टेक दिग्गज APPLE ने साल 2026 के अपने पहले बड़े इवेंट की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह इवेंट 4 मार्च को आयोजित होगा और भारतीय समयानुसार शाम करीब 7:30 बजे शुरू होगा। इस बार कंपनी कई नए और किफायती प्रोडक्ट पेश कर सकती है, जिनमें अब तक का सबसे सस्ता मैकबुक, नया बजट आईफोन 17e और अपडेटेड आईपैड शामिल हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा नए मैकबुक को लेकर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, APPLE पहली बार अपने लैपटॉप में एम सीरीज की जगह आईफोन में इस्तेमाल होने वाली ए सीरीज चिप दे सकता है। माना जा रहा है कि इसमें ए19 या उससे जुड़ी चिप का इस्तेमाल हो सकता है।
यह मैकबुक खास तौर पर स्टूडेंट्स और ऑफिस में सामान्य काम करने वाले यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसकी संभावित कीमत 70 से 80 हजार रुपये के बीच हो सकती है, जो APPLE के लैपटॉप सेगमेंट में सबसे किफायती विकल्प साबित हो सकती है।
इवेंट के लिए भेजे गए इन्विटेशन कार्ड में APPLE का लोगो पीले, हरे और नीले जैसे ब्राइट रंगों में दिखाया गया है। इससे संकेत मिलते हैं कि नया मैकबुक कई आकर्षक रंगों में लॉन्च हो सकता है, ताकि युवा यूजर्स को लुभाया जा सके।
इसी इवेंट में APPLE अपने बजट आईफोन लाइनअप में आईफोन 17e भी पेश कर सकता है। उम्मीद है कि इसमें आईफोन 17 जैसी ए19 चिप दी जाएगी, जिससे इसकी परफॉर्मेंस पहले के मॉडल से बेहतर होगी। फोन में 6.1 इंच की ओएलईडी डिस्प्ले मिलने की संभावना है। खास बात यह हो सकती है कि इस सीरीज में पहली बार मैगसेफ चार्जिंग का सपोर्ट दिया जाए। भारत में इसकी शुरुआती कीमत करीब 60 हजार रुपये हो सकती है।
आईपैड यूजर्स के लिए भी यह इवेंट खास रहने वाला है। कंपनी आईपैड एयर को एम4 चिप के साथ अपडेट कर सकती है, जिससे इसकी स्पीड और ग्राफिक्स परफॉर्मेंस बेहतर होगी।
साथ ही 12वीं जनरेशन का बेस मॉडल आईपैड भी लॉन्च हो सकता है, जिसमें पहली बार APPLE इंटेलिजेंस यानी एआई फीचर्स का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा लंबे समय से चर्चा में चल रहे स्टूडियो डिस्प्ले का नया वर्जन भी पेश किया जा सकता है।
APPLE इंटेलिजेंस को लेकर भी कंपनी बड़ी घोषणा कर सकती है। सिरी का नया एआई अवतार ज्यादा स्मार्ट और तेज होने की उम्मीद है। यह यूजर्स के सवालों का बेहतर जवाब देने और डिवाइस के इस्तेमाल को आसान बनाने में मदद करेगा।
इस बार इवेंट का फॉर्मेट भी खास है। मुख्य कार्यक्रम न्यूयॉर्क में होगा, जबकि लंदन और शंघाई में भी प्रेस के लिए अलग से आयोजन किए जाएंगे। कंपनी इसे इवेंट की जगह एक्सपीरियंस कह रही है, यानी वहां मौजूद लोग नए गैजेट्स को तुरंत इस्तेमाल करके देख सकेंगे।
यह भी पढ़ें: जॉर्डन की रानी रानिया के स्वागत में अंबानी परिवार का शाही अंदाज, स्कर्ट में आईं बहू-बेटी – नीता अंबानी साड़ी में
कुल मिलाकर, 4 मार्च का यह इवेंट APPLE यूजर्स के लिए कई नए और किफायती विकल्प लेकर आ सकता है। अब देखना होगा कि कंपनी इन संभावित प्रोडक्ट्स में से किन्हें आधिकारिक तौर पर लॉन्च करती है।










