदु मेंडिस को आउट कर दिया। कृष्णा की गेंद पर मेंडिस बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में रविंद्र जडेजा को कैच दे बैठे। वह 32 रन बनाकर आउट हुए। इस विकेट के साथ श्रीलंका का स्कोर 126 रन पर चार विकेट हो गया और भारत को अहम सफलता मिली। कमिंदु मेंडिस और पसिंदु सूरियाबंदारा के बीच अच्छी साझेदारी बन रही थी और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 87 रन जोड़े थे। कृष्णा ने इस साझेदारी को तोड़कर भारत को मैच में मजबूत स्थिति में बनाए रखा। लंच तक श्रीलंका ने चार विकेट पर 130 रन बना लिए थे और वह भारत के पहली पारी के 503 रन के जवाब में 373 रन पीछे था।
16. अभिषेक कुमार की बर्थडे पार्टी में जुटे टीवी सितारे, निया शर्मा से जन्नत जुबैर तक ने बढ़ाई रौनक
टीवी एक्टर अभिषेक कुमार ने 26 अगस्त को आने वाले अपने जन्मदिन से पहले मुंबई में प्री-बर्थडे पार्टी रखी। इस पार्टी में टीवी और मनोरंजन जगत के कई सितारे पहुंचे। निया शर्मा, जन्नत जुबैर, अंकिता लोखंडे, सुरभि चंदना, फरहाना भट्ट और प्रिंस नरूला समेत कई कलाकार नजर आए। पार्टी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब दिखाई दे रहे हैं। जन्नत जुबैर इस मौके पर लाल रंग की ड्रेस में नजर आईं, जबकि निया शर्मा ने काले रंग का आउटफिट पहना था। दोनों ने पार्टी में जमकर पोज दिए।
17. कियारा आडवाणी की प्रेग्नेंसी की खबर सुन भावुक हुए थे यश, एक्ट्रेस ने सुनाया खास किस्सा
कियारा आडवाणी ने फिल्म ‘टॉक्सिक’ की शूटिंग के दौरान अपनी प्रेग्नेंसी से जुड़ा एक खास किस्सा शेयर किया है। चेन्नई में फिल्म के कार्यक्रम के दौरान कियारा ने बताया कि परिवार के बाद उन्होंने सबसे पहले यश और फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास को यह खबर दी थी। कियारा ने बताया कि यश और गीतू ने उस दौरान उनका पूरा साथ दिया और सेट पर उन्हें आराम से काम करने का माहौल दिया। कियारा ने दोनों के इस सपोर्ट को अपने लिए बेहद खास और यादगार बताया।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश की ‘इस्लामिक NATO’ में एंट्री की तैयारी? भारत की पूर्वी सीमा पर बदल सकते हैं रणनीतिक समीकरण
18. NEET में 687 अंक और शानदार रैंक, फिर भी AIIMS की MBBS सीट छोड़ चुना BDS; फैसले ने चौंकाया
नीट में 687 अंक हासिल करने वाले शिवांश आनंद की कहानी इस बार चर्चा में है। उन्हें ऑल इंडिया रैंक 152 मिली और इस रैंक पर एम्स जोधपुर, एम्स भुवनेश्वर और जिपमर जैसे संस्थानों में MBBS सीट मिलने का मौका था। इसके बावजूद उन्होंने MBBS की जगह BDS कोर्स चुनने का फैसला किया। शिवांश के फैसले से साफ है कि हर छात्र के लिए डॉक्टर बनने का मतलब सिर्फ MBBS करना नहीं होता। उन्होंने अपनी पसंद और आगे की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए BDS को चुना।
19. ट्रंप के SIR वाले बयान पर CEC ज्ञानेश कुमार की प्रतिक्रिया, भारतीय चुनाव व्यवस्था पर कही बड़ी बात
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर कहा कि मतदाता सूची में बदलाव और जांच की प्रक्रिया के लिए सिर्फ चुनाव आयोग की कोशिश काफी नहीं है, बल्कि मतदाताओं का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि SIR करने के लिए न सिर्फ इलेक्शन कमीशन की हिम्मत चाहिए, बल्कि वोटर्स का भी सहयोग चाहिए। हमें वोटर्स से वह सहयोग बहुत मिला। बता दें कि हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने SIR की तारीफ की थी। इसके अलावा ज्ञानेश कुमार ने युवाओं को भारत की चुनाव व्यवस्था, लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें: 22 अगस्त Top News: राजनीति से कारोबार तक, देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरें एक साथ
20. यूपी के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान, योगी सरकार देगी एक लाख सरकारी नौकरियां
उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में प्रदेश के एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में अब तक 9.30 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि भर्तियों में पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर चयन को प्राथमिकता दी गई है। नए ऐलान के बाद यूपी के लाखों अभ्यर्थियों की नजर अब आने वाली भर्तियों और नियुक्ति प्रक्रिया पर है।





