हरियाणा के हांसी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बहादुरगढ़ के पास एक महिला की उसके पति के सामने कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ वेलेंटाइन डे मनाकर वापस गुरुग्राम लौट रही थी, तभी रास्ते में उस पर हमला हुआ।
मृतका की पहचान महक के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम में एचडीएफसी बैंक में कार्यरत थी। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे महक अपने पति अंशुल के साथ हिसार से गुरुग्राम के लिए निकली थी। रात करीब 11 बजे अंशुल ने पुलिस को फोन कर पत्नी की हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महक की गर्दन पर कैंची जैसे धारदार हथियार से वार किया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, जांच के शुरुआती चरण में पुलिस को कुछ परिस्थितियां संदिग्ध लगी हैं, जिसके चलते पति से भी पूछताछ की जा रही है।
महक और अंशुल की शादी पिछले साल सितंबर में अरेंज मैरिज के तहत हुई थी। अंशुल गुरुग्राम में सीए के तौर पर काम करता है। बताया जा रहा है कि महक गर्भवती भी थी, जिससे यह मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। घटना की जानकारी अंशुल के पिता रमेश धवन ने महक के परिवार को दी।
महक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता कृष्ण कथूरिया हांसी की सब्जी मंडी में काम करते हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें पूरी सच्चाई सामने आने और दोषियों को सख्त सजा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: एंटीबायोटिक दवाओं का गलत निस्तारण बढ़ा सकता है AMR खतरा, गाजियाबाद में डॉक्टर की चेतावनी
पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड, फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कई अहम तथ्यों के सामने आने की संभावना है। फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।










