1. टेलर के PAN पर ₹974 करोड़ का टैक्स नोटिस, आखिर किसने किया इतना बड़ा खेल?
राजस्थान के अजमेर जिले के गोविंदगढ़ निवासी 62 वर्षीय टेलर रेखराज ठाडा उस समय हैरान रह गए, जब उन्हें आयकर विभाग की ओर से 974.97 करोड़ रुपये की टैक्स रिकवरी का नोटिस मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति न तो किसी बड़ी कंपनी का मालिक है और न ही उसका करोड़ों रुपये का कारोबार है, फिर भी आयकर विभाग की ओर से उसे 974 करोड़ 97 लाख 25 हजार 457 रुपये की टैक्स देनदारी का नोटिस मिला। आयकर विभाग की ओर से भेजे गए नोटिस के अनुसार 13 अगस्त 2026 को उन्हें 20 अगस्त तक स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया था। नोटिस मिलने के बाद रेखराज ने मामले की जानकारी परिवार और परिचितों को दी। जांच कराने पर उनके पैन कार्ड के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया।
2. अरुणाचल में बाढ़ के तेज बहाव में लापता हुआ आजमगढ़ का जवान, परिवार में कोहराम
अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में भारी बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ में आजमगढ़ के रहने वाले सेना के हवलदार उपेंद्र यादव लापता हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पासु पानी सेना शिविर में 5वीं ग्रेनेडियर के दो शेल्टर तेज बहाव में बह गए, जिनमें सात जवान मौजूद थे। इनमें दो जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि उपेंद्र यादव समेत पांच जवान अभी लापता हैं। उपेंद्र यादव वर्ष 2005 में सेना में हवलदार के पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। परिवार के मुताबिक, 2007 में उनकी शादी हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। सेना की रेस्क्यू टीमें लापता जवानों की तलाश में जुटी हैं।
3. छोटे से देश में पूछताछ से भड़के भारतीय उद्यमी, बोले- ‘भारतीय पासपोर्ट रखने का दुख’
भारत के त्रिपुरा राज्य के बराबर आकार वाले दक्षिण पूर्व एशियाई देश तिमोर लेस्ते एक युवा भारतीय युवा उद्यमी के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। भारतीय उद्यमी मनोज अहिरवार ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि उन्हें तिमोर लेस्ते में लैंड करने के बाद भारतीय पासपोर्ट होने के नाते दूसरे देश के नागरिकों के मुकाबले ज्यादा पूछताछ की गई। मनोज अहिरवार ने कहा कि इमिग्रेशन अधिकारी उन्हें अलग ले गए और सवाल पर सवाल करते रहे। अहिरवार सिंगापुर में स्थित UniqueSide.io के संस्थापक हैं। मनोज का कहना है कि वह अब तक 20 देशों की यात्रा कर चुके हैं।
4. 200 मीटर गहरी खाई के ऊपर अटकी HRTC बस, बाल-बाल बची 40 यात्रियों की जान
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में HRTC बस के खाई गिरते-गिरते बची। भगेड़-पनौल मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास परिवहन निगम की एक बस गहरी खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। हादसे के वक्त बस में स्कूली बच्चे, कॉलेज के छात्र और रोजाना दफ्तर व अन्य कार्य से जाने वाले यात्री सवार थे। बता दें कि सुबह का समय होने के कारण बस यात्रियों से पूरी तरह पैक थी। टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर निगम की बस सड़क से बाहर चली गई और उसका आधा हिस्सा हवा में लटक गया। चीख-पुकार के बीच बस सड़क किनारे बने पैरापिट पर जाकर अटक गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन जल्द ही राहत की सांस ली गई जब यह स्पष्ट हुआ कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ें: राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र आज से, UCC समेत कई मुद्दों पर हंगामे के आसार
5. ‘मोदी सरकार का आखिरी दौर’, राहुल गांधी बोले- उत्तराधिकारी की तलाश शुरू
कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया है। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी का राजनीतिक दौर अब अंतिम चरण में है और उनके उत्तराधिकारी की तलाश भी शुरू हो चुकी है। उन्होंने केंद्र सरकार को बैकफुट पर बताते हुए कांग्रेस नेताओं से सरकार के खिलाफ ज्यादा आक्रामक रुख अपनाने की अपील की। राहुल गांधी ने बैठक में सरकार की नीतियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भी पार्टी की रणनीति पर चर्चा की।
6. प्रशांत महासागर से बढ़ रहा नया खतरा, भारत समेत कई देशों में भारी बारिश की आशंका
प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति तेजी से मजबूत होने की खबर ने दुनिया के मौसम को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन के मुताबिक उष्णकटिबंधीय प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का तापमान बढ़ रहा है और अगस्त से अक्टूबर के बीच अल नीनो के और मजबूत होने का अनुमान है। इसका असर दुनियाभर में तापमान और बारिश के पैटर्न पर पड़ सकता है। भारत में भी मानसून पर इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि देशभर में एक जैसी भारी बारिश होगी।
यह भी पढ़ें: आज की बड़ी खबरें: देश से दुनिया तक, खेल-मनोरंजन की तमाम हलचल
7. 8 देशों से गुजरकर साइकिल से तय किए 4000 KM, निशांत मेहता ने रचा इतिहास
हिसार के 46 वर्षीय साइकिलिस्ट निशांत मेहता ने नॉर्थकेप-4000 चुनौती पूरी कर खास उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इटली के रोवेरटो से नॉर्वे के नॉर्थ केप तक करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की और इस दौरान आठ देशों से होकर गुजरे। इस कठिन सफर में उन्हें बारिश, बर्फीली ठंड, तेज हवाओं और लंबी चढ़ाइयों का सामना करना पड़ा। इस अभियान में उन्होंने करीब 28,800 मीटर की कुल ऊंचाई भी चढ़ी। हिसार लौटने पर स्थानीय साइकिलिस्टों और शहरवासियों ने उनका स्वागत किया।
8. बैतरणी नदी के तटबंध में 50 फीट का कटाव, ओडिशा की 4 पंचायतों पर बाढ़ का खतरा
ओडिशा के केंद्रापाड़ा जिले के राजकनिका इलाके में बैतरणी नदी के तटबंध में करीब 50 फीट का कटाव होने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ रहा है और तटबंध के कमजोर हिस्से पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। कटाव बढ़ने की स्थिति में आसपास की चार पंचायतों के निचले इलाकों में पानी पहुंचने की आशंका है। बैतरणी नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए इलाके में पहले से ही सतर्कता बढ़ाई गई है। उत्तर ओडिशा में लगातार बारिश के चलते बैतरणी समेत कई नदियों का पानी बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनने लगी है। अधिकारियों की प्राथमिकता तटबंध को और कमजोर होने से रोकना और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित रखना है।
9. पटना से बेगूसराय तक EOU की छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति मामले में अफसर पर शिकंजा
बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। EOU की टीमों ने गुरुवार को पटना और बेगूसराय स्थित उनके तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। जांच एजेंसी के अनुसार, अजय कुमार सिंह ने अपनी ज्ञात आय से 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये यानी करीब 90.04 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है।
10. बांग्लादेश में आज राष्ट्रपति चुनाव, 35 साल बाद पहली बार सीधा मुकाबला
बांग्लादेश में आज गुरुवार को संसद सदस्य देश के 23वें राष्ट्रपति का चुनाव करेंगे। यह 35 वर्षों में पहली बार है जब राष्ट्रपति पद के लिए मतदान हो रहा है। संसद भवन में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक कुल 349 सांसद अपना वोट डाल सकेंगे। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, 8 अक्टूबर 1991 के बाद यह पहला राष्ट्रपति चुनाव है जिसमें एक से अधिक उम्मीदवार हैं। बता दें कि उस समय बीएनपी उम्मीदवार अब्दुर रहमान बिस्वास ने अवामी लीग के जस्टिस बदरुल हैदर चौधरी को हराया था। उसके बाद से संसदीय प्रणाली के तहत राष्ट्रपति चुनाव निर्विरोध होते रहे हैं। संसद में 350 सीटें हैं, जिनमें 300 सामान्य और महिलाओं के लिए 50 आरक्षित सीटें शामिल हैं। चटगांव-4 सीट खाली होने के कारण 349 सांसद मतदान करेंगे।
11. ‘पाकिस्तानी सेना की गोली का जवाब गोली से’, PoK नेता की खुली चेतावनी
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ चल रहे विरोध के बीच स्थानीय नेता सरदार अमान कश्मीरी ने पाकिस्तानी सेना को खुली चेतावनी दी है। नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि अगर सेना प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाती है तो अब “गोली का जवाब गोली से” दिया जाएगा। PoK में जारी आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच तनाव लगातार बढ़ा है।
यह भी पढ़ें: कम उतार-चढ़ाव में बेहतर रिटर्न का दावा, 31 अगस्त तक खुला रहेगा ये नया NFO
12. SBI ग्राहकों को झटका, 4 बार के बाद कैश निकालने पर लगेगा ₹15 चार्ज’
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD) खाताधारकों के लिए नया नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होने जा रहा है। इसके तहत महीने में पहले चार शुल्क विथड्रॉ मुफ्त रहेंगे, लेकिन पांचवीं और उसके बाद की हर निकासी पर 15 रुपये के साथ जीएसटी देना होगा। यह नियम सामान्य सेविंग अकाउंट के सभी ग्राहकों पर लागू नहीं है, बल्कि BSBD अकाउंट होल्डर्स के लिए है। बैंक की आधिकारिक सर्विस चार्जेज जानकारी में भी चार मुफ्त निकासी के बाद 15 रुपये + GST का शुल्क दर्ज है।
13. दिल्ली में ₹31.28 लाख में अपना घर, DDA करने जा रहा फ्लैट्स की नीलामी
दिल्ली में अपना घर खरीदने की चाह रखने वालों के लिए डीडीए ने द्वारका में 39 EWS फ्लैटों की ई-नीलामी का मौका दिया है। ये फ्लैट सेक्टर-19बी स्थित गोल्फ व्यू कॉन्डोस के टावर-एम में हैं और इनकी आरक्षित कीमत करीब 31.28 लाख रुपये रखी गई है। DDA के अनुसार, इस ई-नीलामी में गोल्फ व्यू कॉन्डोस के पात्र मौजूदा फ्लैट मालिक ही हिस्सा ले सकते हैं। नीलामी ऑनलाइन होगी और इसके लिए निर्धारित ईएमडी जमा करनी होगी। DDA की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इन 39 फ्लैटों की ई-नीलामी की जानकारी उपलब्ध है।
14. BPSC TRE 4 के नए नियमों पर हो सकता है U-Turn, निगेटिव मार्किंग पर बढ़ी हलचल
BPSC TRE-4 के नए नियमों को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई है। इस बार शिक्षक भर्ती परीक्षा में पहली बार प्री और मेन्स का पैटर्न लागू किया गया है। साथ ही गलत जवाब के साथ सवाल छोड़ने पर भी निगेटिव मार्किंग का प्रावधान रखा गया है। नए नियमों के मुताबिक प्रारंभिक परीक्षा में 150 सवाल होंगे और इसमें सामान्य अध्ययन पूछा जाएगा।TRE-4 के तहत 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती होनी है और आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर से शुरू होगी।
15. Jio का 98 दिन वाला प्लान, रोज 2GB डेटा समेत मिलेंगे ये बड़े फायदे
जियो का 999 रुपये वाला प्लान उन ग्राहकों के लिए अच्छा विकल्प है, जो लंबे समय तक रोजाना ज्यादा डेटा चाहते हैं। इस प्लान की वैधता 98 दिनों की है और इसमें हर दिन 2GB डेटा मिलता है। इसके साथ अनलिमिटेड कॉलिंग और रोजाना 100 SMS की सुविधा भी दी जाती है। यह प्लान खास तौर पर उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकता है जो वीडियो देखने, सोशल मीडिया और रोजाना इंटरनेट इस्तेमाल के लिए ज्यादा डेटा खर्च करते हैं।
यह भी पढ़ें: ईरान की मदद करने वालों पर ट्रंप की चेतावनी, तेहरान पर आर्थिक शिकंजा कसने की तैयारी
16. भारत में फिर एंट्री की कोशिश में Starlink, सैटेलाइट नेटवर्क के लिए नया आवेदन
एलन मस्क की कंपनी स्टरलिंक ने भारत में अपनी सैटेलाइट सर्विस को आगे बढ़ाने के लिए एक बार फिर नया आवेदन किया है। बता दें कि कंपनी ने भारत के स्पेस रेगुलेटर IN-SPACe के सामने अपनी जेन-2 सैटेलाइट कन्स्टेलेशन की मंजूरी के लिए आवेदन दोबारा जमा किया है। इस प्रस्ताव में करीब 30,000 सैटेलाइट का नेटवर्क शामिल है, जिसमें डायरेक्ट तो डिवाइस यानी D2D तकनीक भी होगी।
17. मानसून के बुखार में पेनकिलर लेना पड़ सकता है भारी, किडनी को ऐसे पहुंच सकता है नुकसान
मानसून के मौसम में बुखार होने पर बिना सलाह के पेनकिलर लेना नुकसानदेह हो सकता है, खासकर अगर बुखार डेंगू का हो। डेंगू में शरीर में पानी की कमी और बीमारी की दूसरी जटिलताओं के बीच कुछ दर्द निवारक दवाएं किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती हैं। बुखार और दर्द के लिए पैरासिटामोल को सामान्य तौर पर सुरक्षित विकल्प माना जाता है, लेकिन इसे भी डॉक्टर की सलाह और सही मात्रा में ही लेना चाहिए। सबसे बड़ी सावधानी यह है कि हर मानसूनी बुखार को सामान्य वायरल मानकर खुद से दवा शुरू न करें। उल्टी, तेज पेट दर्द, बहुत कमजोरी, पेशाब कम होना या शरीर से खून आने जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
18. श्वेता तिवारी की ड्रिंक में निकला कॉकरोच, वीडियो शेयर कर एक्ट्रेस ने उठाए सवाल
श्वेता तिवारी ने हाल ही में ऑनलाइन एनर्जी ड्रिंक ऑर्डर की थी। जब ऑर्डर खोला गया, तो उसमें कॉकरोच मिलने से एक्ट्रेस घबरा गईं। एक्ट्रेस ने वीडियो जारी कर महाराष्ट्र में फूड सेफ्टी कार्रवाई से चर्चा में बने हुए FDA ऑफिसर तुकाराम मुंढे से सवाल किया है। ऑफिशियल इंस्टाग्राम से शेयर किए गए वीडियो में श्वेता तिवारी ने कहा, ‘हमने इंस्टामार्ट से रेडबुल मंगवाया लेकिन इसके साथ कॉकरोच भी फ्री आया। अब वह कॉकरोच हमारे पूरे घर में भाग रहा है। बता दें कि श्वेता तिवारी के इस वीडियो को कॉकरोच जनता पार्टी से जोड़ा रहा है। इसके प्रोटेस्ट की श्वेता तिवारी ने कड़ी निंदा की थी।
यह भी पढ़ें: सीरिया पर हमले से पहले मोसाद चीफ की विदेश मंत्री से बात, तुर्की की सैन्य मौजूदगी पर उठे सवाल
19. ‘आवारापन 2’ का दुनियाभर में धमाल, 6 दिन में ₹150 करोड़ के पार पहुंची कमाई
इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के छठे दिन दुनियाभर में 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत में फिल्म की कमाई करीब 107.5 करोड़ रुपये नेट पहुंच गई है, जबकि दुनियाभर की कुल कमाई करीब 153 करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिल्म ने 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। आवारापन 2 की कमाई में छठे दिन थोड़ी गिरावट जरूर आई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने मजबूत पकड़ बनाए रखी। बुधवार को फिल्म ने भारत में करीब 6.75 करोड़ रुपये कमाए।
यह भी पढ़ें: आज की बड़ी खबरें: देश से दुनिया तक क्या रहा सुर्खियों में?
20. थाने में युवक ने पिया टॉयलेट क्लीनर, लापरवाही पर दरोगा और हेड कांस्टेबल सस्पेंड
कानपुर के नौबस्ता थाने में महिला उत्पीड़न की शिकायत पर पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक ने बाथरूम में रखा टॉयलेट क्लीनर पी लिया। युवक की हालत बिगड़ने पर उसे पहले कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस की लापरवाही को लेकर कार्रवाई की गई है। DCP साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने लापरवाही मिलने पर नाइट ड्यूटी अफसर दरोगा विकास गौड़ और हेड कांस्टेबल अरविंद सिंह को ससपेंड कर दिया।





