म्यूनिख एयरपोर्ट पर वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN34 बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची है। विमान के टेकऑफ के समय विमान के बीच भारी टर्बुलेन्स देखा गया। बताया जा रहा है कि उड़ान भरने से पहले दो बार विमान ने अपनी रफ्तार बदली। दूसरी बार रफ्तार घटने पर विमान काफी हद तक हवा में था और रनवे का सिर्फ एक चौथाई हिस्सा ही संपर्क में था। इसके बाद पायलट ने विमान को उड़ाना ठीक समझा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना 15 अगस्त की बताई जा रही है। हनोई जाने वाली वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN34 ने स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:45 बजे म्यूनिख से उड़ान भरी थी। विमान में 271 यात्री और 16 क्रू मेंबर सवार थे। टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या के संकेत मिलने पर पायलटों ने विमान को वापस म्यूनिख ले जाने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें: आज की बड़ी खबरें: देश से दुनिया तक क्या रहा सुर्खियों में?
टेकऑफ के दौरान दो बार कम हुई विमान की स्पीड
इस घटना का सबसे अहम पहलू विमान की टेकऑफ रन के दौरान स्पीड का असामान्य व्यवहार था। वियतनाम की सिविल एविएशन अथॉरिटी की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, Boeing 787-9 की स्पीड रनवे पर दौड़ते समय एक चरण में करीब दो सेकंड के लिए बढ़नी बंद हुई। इसके बाद विमान ने दोबारा गति पकड़ी, लेकिन आगे चलकर स्पीड में फिर गिरावट दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: विमल इलायची केस में शाहरुख-अजय-टाइगर की बढ़ीं मुश्किलें, जवाब से बचने पर ₹10 लाख तक जुर्माना
यह स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब विमान V1 स्पीड पार कर चुका था। V1 वह महत्वपूर्ण गति होती है जिसके बाद टेकऑफ रोकने के बजाय विमान को उड़ान जारी रखने का फैसला सामान्य तौर पर किया जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान रनवे के केवल करीब 91 मीटर हिस्से के शेष रहने पर हवा में उठा।
विमान के टेकऑफ का वीडियो सामने आ रहा है, जिसमें दिख रहा है कि टेकऑफ के दौरान विमान के पिछले हिस्से पर धूल का बड़ा बादल भी छा गया था। इसके अलावा टेकऑफ के तुरंत बाद विमान के टेल स्ट्राइक और टायर प्रेशर में कमी के संकेत मिले जिसके बाद क्रू मेंबर ने इसकी जानकारी ट्रैफिक कंट्रोल को दी और म्यूनिख लौटने का फैसला किया।
विमान पूरे 9000 फीट ऊपर पहुंच गया और सुरक्षित लैंडिंग करने के लिए पायलट टीम ने विमान से वजन कम करने के लिए प्लेन के फ्यूल टैंक को खाली करना शुरू कर दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान पूरे एक घंटे तक एयरपोर्ट के चक्कर काटता रहा इसी दौरान यात्रियों ने दोनों पंखों से तेल गिरते हुए देखा।
यह भी पढ़ें: आज की बड़ी खबरें: देश से दुनिया तक, खेल-मनोरंजन की तमाम हलचल
लैंडिंग के वक्त फट गए चार टायर
करीब दो घंटे बाद विमान म्यूनिख लौट आया। लेकिन मुश्किलें पूरी तरह खत्म नहीं हुई थीं। लैंडिंग के दौरान विमान के मुख्य लैंडिंग गियर के चार टायर फट गए। इसके बावजूद विमान रनवे पर सुरक्षित रुक गया। घटना के बाद विमान को अपने दम पर रनवे से हटाने में भी परेशानी हुई।
एयरपोर्ट के उत्तरी रनवे पर विमान के रुकने से संचालन प्रभावित हुआ और रनवे को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। एयरपोर्ट की गतिविधियों को दूसरे रनवे की ओर डायवर्ट करना पड़ा। विमान के उतरने के दौरान मुख्य लैंडिंग गियर के आसपास धुआं दिखाई देने की बात भी सामने आई। बाद की तस्वीरों और वीडियो में विमान के पिछले हिस्से तथा लैंडिंग गियर को नुकसान के संकेत दिखाई दिए।
घटना का सबसे राहत वाला पल वह था जब सारे यात्री सुरक्षित वापस लौट आए। लैंडिंग से पहले केबिन क्रू ने यात्रियों को ‘ब्रेस पोजीशन’ अपनाने का निर्देश दिया। विमान ने एयरपोर्ट के आसपास दो कम ऊंचाई के चक्कर भी लगाए, ताकि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर लैंडिंग गियर की स्थिति देख सकें। आखिरकार विमान ने स्थानीय समयानुसार दोपहर 3:57 बजे रनवे 26R पर सुरक्षित लैंडिंग की।





