Khabar Mirror दोपहर बुलेटिन: 19 जून 2026 की देश, दुनिया और कारोबार की 20 बड़ी खबरें

देश, दुनिया, राजनीति, कारोबार, टेक्नोलॉजी और मनोरंजन जगत की बड़ी खबरों के साथ तैयार है ख़बर मिरर दोपहर बुलेटिन। जानिए 19 जून 2026 की 20 सबसे महत्वपूर्ण खबरें।

Palak Gupta

19 जून 2026

1 min read
24 जुलाई 2026 की बड़ी खबरें: राजनीति, बिजनेस, टेक, खेल और दुनिया की हर बड़ी अपडेट

1. कच्चे तेल की कीमत 80 डॉलर से नीचे, फिर भी क्यों नहीं सस्ते हो रहे पेट्रोल-डीजल? जानें बड़ी वजह

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ चुकी हैं, लेकिन इसका फायदा अभी आम लोगों को पेट्रोल-डीजल के दाम में नहीं मिल रहा। ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब तेल सस्ता हो रहा है तो ईंधन की कीमतें क्यों नहीं घट रहीं? विशेषज्ञों के मुताबिक, तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई अस्थायी गिरावट के आधार पर तुरंत कीमतों में बदलाव नहीं करतीं। कंपनियां पहले यह देखती हैं कि कच्चे तेल की कीमतें कितने समय तक नीचे बनी रहती हैं। यही वजह है कि क्रूड सस्ता होने के बावजूद फिलहाल पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर हैं।

2. Kathal Ke Beej Benefits: क्या आप भी फेंक देते हैं कटहल के बीज? जानिए इस्तेमाल करने के आसान तरीके और जबरदस्त फायदे

अक्सर लोग कटहल खाने के बाद उसके बीजों को बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि ये बीज भी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कटहल के बीजों में फाइबर, आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम और बी-कॉम्प्लेक्स विटामिन पाए जाते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाने, शरीर को ऊर्जा देने और हड्डियों को मजबूत रखने में मदद कर सकते हैं। कटहल के बीजों को उबालकर, भूनकर या सब्जी और स्नैक्स में मिलाकर खाया जा सकता है। इन्हें पीसकर आटे में भी मिलाया जाता है। सही तरीके से पकाकर इस्तेमाल करने पर कटहल के बीज स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकते हैं।

3. बागपत में 600 किलो नकली पनीर बरामद, प्रशासन ने गड्ढा खोदकर नष्ट किया पूरा स्टॉक

उत्तर प्रदेश के बागपत में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 600 किलो संदिग्ध नकली पनीर बरामद किया है। जांच के दौरान पनीर की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने के बाद इसे लोगों की सेहत के लिए खतरनाक माना गया। अधिकारियों ने पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे और पूरे स्टॉक को बाजार में पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया। प्रशासन ने जब्त किए गए पनीर को दोबारा इस्तेमाल या बिक्री से रोकने के लिए गड्ढा खोदकर दफन कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

4. मुंह में सिगरेट, कंधे पर एक्ट्रेस… खेसारी लाल यादव का नया रोमांटिक वीडियो वायरल, फैन्स बोले- ‘तबाही’

भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह बनी हैं एक्ट्रेस डिंपल सिंह के साथ उनकी वायरल तस्वीरें। सोशल मीडिया पर सामने आई इन फोटोज में दोनों की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। कुछ तस्वीरों में खेसारी सिगरेट वाला लुक लिए नजर आ रहे हैं, वहीं डिंपल सिंह भी अलग अंदाज में दिखाई दे रही हैं। दोनों की तस्वीरों पर फैन्स जमकर प्यार लुटा रहे हैं और कमेंट सेक्शन में ‘तबाही’, ‘गर्दा उड़ा दिया’ जैसे रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। ये फोटो खेसारी और डिंपल सिंह के एक अपकमिंग म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के दौरान ली गई हैं। तस्वीरों में दिख रही रोमांटिक केमिस्ट्री ने रिलीज से पहले ही फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है और अब लोग इस नए प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे हैं।

5. अजय देवगन की फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर भिड़ेगा ‘डोरेमोन’, किसके सिर सजेगा जीत का ताज?

डोरेमोन द मूवी: न्यू नोबिता एंड द कैसल ऑफ द अंडरसी डेविल’ 2 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि इसी दिन अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म दृश्यम 3 भी रिलीज हो रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर एक दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। एक तरफ जहां दृश्यम 3 थ्रिलर और सस्पेंस पसंद करने वाले दर्शकों को आकर्षित करेगी, वहीं डोरेमोन की फिल्म बच्चों और फैमिली ऑडियंस को सिनेमाघरों तक खींच सकती है।

6. थरवई में अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला गंभीर घायल, इलाज के लिए सोरांव अस्पताल में भर्ती

प्रयागराज के थरवई क्षेत्र में सड़क हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि महिला सड़क किनारे जा रही थी, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए सोरांव अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

7. प्रयागराज के मेजा में मोहर्रम की तैयारियां तेज, ताजिया निर्माण और कर्बला स्थलों की साफ-सफाई शुरू

प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में मोहर्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न मोहल्लों और गांवों में ताजिया बनाने का काम जोरों पर चल रहा है, जबकि कर्बला स्थलों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। स्थानीय कमेटियां और समुदाय के लोग मिलकर तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रशासन भी मोहर्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जरूरी इंतजामों पर नजर बनाए हुए है। आने वाले दिनों में ताजियों की सजावट और धार्मिक कार्यक्रमों की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।

8. घूरपुर में बुजुर्ग ने घर में फांसी लगाकर दी जान, पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

प्रयागराज के घूरपुर क्षेत्र में एक बुजुर्ग का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

9. नहरों में पानी न मिलने से सूख रही धान की नर्सरी, पिचिंग कार्य से किसान परेशान, फसल उत्पादन पर संकट

धान की रोपाई का समय नजदीक है, लेकिन नहरों में पानी नहीं आने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई इलाकों में धान की नर्सरी सूखने लगी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान का डर सता रहा है। किसानों का कहना है कि नहरों में चल रहे पिचिंग कार्य की वजह से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है और इसका सीधा असर खेती पर पड़ रहा है। अगर जल्द पानी नहीं छोड़ा गया तो धान की फसल का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। किसान प्रशासन और सिंचाई विभाग से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि समय पर सिंचाई नहीं मिलने से खेती की लागत बढ़ेगी और पैदावार घटने की आशंका भी बढ़ जाएगी।

10. कौड़िहार ब्लॉक में योग अभ्यास अभियान शुरू, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं समेत कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर कौड़िहार ब्लॉक में योग अभ्यास कार्यक्रम शुरू हो गया है। इस अभियान में आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ब्लॉक कर्मचारी और अन्य लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। योग प्रशिक्षकों की देखरेख में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। आयोजकों के अनुसार यह अभ्यास 21 जून तक लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

11. 35 दिन बाद कब्र से निकाला गया हिंदू युवती का शव, मां ने लगाया हत्या का आरोप, प्रयागराज का मामला चर्चा में

प्रयागराज में एक युवती का शव दफनाए जाने के 35 दिन बाद कब्र से बाहर निकाला गया। मामला उस समय चर्चा में आया जब युवती की मां ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का दावा है कि प्रयागराज के रहने वाले एक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर युवती से शादी की थी और बाद में उसकी मौत हो गई। मां का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत स्वाभाविक नहीं थी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रशासन की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम और अन्य जांच प्रक्रिया के लिए भेजा गया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

12. प्रयागराज में लेखपाल पर गर्भवती महिला पर ईंट से हमला करने का आरोप, गंभीर हालत में ICU में भर्ती, वीडियो वायरल

प्रयागराज में एक गर्भवती महिला पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक लेखपाल ने विवाद के दौरान महिला के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद महिला लहूलुहान हालत में मदद के लिए चीखते हुए भागती नजर आई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ICU में भर्ती किया गया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

13. 7 किमी क्षेत्र के दर्जनों गांवों में तेंदुए का आतंक, रातभर लाठी-टॉर्च लेकर पहरा दे रहे ग्रामीण

प्रयागराज के कई ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि करीब 12 गांवों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि शाम होते ही लोग घरों के दरवाजे बंद कर लेते हैं और बच्चों को बाहर निकलने से रोक दिया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए को कई बार खेतों और आबादी के आसपास देखा जा चुका है। तेंदुए के डर से गांवों में रात के समय पहरेदारी भी शुरू हो गई है। ग्रामीण लाठी और टॉर्च लेकर समूह में निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

14. प्रयागराज बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर, पारा 45°C पहुंचा, हीट वेव अलर्ट से बढ़ी चिंता

प्रयागराज में भीषण गर्मी का केहर लगातार जारी है। शहर का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके साथ ही प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। मौसम विभाग ने हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है और लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। लगातार बढ़ती गर्मी ने आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों और मजदूरों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।

15. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले प्रयागराज में यमुना नदी में तैराकों ने किया अनोखा जल योग प्रदर्शन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले प्रयागराज में योग का अनोखा नजारा देखने को मिला। यमुना नदी में तैराकों ने जल योग का प्रदर्शन करते हुए लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने पानी के भीतर और पानी की सतह पर विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। तैराकों ने अंडरवाटर योग के साथ-साथ बैक फ्लोटिंग और फ्रंट फ्लोटिंग योग का भी प्रदर्शन किया। आयोजकों का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति लोगों को जागरूक करना और उसके महत्व को नए अंदाज में प्रस्तुत करना है।

16. प्रयागराज के सिद्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में गंदगी से लोगों में नाराजगी, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रयागराज के सिद्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में फैली गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले लोगों का कहना है कि परिसर के कई हिस्सों में कूड़ा और गंदगी जमा होने से धार्मिक स्थल की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों ने साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए जिम्मेदार विभागों से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मंदिर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर नियमित सफाई और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

17. जेडी वेंस की इसराइल को सख्त चेतावनी, बोले- दुनिया में बचे अपने सबसे करीबी दोस्त पर हमला मत करो

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का एक बयान अंतरराष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने इसराइल को सलाह देते हुए कहा कि उसे ऐसे कदमों से बचना चाहिए, जिससे उसका सबसे अहम सहयोगी अमेरिका नाराज हो। वेंस ने संकेत दिया कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में दोनों देशों के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। उनके इस बयान को अमेरिका और इसराइल के बीच चल रहे कूटनीतिक संवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वेंस का यह संदेश दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी बनाए रखने और क्षेत्रीय तनाव को नियंत्रित रखने की जरूरत को दर्शाता है।

18. NEET Paper Leak Case: केंद्र ने हाईकोर्ट में Telegram पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- ‘यह नया डार्क वेब बनता जा रहा है’

NEET पेपर लीक मामले से जुड़ी सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट में केंद्र सरकार ने टेलीग्राम को लेकर कड़ी टिप्पणी की। सरकार का कहना है कि प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल लगातार पेपर लीक, अवैध गतिविधियों और संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए किया जा रहा है। इसी दौरान केंद्र ने अदालत में कहा कि टेलीग्राम धीरे-धीरे “नया डार्क वेब” बनता जा रहा है, जहां ऐसे नेटवर्क आसानी से सक्रिय हो रहे हैं जिन्हें ट्रैक करना मुश्किल होता है। केंद्र सरकार ने अदालत के सामने प्लेटफॉर्म की जवाबदेही और निगरानी बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया है ।

19. Stock Market Crash: शेयर बाजार में मची भारी बिकवाली, IT स्टॉक्स में बड़ी गिरावट से सेंसेक्स 800 अंक लुढ़का

शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत निवेशकों के लिए झटके भरी रही। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बढ़ गया और सेंसेक्स करीब 800 अंक तक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी भी 24,000 के स्तर के नीचे फिसल गया। सबसे ज्यादा दबाव आई टी सेक्टर में देखने को मिला, जहां इंफोसिस , TCS, HCLTech और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी आई टी कंपनी Accenture के कमजोर आउटलुक के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ी है, जिसका असर भारतीय आई टीकंपनियों पर भी दिखाई दिया है।

यह भी पढ़ें: 20 सांसद और 60 विधायक छोड़ने की चर्चा, फिर भी ममता को मिला बड़ा समर्थन

20. राम मंदिर चंदा चोरी मामले में बड़ा खुलासा, टिन्नू यादव ने लिए दो नाम, VIP पास को लेकर उठे सवाल

अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच के दौरान टिन्नू यादव ने दो ऐसे लोगों के नाम बताए हैं, जिनकी भूमिका को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। इनमें से एक व्यक्ति का श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कोई आधिकारिक पद नहीं होने के बावजूद उसे वीआईपी पास जारी किए जाने की बात भी चर्चा में है। मामले को लेकर जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। चंदा और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद पहले ही एसआईटी जांच शुरू हो चुकी है। इस बीच सामने आए नए दावों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। हालांकि, जांच अभी जारी है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Palak Gupta
लेखक परिचय
Palak Gupta
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate,…और पढ़ें
Palak Gupta is pursuing a Bachelor's in Journalism and Media Management and works as a News Writer at Khabar Mirror. She specializes in accurate, credible, and reader-centric reporting, driven by a commitment to ethical journalism and continuous professional growth.