अमेरिका एक बार फिर बंदूक हिंसा की चपेट में आ गया है। शनिवार और रविवार को महज एक दिन के अंतराल में देश के दो अलग-अलग राज्यों में गोलीबारी की गंभीर घटनाएं सामने आईं, जिनमें कल मिलाकर चार लोगों की जान चली गई और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए।
पहली घटना इदाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में हुई, जहां शनिवार दोपहर एक नए खुले इन-एन-आउट बर्गर रेस्टोरेंट पर अंधाधुंध फायरिंग हुई। हमलावर की पहचान 24 वर्षीय चैड विलियम्स के रूप में हई है, जो काली ड्रेस पहने रेस्टोरेंट के पार्किंग लॉट में पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।
इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हुए, जिनमें से कुछ की हालत गभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक हमलावर ने बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हमले के दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने अपनी हैंडगन से जवाबी फायरिंग कर हमलावर का ध्यान भटकाने की कोशिश की, जिसे कई और लोगों की जान बचाने वाला कदम माना जा रहा है।
पुलिस अब तक हमलावर की मंशा साफ नहीं कर पाई है और मामले की जांच जारी है। एफबीआई भी इस मामले की जांच में स्थानीय पुलिस की मदद कर रही है।
इसी बीच रविवार तड़के अमेरिका के ओरेगन राज्य के पोर्टलैंड शहर के कली इलाके में एक और गोलीबारी की घटना सामने आई। यहां एक घर में हो रही बड़ी पार्टी के दौरान अचानक गोलियां चलनी शुरू हो गईं, जिसमें 18 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि 15 साल के एक किशोर समेत पांच अन्य लोग घायल हुए।
यह भी पढ़ें: WSJ का दावा- ईरान पर नए हमले की तैयारी में अमेरिका, ट्रंप का एक्शन प्लान तैयार
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से मिले खोखे कारतूसों से पता चलता है कि आसपास के तीन ब्लॉक तक दर्जनों राउंड फायरिंग की गई थी। पुलिस को इस पार्टी की शिकायत पहले भी शोर-शराबे को लेकर मिली थी, जिसके बाद अधिकारी वहां पहुंचे भी थे, लेकिन ज्यादातर लोग मौके से चले गए थे। पुलिस के लौटने के कुछ ही घंटों बाद यह गोलीबारी हुई। अभी तक इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही पुलिस ने किसी संदिग्ध की पहचान जारी की है।
यह भी पढ़ें: ट्रोल्स पर भड़कीं कंगना रनौत, बोलीं- फिल्मों की क्लिप्स दिखाकर युवाओं को गुमराह मत करो
गन वायलेंस आर्काइव के मुताबिक, इस साल अब तक अमेरिका में इस तरह की सैकड़ों सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं, जो देश में बंदूक हिंसा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं। दोनों ही मामलों में जांच एजेंसियां अभी हमलावरों की मंशा और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई हैं।





